Loksabha Election 2024: यूपी में चौथे चरण में 57.12 प्रतिशत हुआ मतदान, जानें 13 सीटों का अपडेट

Loksabha Election 2024: यूपी में चौथे चरण में अकबरपुर, बहराइच, धौराहरा, इटावा, खीरी फर्रूखाबाद, हरदोई ,कन्नौज, कानपुर, मिश्रिख, शाहजहांपुर, सीतापुर और उन्नाव लोकसभा सीटों पर मतदाना हुए। यहां जानें कितना प्रतिशत हुआ मतदान

Sandip Kumar Mishra
Published on: 13 May 2024 1:57 PM GMT
Loksabha Election 2024: यूपी में चौथे चरण में 57.12 प्रतिशत हुआ मतदान, जानें 13 सीटों का अपडेट
X

Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में यूपी के 13 सीटों पर आज मतदान खत्म हो गया। इस चरण में अकबरपुर, बहराइच, धौराहरा, इटावा, खीरी फर्रूखाबाद, हरदोई ,कन्नौज, कानपुर, मिश्रिख, शाहजहांपुर, सीतापुर और उन्नाव लोकसभा सीटों पर मतदाना हुए। इन 13 सीटों पर अपनी किस्मत आजमा रहे कुल 130 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 2.47 करोड़ मतदाताओं का करना था। लेकिन सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक कुल 57.12 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां जानें किस लोकसभा सीट पर कितने प्रतिशत मतदान हुए हैं।

कन्नौज लोकसभा सीट पर 59.05 प्रतिशत मतदान

कन्नौज लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 59.05 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 60.86 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 1519 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुरक्षा के लिए 9 हजार जवानों को तैनात किया गया था। कन्नौज से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि भाजपा की ओर से निवर्तमान सांसद सुब्रत पाठक मैदान में हैं। बसपा से इमरान बिन जफर चुनाव लड़ रहे हैं। यहां 15 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कुल 18 लाख 74 हजार मतदाताओं को करना था। बता दें कि मतदान के दौरान किसी तरह की कोई समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए जिले को 16 जोन और 140 सेक्टर में बांटा गया था। जिसमें कन्नौज विधानसभा क्षेत्र को 42, तिर्वा विधानसभा क्षेत्र को 46 और छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र को 52 सेक्टर में बांटा गया था। जबकि कन्नौज व तिर्वा को 5-5 जोन में बांटा गया और छिबरामऊ को 6 जोन में रखा गया था।

कानपुर लोकसभा सीट पर 50.91 प्रतिशत मतदान

कानपुर लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 50.91 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 51.62 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां के 36.05 लाख मतदाताओं को कुल 10 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। कानपुर में 1411 मतदान केंद्रों पर 3614 बूथ बनाए गए थे। सुरक्षा के लिए 18 हजार जवानों को तैनात किया गया था। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर 25 ड्रोन के साथ अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई थी। इसमें पीएसी, सीएपीएफ, कमिश्नरेट पुलिस के जवान, गैर जनपदों से आए पुलिस के जवान और होमगार्ड शामिल थे।

अकबरपुर लोकसभा सीट पर 55.22 प्रतिशत मतदान

अकबरपुर लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 55.22 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 58.13 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 16.05 लाख मतदाताओं को कुल 10 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। लोकसभा क्षेत्र में कुल 740 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जबकि लोकसभा क्षेत्र को 48 जोन और 304 सेक्टर में बांटा गया था। उसी के अनुसार जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।

उन्नाव लोकसभा सीट पर 53.97 प्रतिशत मतदान

उन्नाव लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 53.97 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 56.47 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां कुल 23,44,843 मतदाताओं को 8 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। जिले में 1680 मतदान केंद्र और 2498 मतदेय स्थल बनाए गए थे। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले के 2498 बूथों पर दस हजार से अधिक इंस्पेक्टर, उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल, कॉन्स्टेबल केन्द्रीस पुलिस बल की तैनाती थी। इसके साथ ही पीएसी और सीआईएसएफ की एक-एक कंपनी अतिसंवेदनशील बूथों पर तैनाती की गई थी।

धौरहरा लोकसभा सीट पर 62.72 प्रतिशत मतदान

धौरहरा लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 62.72 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 64.69 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 17,13,971 मतदाताओं को 12 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। जिले में 1638 मतदान केंद्र के अलावा 2890 मतदेय स्थल बनाए थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से 13 हजार जवानों को लगाया गया था। 8 हजार सिपाहियों के अलावा 6 हजार होमगार्ड और अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती की गई थी। 24 जोनल मजिस्ट्रेट के साथ 207 सेक्टर मजिस्ट्रेट जिले की कमान सम्भाल रहे थे।

लखीमपुर खीरी लोकसभा सीट पर 62.75 प्रतिशत मतदान

लखीमपुर खीरी लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 62.75 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 64.20 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 18,62,469 मतदाताओं को 11 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। जिले में 1638 मतदान केंद्र के अलावा 2890 मतदेय स्थल बनाए थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से 13 हजार जवानों को लगाया गया था। 8 हजार सिपाहियों के अलावा 6 हजार होमगार्ड और अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती की गई थी। 24 जोनल मजिस्ट्रेट के साथ 207 सेक्टर मजिस्ट्रेट जिले की कमान सम्भाल रहे थे।

फर्रुखाबाद लोकसभा सीट पर 56.93 प्रतिशत मतदान

फर्रुखाबाद लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 56.93 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 58.72 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 17,47,182 मतदाताओं को 8 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। फर्रुखाबाद में कुल 1527 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिले में मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे। यहां 63 कलस्टर मोबाइल टीम सहित 28 क्यूआरटी, 15 जोनल मजिस्ट्रेट, 132 सेक्टर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अलावा अर्द्धसैनिक बल की 14 मोबाइल टीम बनाई गई थी। प्रत्येक टीम में 5 जवान मौजूद थे। जोनल मजिस्ट्रेट के साथ एक इंस्पेक्टर दो सिपाही, सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ एक दारोगा 2 सिपाही, कलस्टर मोबाइल में एक- एक दारोगा, दो- दो सिपाही और होमगार्ड तैनात थे।

बहराइच लोकसभा सीट पर 55.97 प्रतिशत मतदान

बहराइच लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 55.97 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 57.24 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 18,25, 671 मतदाताओं को 10 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। इसके लिए 880 मतदान केंद्र पर 1885 बूथ बनाए गए थे। जिले में कुल 320 मतदान केंद्र क्रिटिकल थे, जहां पर पैरा मिलिट्री फोर्स की तैनाती के साथ ही वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई थी। जिले में मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे। यहां 14 कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स के साथ पीएसी की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही 292 उप निरीक्षक और 2887 हेड कांस्टेबल भी तैनात किए गए थे।

मिश्रिख लोकसभा सीट पर प्रतिशत मतदान

मिश्रिख लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 51.73 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 57.17 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 18.74 लाख मतदाताओं को उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। यहां से भाजपा ने अपने मौजूदा सांसद अशोक रावत को मैदान में उतारा है। वहीं सपा ने मिश्रिख विधानसभा के रहने वाले पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी की बहू संगीता राजवंशी को उम्मीदवार बनाया है। बसपा से बीआर अहिरवार मैदान में हैं। हरदोई जिले में मतदान के लिए 13,312 कर्मियों को लगाया गया है।

हरदोई लोकसभा सीट पर 54.37 प्रतिशत मतदान

हरदोई लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 54.37 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 58.54 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां करीब 19 लाख मतदाताओं को उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। हरदोई सुरक्षित लोकसभा सीट से भाजपा ने अपने मौजूदा सांसद जय प्रकाश रावत को अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि सपा ने पूर्व सांसद ऊषा वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं बसपा ने विधान परिषद के सदस्य भीमराव अंबेडकर को अपना उम्मीदवार बनाया है।

सीतापुर लोकसभा सीट पर 60.90 प्रतिशत मतदान

सीतापुर लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 60.90 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 63.93 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां करीब 16,66,126 मतदाताओं को कुल आठ उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। भाजपा ने वर्तमान सांसद राजेश वर्मा को फिर प्रत्याशी बनाया है। सपा-कांग्रेस गठबंधन से पूर्व विधायक राकेश राठौर और बसपा से महेंद्र सिंह यादव चुनावी मैदान में हैं।

इटावा लोकसभा सीट पर 54.35 प्रतिशत मतदान

इटावा लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 54.35 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 58.52 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 18,27,781 मतदाताओं को उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। लोकसभा क्षेत्र में कुल 1,486 मतदान केंद्र और 2,030 मतदेय स्थल बनाए गए थे। इस सीट पर सपा और भाजपा में कांटे की टक्कर है। भाजपा से पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद रामशंकर कठेरिया एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं। जबकि सपा के ओर से जितेंद्र दोहरे ताल ठोंक रहे हैं। बसपा ने पूर्व सांसद सारिका सिंह बघेल को चुनाव मैदान में उतारा है।

शाहजहांपुर लोकसभा सीट पर 51.52 प्रतिशत मतदान

शाहजहांपुर लोकसभा सीट पर सुबह 7.00 से शाम 6.00 बजे तक कुल 51.52 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा चुनाव 2019 में 56.15 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां 23,22,102 मतदाताओं को 10 उम्मीदवारों को भाग्य का फैसला करना था। लोकसभा चुनाव और ददरौल विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिले को 44 जोन 246 सेक्टरों में बांटा गया था। जिले में 1792 मतदान केंद्र और 2481 बूथ बनाए गए थे। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिले में 10135 पुलिसकर्मियों और 25 कंपनी अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया था। इसके अलावा 11,888 कर्मचारी मतदान में लगाए गए थे।

Sandip Kumar Mishra

Sandip Kumar Mishra

Content Writer

Sandip kumar writes research and data-oriented stories on UP Politics and Election. He previously worked at Prabhat Khabar And Dainik Bhaskar Organisation.

Next Story