LS Election Result 2024: पूरे देश की निगाहें अब चुनाव नतीजे पर, Newstrack ने कर रखी है विशेष तैयारी, कल देखिए पल-पल का अपडेट

Loksabha Election Result 2024: इस बार 1952 के बाद 43 दिनों की सबसे लंबी चुनाव प्रक्रिया चली है अब कल नतीजों को लेकर सबका इंतजार खत्म होने वाला है। न्यूजट्रैक पर पल-पल का अपडेट-

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 3 Jun 2024 9:41 AM GMT (Updated on: 3 Jun 2024 9:42 AM GMT)
LS Election Result 2024: पूरे देश की निगाहें अब चुनाव नतीजे पर, Newstrack ने कर रखी है विशेष तैयारी, कल देखिए पल-पल का अपडेट
X

Loksabha Election 2024: देश की सियासत में कल का दिन काफी अहम माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव के लिए सात चरणों के मतदान के बाद अब कल चुनाव नतीजे का ऐलान किया जाएगा। पूरे देशवासियों को इसका बेसब्री से इंतजार है। इस बार के लोकसभा चुनाव में एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाला एनडीए है तो दूसरी ओर विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया। चुनावी बाजी जीतने के लिए दोनों पक्षों ने पूरी ताकत लगाई है और चुनाव नतीजे को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।

हालांकि अधिकांश एग्जिट पोल में एनडीए को जीत मिलने का अनुमान लगाया गया है मगर इंडिया गठबंधन की ओर से भी इस बार के चुनाव में दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने का दावा किया गया है। ऐसे में अब सबकी निगाहें लोकसभा चुनाव के नतीजे पर टिकी हुई हैं। कल होने वाली काउंटिंग के दौरान देशभर के विभिन्न सीटों पर चुनाव लड़ने वाले 8360 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। इस बार 1952 के बाद 43 दिनों की सबसे लंबी चुनाव प्रक्रिया चली है और अब 4 जून यानी कल चुनाव नतीजों को लेकर सबका इंतजार खत्म होने वाला है।

न्यूजट्रैक पर आपको मिलेगा पल-पल का अपडेट

हिंदी और अंग्रेजी की प्रतिष्ठित वेबसाइट न्यूजट्रैक ने भी चुनाव नतीजे को अपने पाठकों तक पहुंचाने के लिए विशेष तैयारी कर रखी है। न्यूजट्रैक की समर्पित टीम कल सुबह से लेकर देर रात तक चुनाव नतीजों का पल-पल का अपडेट आप तक पहुंचाएगी। चुनाव नतीजों की सबसे तेज जानकारी के लिए आप कल हमारे साथ जुड़े रहें। उत्तर प्रदेश की हर लोकसभा सीट का पूरा ब्योरा आप तक पहुंचाने के लिए पूरे प्रदेश में फैली हमारी टीम पूरी तरह सक्रिय रहेगी। प्रदेश की हॉट लोकसभा सीटों का पूरा ब्योरा भी आपको न्यूजट्रैक पर ही सबसे पहले मिलेगा।




इस तरह की जाएगी मतगणना

चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक कल सुबह आठ बजे वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट के वोट गिने जाएंगे और इसके बाद ईवीएम के वोटों की गणना की जाएगी। पोस्टल बैलेट में भी दो तरीके से मतगणना की तैयारी की गई है। पहले सेना, पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों और ऑफिसर्स के वोट गिने जाएंगे। इसके बाद सेकेंड कैटेगरी में चुनाव ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों, अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के पोस्टल बैलट गिने जाएंगे।

आंध्र प्रदेश-ओडिशा के विधानसभा चुनाव नतीजे भी कल ही

लोकसभा चुनाव नतीजों के साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनाव के भी नतीजे भी कल ही घोषित किए जाएंगे। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा के चुनाव नतीजे रविवार को ही घोषित किया जा चुके हैं। जानकारों का कहना है कि दोपहर दो बजे तक नतीजे की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। ईवीएम के वीवीपैट से मिलान, वीवीपैट पर्ची काउंटिंग और पोस्टल बैलट जोड़ने के बाद शाम छह तक सारी सीटों के नतीजे घोषित करने की तैयारी है। चुनाव आयोग का कहना है कि सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होने के कुछ समय बाद शुरूआती रुझान मिलने लगेंगे।



भीषण गर्मी के कारण कम मतदान

इस बार के लोकसभा चुनाव में 19 अप्रैल से एक जून तक सात चरणों में मतदान कराया गया। इस तरह चुनाव की प्रक्रिया करीब 43 दिनों तक चली और अब सबको चुनाव नतीजे का बेसब्री से इंतजार है। देश के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी के बावजूद लोगों ने मतदान के प्रति उत्साह दिखाया। चुनाव आयोग ने भी मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए भरपूर प्रयास किया। हालांकि कई चुनाव क्षेत्रों में अपेक्षा के अनुरूप मतदान नहीं हो सका। कम मतदान के पीछे गर्मी को बड़ा कारण माना जा रहा है।

8360 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

इस बार के लोकसभा चुनाव में कुल 8360 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है। इन सभी प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कल मतगणना के दौरान होने वाला है। 543 सीटों पर सबसे ज्यादा बसपा के 487, भाजपा के 440, कांग्रेस के 327 और माकपा के 52 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। विभिन्न राज्यों में क्षेत्रीय दलों ने भी काफी संख्या में अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं।



अधिकांश एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत

चुनाव नतीजे की घोषणा से पहले अधिकांश एग्जिट पोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैट्रिक लगाते हुए नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के अन्य नेता भी जीत के प्रति आश्वस्त दिख रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल के शुरुआती 100 दिन के रोडमैप पर काम भी शुरू कर दिया है। तेरह एग्जिट पोल के पोल ऑफ पल्स में एनडीए को 365 और इंडिया गठबंधन को 145 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। अन्य को 32 सीटें मिल सकती हैं। कई एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा इस बार 2019 के 303 सीटों के आंकड़े से आगे निकल सकती है।

दोनों खेमा कर रहा बहुमत का दावा

हिंदी पट्टी के प्रमुख राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली में भाजपा को भारी बढ़त मिलने का अनुमान लगाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में दक्षिण भारत के राज्यों में की गई मेहनत का भी इस बार नतीजा दिखने की उम्मीद जताई जा रही है। एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा दक्षिण भारत में भी इस बार कामयाबी हासिल करती हुई दिख सकती है।


भाजपा नेताओं की ओर से भी इस बार भारी बहुमत मिलने का दावा किया जा रहा है जबकि दूसरी ओर इंडिया गठबंधन चुनाव नतीजे में 295 सीटें मिलने का दावा कर रहा है। एनडीए और इंडिया के बीच कड़े मुकाबले को देखते हुए अब पूरे देश को चुनाव नतीजे का बेसब्री से इंतजार है और यह इंतजार अब कल खत्म होने वाला है।

Snigdha Singh

Snigdha Singh

Leader – Content Generation Team

Hi! I am Snigdha Singh from Kanpur. I Started career with Jagran Prakashan and then joined Hindustan and Rajasthan Patrika Group. During my career in journalism, worked in Kanpur, Lucknow, Noida and Delhi.

Next Story