TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

Loksabha Election Result 2024: घोसी लोकसभा सीट पर योगी सरकार के मंत्री ओपी राजभर को तगड़ा झटका! सपा ने दर्ज की जीत

Loksabha Election Result 2024: एनडीए गठबंधन के तहत सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अपने बेटे अरविंद राजभर को चुनावी मैदान में उतारा था। लेकिन सपा के राष्ट्रीय महासचिव राजीव कुमार राय ने हरा दिया है।

Sandip Kumar Mishra
Published on: 4 Jun 2024 1:08 PM GMT
Loksabha Election Result 2024: घोसी लोकसभा सीट पर योगी सरकार के मंत्री ओपी राजभर को तगड़ा झटका! सपा ने दर्ज की जीत
X

Loksabha Election Result 2024 : घोसी लोकसभा सीट पर सपा के राजीव कुमार राय ने एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार अरविंद राजभर को करारी शिकस्त दी है। एनडीए गठबंधन के तहत सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख और योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपने बेटे अरविंद राजभर को चुनावी मैदान में उतारा था। लेकिन सपा के राष्ट्रीय महासचिव राजीव कुमार राय ने 1,41,643 वोटों से हरा दिया है। इस चुनाव में सपा को 3,80,265 और सुभासपा को 2,38,622 वोट मिले हैं। जबकि बसपा उम्मीदवार बालकृष्ण चौहान को 1,49,284 वोट मिला है। मतगणना को जल्दी संपन्न कराने के लिए 104 मतगणना पार्टियां बनाई गईं थी। जिसमें कुल 520 मतगणना कर्मी शामिल रहे। मतगणना को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे। मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

घोसी लोकसभा सीट पर 2 चुनावों में पार्टियों की यह रही स्थिति

घोसी लोकसभा सीट पर 2019 में हुए चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार रहे हरिनारायण राजभर को 4,51,261 वोट मिले थे। जबकि सपा बसपा के संयुक्त उम्मीदवार रहे अतुल कुमार राय को 5,73,829 वोट मिले थे। कांग्रेस को 23,812 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को 14,644 वोट मिले थे। अगर लोकसभा चुनाव 2014 की बात करें तो भाजपा के हरिनारायण राजभर को 379,797 वोट मिले थे। जबकि बसपा के उम्मीदवार रहे दारा सिंह चौहान को 2,33,782 वोट मिले थे। जबकि कौमी एकता दल के मुख्तार अंसारी को 1,66,436 और सपा के राजीव कुमार राय को 1,65,887 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के राष्ट्र कुंवर सिंह को 19,315 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के अतुल कुमार सिंह अंजान को 18,162 वोट मिले थे।

लोकसभा चुनाव 2024 में यह रहा मुद्दा

घोसी लोकसभा सीट पर महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक अहम मुद्दा था। यहां के लोग रोजगार के लिए दिल्ली मुंबई महानगरों के लिए पलायन करते हैं। इसके अलावा यहां चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों ने जातीय समीकरण भी जमकर सेट किया था। सपा उम्मीदवार राजीव राय यहां लोकसभा चुनाव 2014 हारने के बाद से सक्रिय थे। वहीं एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार अरविंद राजभर अपने पिता ओम प्रकाश राजभर और पीएम मोदी और सीएम योगी के योजनाओं के भरोसे चुनावी मैदान में उतरे थे। योगी सरकार में सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर मंत्री हैं। वे हाल ही में सपा का साथ छोड़कर भाजपा के साथ आए थे। सपा गठबंधन के दौरान सीएम योगी और पीएम मोदी पर की गई टिप्पणी इस चुनाव में चर्चा का विषय था। जिसके वजह से भाजपा के कोर वोटर्स में आक्रोश देखने को मिल रहा था।

Sandip Kumar Mishra

Sandip Kumar Mishra

Content Writer

Sandip kumar writes research and data-oriented stories on UP Politics and Election. He previously worked at Prabhat Khabar And Dainik Bhaskar Organisation.

Next Story