×

Lok Sabha Elections 2024: सहारनपुर में जीत कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती, इमरान मसूद को उतारने की तैयारी

Loksabha Elections 2024: आगामी लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस मिलकर चुनाव लडेंगे। कांग्रेस के कई बड़े नेता सहारनपुर लोकसभा सीट से टिकट के लिए दावेदार माने जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेता इमरान मसूद पर पार्टी दांव लगा सकती है।

Abhishek Mishra
Published on: 17 March 2024 7:31 AM GMT
Lok Sabha Election 2024
X
इमरान मसूद (सोशल मीडिया)

Loksabha Elections 2024: इंडिया गठबंधन के तहत सहारनपुर लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में आई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने प्रदेश में मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। सपा ने सहारनपुर से कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने का फैसला लिया है। उत्तराखंड सीमा से जुड़ी सहारनपुर लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। सहारनपुर लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के हाज़ी फजलुर रहमान पिछला चुनाव जीते थे।

इमरान मसूद पर दांव लगा सकती है कांग्रेस

आगामी लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस मिलकर चुनाव लडेंगे। कांग्रेस के कई बड़े नेता सहारनपुर लोकसभा सीट से टिकट के लिए दावेदार माने जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस नेता इमरान मसूद पर पार्टी दांव लगा सकती है। उनके सामने टिकट के लिए कोई मजबूत दावेदार नहीं दिख रहा है। पिछले साल ही कांग्रेस में उनकी तीसरी बार वापसी हुई है। पूर्व में इमरान कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के साथ भी रहे हैं। उत्तर प्रदेश के प्रभावशाली मुस्लिम नेताओं में से एक माने जाते रहे हैं।

मुस्लिम वोटरों का प्रभाव सबसे अधिक

सहारनपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन होने से मुस्लिम मतदाताओं के एकजुट होकर मतदान देने की उम्मीद है। लोकसभा क्षेत्र में मुस्लिम वोटर बड़ी संख्या में हैं। जानकारी के अनुसार सहारनपुर लोकसभा में छह लाख से भी अधिक मुस्लिम मतदाता हैं। क्षेत्र में करीब साढ़े तीन लाख सवर्ण जातियों के मतदाता हैं। तीन लाख अनुसूचित जाति के वोटर और डेढ़ लाख गुर्जर वोटर भी सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र में रहते हैं।

दल बदल कर भी जीतते रहे रशीद मसूद

सहारनपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस ने 1971 के बाद सिर्फ एक चुनाव में जीत दर्ज की है। 1984 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार यशपाल सिंह जीते थे। इसके बाद से ही कांग्रेस को इस सीट पर लगातार निराशा हाथ लगी है। अब तक सहारनपुर लोकसभा से समाजवादी पार्टी को सिर्फ 2004 चुनाव में ही जीत हासिल हुई है। पूर्व सांसद रशीद मसूद ने इस सीट पर अलग-अलग दलों से पांच बार जीत हासिल की है। वह 1977 के लोकसभा चुनाव में जनता पार्टी, 1980 में जनता पार्टी (सेकुलर), 1989 और 1991 में जनता दल और 2004 में समाजवादी पार्टी से जीते थे। पिछले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के इमरान मसूद तीसरे स्थान पर रहे थे।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story