×

Lok Sabha Election: झारखंड में INDIA गठबंधन में सीट बंटवारे पर सहमति, आधी पर लड़ेगी कांग्रेस, झामुमो को मिलीं पांच सीटें

Lok Sabha Election 2024: झारखंड मुक्ति मोर्चा के हिस्से में पांच सीटें आई हैं। इंडिया गठबंधन में शामिल दो अन्य दलों राष्ट्रीय जनता दल को और भाकपा को एक-एक सीट देने का फैसला किया गया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 21 March 2024 5:26 AM GMT
Lok Sabha Election: झारखंड में INDIA गठबंधन में सीट बंटवारे पर सहमति, आधी पर लड़ेगी कांग्रेस, झामुमो को मिलीं पांच सीटें
X

झारखंड में INDIA गठबंधन में सीट बंटवारे पर सहमति   (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: झारखंड में लंबी कवायद के बाद इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। झारखंड में लोकसभा की 14 सीटें हैं और इनमें से सात सीटें कांग्रेस को देने पर सहमति बनी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के हिस्से में पांच सीटें आई हैं। इंडिया गठबंधन में शामिल दो अन्य दलों राष्ट्रीय जनता दल को और भाकपा (माले) को एक-एक सीट देने का फैसला किया गया है। राष्ट्रीय जनता दल चतरा लोकसभा क्षेत्र में अपना उम्मीदवार उतारेगा जबकि भाकपा (माले) के हिस्से में कोडरमा सीट आई है।

झारखंड में पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने अपनी ताकत दिखाते हुए 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा ने इस बार भी राज्य में पूरी ताकत लगा रखी है और ऐसे में इंडिया गठबंधन के लिए चुनावी राह आसान नहीं मानी जा रही है।

कांग्रेस की सियासी राह आसान नहीं

जानकार सूत्रों का कहना है कि राजधानी दिल्ली में हुई कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के दौरान झारखंड में सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर मुहर लगा दी गई। सीट शेयरिंग इस फार्मूले में कांग्रेस आधी सीटें झटकने में कामयाब रही है। हालांकि झारखंड में कांग्रेस की सियासी रहा है इस बार आसान नहीं मानी जा रही है।

2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस झारखंड में सिर्फ एक सीट जीतने में कामयाब हुई थी। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा ने एक सीट जीतकर कांग्रेस की लाज बचाई थी मगर गीता कोड़ा अब भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। ऐसे में कांग्रेस को इस बार राज्य में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।

सीता सोरेन के इस्तीफे से झामुमो को झटका

झारखंड मुक्ति मोर्चा को भी इस बार राज्य में अपनी ताकत दिखाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। झामुमो के संस्थापक शिबू सोरेन की बड़ी बहू और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन ने हाल में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज झारखंड की जनता बदलाव के मूड में दिख रही है। झारखंड को झुकना नहीं बल्कि बचाना है और इसीलिए मैंने भाजपा और मोदी जी के विशाल परिवार के सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि मेरे पति का सपना पूरा होगा।

उन्होंने दावा किया कि झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर इस बार कमल खिलेगा। सीता सोरेन के इस्तीफे के बाद सोरेन कुनबे में जंग छिड़ गई है। हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और सीता सोरेन के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली है।

दुमका सीट पर हो सकती है दिलचस्प जंग

जानकार सूत्रों का कहना है कि सीता सोरेन के भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें दुमका लोकसभा सीट से चुनावी अखाड़े में उतारा जा सकता है। यदि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सीता सोरेन को दुमका से लड़ाने का फैसला किया तो भाजपा प्रत्याशी सुनील सोरेन का पत्ता साफ हो जाएगा।

सीता सोरेन के भाजपा में शामिल होने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से दुमका सीट को लेकर विशेष रूप से मंथन किया जा रहा है। राज्य में चल रही चर्चाओं के मुताबिक इस सीट को सुरक्षित करने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन या पार्टी के संस्थापक शिबू सोरेन पर दुमका सीट पर दांव लगा सकता है। ऐसे में दुमका लोकसभा सीट पर दिलचस्प जंग दिख सकती है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story