UP Lok Sabha Election: जनवादी पार्टी ने दिया इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका, भाजपा को समर्थन देने का ऐलान

UP Lok Sabha Election: बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के साथ संजय चौहान ने मंगलवार को वाराणसी में मौजूदा लोकसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 15 May 2024 5:29 AM GMT (Updated on: 15 May 2024 11:03 AM GMT)
Lok Sabha Election 2024
X

जनवादी पार्टी ने दिया इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका   (photo: social media )

UP Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव का टिकट न मिलने से समाजवादी पार्टी का साथ छोड़ने वाले जनवादी पार्टी के नेता संजय चौहान ने भाजपा को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। संजय चौहान इस बार मऊ की घोसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे मगर सपा की ओर से यह सीट न दिए जाने के बाद उन्होंने सपा का साथ छोड़ने का ऐलान कर दिया था।

उन्होंने कई सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी थी। इस दौरान उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला करते हुए उन्हें भाजपा की बी टीम तक बता दिया था। अब संजय चौहान ने इंडिया गठबंधन को छोड़ते हुए भाजपा को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपने प्रत्याशियों को वापस लेने की भी घोषणा की है।

सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के साथ संजय चौहान ने मंगलवार को वाराणसी में मौजूदा लोकसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की। इस दौरान संजय चौहान ने एक बार फिर सपा मुखिया अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि वे अति पिछड़ों के साथ भेदभाव रखते हैं।

इसके साथ ही वे सहयोगी दलों के साथ विश्वासघात भी करते हैं। सहयोगी दलों के प्रति उनकी नीयत ठीक नहीं है। जनवादी पार्टी ने पूरी मजबूती के साथ उनका समर्थन किया मगर बदले में उन्होंने हमारी पार्टी को धोखा दिया। सपा मुखिया ने चंद्रशेखर और पल्लवी पटेल को भी धोखा देने का काम किया।

भाजपा को दिया इसलिए समर्थन

जनवादी पार्टी के प्रमुख संजय चौहान ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में जनवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने सपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था और इसके बाद सपा 41 से 111 सीटों पर पहुंच गई। इसके बावजूद सपा मुखिया की ओर से धोखा दिया गया। इस बार के लोकसभा चुनाव में सपा साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक न्याय के लिए कार्य करने वाली पार्टी है और इसलिए हमने भाजपा को समर्थन देने का फैसला किया है।

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि जनवादी पार्टी का प्रदेश की राजनीति में विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि संजय चौहान की ओर से अति पिछड़ों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दे रखे गए हैं और भाजपा सरकार उसे प्राथमिकता से पूरा करेगी।

सपा के टिकट पर लड़ा था पिछला चुनाव

जनवादी पार्टी के प्रमुख संजय चौहान ने 2019 का लोकसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर चंदौली लोकसभा क्षेत्र से लड़ा था। इस चुनाव में उन्होंने केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी महेंद्रनाथ पांडेय को कड़ी चुनौती दी थी। उन्हें महज 13,000 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।

इस बार वे घोसी लोकसभा क्षेत्र से टिकट मांग रहे थे मगर सपा ने घोसी सीट से राजीव राय को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया था। इसे लेकर संजय चौहान सपा मुखिया अखिलेश यादव से नाराज चल रहे थे और उन्होंने सपा का साथ छोड़ने का ऐलान किया था। अब उन्होंने भाजपा को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है।

भाजपा को कई सीटों पर फायदे की उम्मीद

जनवादी पार्टी के नेता संजय चौहान का ताल्लुक ओबीसी वर्ग की नोनिया चौहान बिरादरी से है। पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में इस जाति के करीब 40 लाख मतदाता हैं। सुभासपा और जनवादी पार्टी का साथ मिलने से भाजपा को पूर्वांचल की कई लोकसभा सीटों पर फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सियासी जानकारों का मानना है कि आजमगढ़, घोसी, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, अंबेडकरनगर, देवरिया, सलेमपुर और कुशीनगर लोकसभा सीटों पर भाजपा को इसका फायदा मिल सकता है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story