×

Lok Sabha Election Result 2024: देश के टॉप नेताओं का कैसा रहा प्रदर्शन? यहां देखें पूरी लिस्ट

Lok Sabha Election 2024 Result: देश के वो टॉप नेता जो इस लोकसभा में चर्चा में रहे। जिनकी सीट हाईप्रोफाइल बनी रही। आइए, जानते हैं आखिर उन्होंने इस चुनाव में कैसा प्रदर्शन किया।

Aniket Gupta
Published on: 4 Jun 2024 6:02 PM GMT (Updated on: 4 Jun 2024 6:08 PM GMT)
Lok Sabha Election Result 2024: देश के टॉप नेताओं का कैसा रहा प्रदर्शन? यहां देखें पूरी लिस्ट
X

Lok Sabha Election 2024 Result: देश में लोकसभा चुनाव का महापर्व आज की मतगणना के बाद समाप्त हो गया है। कुल 7 चरणों में देश में 18वीं लोकसभा चुनाव का आयोजन हुआ। इस लोकसभा चुनाव में कई ऐसे दिग्गज नेता ने अपनी सीट गंवा दी। कई नेताओं ने प्रचंड बहुमत हासिल किया। आज हम देश के उन टॉप नेताओं के इस लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन को देखेंगे, जो किसी न किसी वजह से चुनाव के दौरान चर्चा में रहे। इन टॉप नेताओं की लिस्ट में गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, राहुल गांधी समेत कई दिग्गज नेता शामिल हैं।

नरेंद्र मोदी


पीएम नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार वाराणसी लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की है। लेकिन उनका अधिक रिकॉर्ड मतों से जीत का सपना चूर हो गया है। पीएम मोदी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व उम्मीदवार अजय राय को 1,52,513 वोट से हराकर जीत दर्ज की है। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2019 में 4,79,505 और 2014 में 3,71,784 वोट से जीत दर्ज की थी।

अमित शाह

गुजरात की गांधीनगर सीट से बीजेपी उम्मीदवार अमित शाह ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने कुल 744716 वोटों से कांग्रेस उम्मीदवार सोनल पटेल को पीछे छोड़ा है। बीजेपी प्रत्याशी अमित शाह को कुल 1010972 वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सोनल पटेल को कुल 266256 वोट मिले। गुजरात की गांधीनगर सीट देश की सबसे चर्चित सीटों में से एक है। गांधीनगर सीट बीजेपी के गढ़ के रूप में जानी जाती है। इस सीट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दूसरी बार चुनावी मैदान में थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी यहां से लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। पिछले यानी 2019 के आम चुनाव में अमित शाह ने पहली बार यहीं से लोकसभा चुनाव लड़ा था। तब उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. सीजे चावड़ा को रिकॉर्ड 5,57,014 मतों से हराया था। इस बार के चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी अमित शाह के सामने कांग्रेस ने सोनल पटेल को उतारा था। गांधीनगर सीट पर तीसरे चरण के तहत 7 मई को मतदान हुआ था। गांधीनगर में कुल 19,45,772 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 10,04,291 और महिला मतदाता की संख्या 9,41,434 हैं।

नितिन गडकरी

महाराष्ट्र के नागपुर लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार नितिन गडकरी ने भारी मतों के अंतर से चुनाव जीता है। उन्होंने कांग्रेस के विकास ठाकरे को मात दी है। नितिन गडकरी को कुल 655027 वोट पड़े। वहीं कांग्रेस के विकास ठाकरे को कुल 517424 वोट मिले। नागपुर सीट पर इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। महाराष्ट्र की नागपुर सीट की गिनती वीआईपी सीटों में होती है। इस सीट से बीजेपी नेता नितिन गडकरी वर्तमान सांसद हैं। 2014 से लगातार नितिन गडकरी इस सीट से सांसद चुने जाते रहे हैं। मोदी सरकार के कार्यकाल में नितिन गडकरी के कामों का लोहा विपक्ष के लोग भी मानते हैं। नागपुर लोकसभा सीट पर पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को मतदान हुआ है। पिछले लोकसभा चुनाव में यानी 2019 में बीजेपी उम्मीदवार नितिन गडकरी ने कांग्रेस प्रत्याशी नानाभाऊ फाल्गुनराव पटोले को पटखनी देते हुए जीत दर्ज की थी। नागपुर सीट पर कुल 2161096 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाता 1097087 हैं और महिला मतदाताओं की संख्या 1063932 हैं।

राहुल गांधी


अमेठी लोकसभा सीट पर 2019 में हार का सामना करने के बाद 2024 में राहुल गांधी रायबरेली से चुनावी मैदान में उतरे थे। यहां से उनकी मां सोनिया गांधी सांसद हुआ करतीं थीं। लेकिन राजस्थान से राज्यसभा जाने के बाद उन्होंने यह सीट छोड़ दी थी। राहुल गांधी को कुल 687649 वोट प्राप्त हुए हैं। वहीं बीजेपी उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह को कुल 297619 वोट मिले। गिनती के बीच ही भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह ने अपनी हार मान ली। उन्होंने फेसबुक पर लिखा- देवतुल्य जनता से माफी मांगता हूं।

अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस बार के चुनाव में बड़े चेहरे बनकर उभरे हैं। उन्होंने अपनी विरासत की सीटों के अलावा कांग्रेस के भी विरासत की सीटों को जीताने का काम किया है। अखिलेश यादव ने कन्नौज लोकसभा सीट से भाजपा के सुब्रत पाठक को 1.70 लाख वोट से हराकर जीत दर्ज की है। उनके जीत का वोट मार्जिन पीएम मोदी से भी अधिक है।

ओवैसी


तेलंगाना के हैदराबाद सीट से एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी प्रत्याशी माधवी लता को पटखनी देते हुए जीत दर्ज की है। ओवैसी को कुल 661981 मिले हैं। वहीं बीजेपी की माधवी लता के खाते में 323894 वोट पड़े। हैदराबाद लोकसभा सीट भी वीआईपी सीटों में आती है। यहां से वर्तमान सांसद एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी हैं। भाजपा ने इस बार पिछले उम्मीदवार को बदल दिया है। इस बार भाजपा ने माधवी लता पर भरोसा जताते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है। हैदराबाद सीट पर इस बार चौथे चरण के तहत 13 मई को मतदान हुआ। पिछले लोकसभा चुनाव में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार डॉ. भगवंत राव पवार को पटखनी दी थी। हैदराबाद लोकसभा सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 1957931 हैं। जिसमें से पुरुष मतदाता 1012522 हैं और महिला मतदाता 945277 हैं।

स्मृति ईरानी

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने 1,61,266 वोट से करारी शिकस्त दी है। कांग्रेस के 'चाणक्य' कहे जाने वाले किशोरी लाल शर्मा पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। अभी तक वे परदे के पीछे रणनीति बनाते थे। पहली बार में ही उन्होंने भाजपा की मजबूत उम्मीदवार स्मृति को हराकर खुद को सच में 'चाणक्य' साबित कर दिया। स्मृति ने केएल शर्मा को शुरू से आखिरी तक हल्के में लिया, लेकिन राहुल-प्रियंका ने जो स्ट्रैटेजी बनाई, आखिर वह कामयाब रही। अमेठी के लोगों का 5 साल में स्मृति ने भरोसा खो दिया था। अमेठी के मतदाता का अंडर करंट समझने में भाजपा पूरी तरह चूक गई।

रविंद्र भाटी

राजस्थान की बाड़मेर लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मेदा राम बेनीवाल ने जीत दर्ज की है। बेनीवाल को कुल 704676 वोट पड़े। वहीं दूसरे स्थान पर रहे निर्दलीय उम्मीदवार रविंद्र सिंह भाटी को कुल 586500 वोट प्राप्त हुए। दोनों में वोटों का अंतर कुल 118176 वोटों का रहा। बाड़मेर लोकसभा सीट 2024 के चुनाव में इसलिए चर्चा में है, क्योंकि यहां 26 साल के निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने इस सीट पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी को चुनावी मैदान में उतारा। वहीं कांग्रेस ने आरएलपी से आए उम्मेदाराम बेनीवाल को अपना प्रत्याशी बनाया। बाड़मेर सीट पर 1957 से 2014 तक हुए कुल 15 लोकसभा चुनाव में 9 बार कांग्रेस का कब्जा रहा, जबकि 2 बार बीजेपी, 1 बार निर्दलीय, 1 बार बीएलडी, 1 बार आरआरपी और 1 बार जनता दल ने इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। फिलहाल कर्नल सोनाराम चौधरी यहां से बीजेपी के सांसद हैं।

कंगना रनौत


हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से बीजेपी प्रत्याशी कंगना रनौत ने जीत दर्ज की है। कंगना रनौत को कुल 537022 वोट प्राप्त हुआ। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह दूसरे स्थान पर रहे। विक्रमादित्य सिंह को कुल 462267 प्राप्त हुए हैं। देश भर में 'छोटी काशी' के नाम से चर्चित हिमाचल प्रदेश की ‘मंडी’ सीट पर देशभर की निगाहें टिकी हुई थीं। कंगना का मुकाबला कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह से था जो पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। पहले कंगना रनौत की उम्मीदवारी और फिर उनको लेकर 'मंडी' पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद यह सीट पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई। पीएम मोदी ने भी कंगना रनौत के लिए मंडी लोकसभा क्षेत्र में प्रचार किया। उन्होंने 24 मई को मंडी में एक जनसभा को संबोधित किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने कंगना रनौत पर विवादित टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि यह मंडी, छोटी काशी, हिमाचल और हिमाचल की हर बेटी का अपमान है। मंडी लोकसभा सीट पर सातवें व अंतिम चरण के तहत 1 जून को वोटिंग हुई। मंडी में 73 फीसदी से अधिक वोटर्स ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मनोज तिवारी

उत्‍तर पूर्वी दिल्‍ली लोकसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी मनोज तिवारी ने एक बार फिर वापसी करते हुए जीत दर्ज की है। दूसरे स्थान पर रहे कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार। बीजेपी प्रत्याशी मनोज तिवारी को कुल 824451 वोट प्राप्त हुए। वहीं कन्हैया कुमार को कुल 685673 वोट हासिल हुए हैं। उत्‍तर पूर्वी दिल्‍ली लोकसभा सीट भी इस बार खूब चर्चे में रही। इस सीट पर दो पूर्वांचली के बीच टक्कर था। उत्‍तर पूर्वी दिल्‍ली लोकसभा सीट पर इस बार 62.89 प्रतिशत मतदान हुआ। दिल्‍ली में सबसे अधिक इसी सीट पर वोटिंग हुई है। पूर्वी दिल्‍ली लोकसभा सीट में बदरपुर, बुराड़ी, घोंडा, गोकुलपुरी, करावल नगर, मुस्‍तफाबाद, रोहताश नगर, सीलमपुर, सीमा पुरी और तिमारपुर क्षेत्र शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में इस बार वोटिंग अच्छी हुई है। पिछले लोकसभा चुनाव में इस सीट से बीजेपी प्रत्याशी मनोज तिवारी ने दिल्‍ली की पूर्व मुख्‍यमंत्री शीला दीक्षित को बड़े अंतराल से हराया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट से मनोज तिवारी को 7,87,799 वोट, वहीं कांग्रेस की शीला दीक्षित को 4,21,697 वोट मिले थे। आम आदमी पार्टी ने भी इस सीट पर दिलीप पांडे को अपने उम्‍मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतारा था, जिन्‍हें 1,90,856 वोट मिले थे।

राजनाथ सिंह


लखनऊ लोकसभा सीट पर केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सपा के रविदास मेहरोत्रा को 1,35,159 वोट से हराकर जीत दर्ज की है। लेकिन यह जीत का मार्जिन पिछली बार से कम रहा। लोकसभा चुनाव 2019 में उन्होंने 3,47,302 और 2014 में 2,72,749 वोट से जीत दर्ज की थी। इस बार का यह चुनाव भाजपा के लिए मंथन करने वाला है।

अरुण गोविल


मेरठ लोकसभा सीट पर भाजपा के अरुण गोविल ने सपा के सुनीता वर्मा को 10 हजार से अधिक वोटों से हराकर जीत दर्ज की है। इस चुनाव में अरुण गोविल अपने आप को राम के रूप में जनता के सामने पेश कर रहे थे। वहीं विपक्ष उनको बाहरी होने का आरोप लगा रहा था। लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा यहां से 4,729 और 2014 में 2,32,326 वोट से जीत दर्ज की थी।

Aniket Gupta

Aniket Gupta

Senior Content Writer

Aniket has been associated with the journalism field for the last two years. Graduated from University of Allahabad. Currently working as Senior Content Writer in Newstrack. Aniket has also worked with Rajasthan Patrika. He Has Special interest in politics, education and local crime.

Next Story