×

Election 2024: Exit Poll के नतीजों पर भड़कीं ममता, माकपा-कांग्रेस पर फिर हमला, कहा-दोनों दलों ने की BJP की मदद

Lok Sabha Election 2024: पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला हुआ है और कई एग्जिट पोल में अनुमान लगाया गया है कि भाजपा इस बार टीएमसी को पछाड़ सकती है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 3 Jun 2024 3:20 AM GMT
Mamata Banerjee and Rahul Gandhi
X

ममता बनर्जी और राहुल गांधी  (photo: social media ) 

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के नतीजे की घड़ी नजदीक आ गई है। चुनाव नतीजों की घोषणा से पूर्व अधिकांश एग्जिट पोल में केंद्र में एक बार फिर नरेंद्र मोदी की अगुवाई में एनडीए सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल के नतीजों पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजे वास्तविक धरातल पर खरे नहीं उतरेंगे क्योंकि इन्हें दो महीने पहले ही घर में बैठकर तैयार कर लिया गया था।

इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला हुआ है और कई एग्जिट पोल में अनुमान लगाया गया है कि भाजपा इस बार के लोकसभा चुनाव में टीएमसी को पछाड़ सकती है। इंडिया गठबंधन में शामिल ममता बनर्जी पहले भी माकपा और कांग्रेस पर हमलावर रही हैं और उन्होंने एक बार फिर इन दोनों दलों पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोकसभा चुनाव में माकपा और कांग्रेस दोनों दलों ने भाजपा को मदद पहुंचाई है।

एग्जिट पोल के नतीजों को ममता ने बताया झूठा

एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान टीएमसी मुखिया ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे एग्जिट पोल के नतीजों पर कोई भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल में कोई दम नहीं है और पूर्व के चुनाव में भी एग्जिट पोल पूरी तरह झूठा साबित हुआ है। एग्जिट पोल दिखाने वाले मीडिया की आलोचना करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि 2016, 2019 और 2021 में भी इस तरह के एग्जिट पोल कराए गए थे और सभी के नतीजे झूठे साबित हुए थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा को आगे दिखाने के लिए यह एग्जिट पोल दो महीना पहले ही घरों में बैठकर तैयार कर लिया गया था। वास्तविक चुनाव नतीजे में लोगों को इसकी सच्चाई का पूरी तरह पता लग जाएगा।


माकपा और कांग्रेस पर फिर बोला हमला

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी कहा कि हमने भी अपनी रैलियों में हिस्सा लेने वाले लोगों की प्रतिक्रिया का पता लगाया है। इन लोगों की प्रतिक्रिया से पता चलता है कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी को लोगों का व्यापक समर्थन मिला है। वैसे ममता बनर्जी ने माकपा और कांग्रेस पर एक बार फिर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में इन दोनों दलों ने भाजपा को मदद पहुंचाने का काम किया है।

वैसे यह पहला मौका नहीं है जब ममता बनर्जी ने इंडिया गठबंधन में शामिल इन दोनों दलों पर हमला बोला है। अपनी चुनावी रैलियों के दौरान भी ममता बनर्जी लगातार इन दोनों दलों पर हमला करती रही हैं। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि चुनावी जीत हासिल करने के लिए भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लोगों में गलत जानकारी फैलाई। भाजपा ने लगातार लोगों को गुमराह किया कि मुस्लिमों को आरक्षण देने के लिए एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण छीना जा रहा है।


एग्जिट पोल पर क्यों भड़कीं ममता बनर्जी

एग्जिट पोल को लेकर ममता बनर्जी की नाराजगी अनायास नहीं है। दरअसल अधिकांश एग्जिट पोल में अनुमान लगाया गया है कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को पछाड़ सकती है। लेफ्ट-कांग्रेस गठबंधन को एक बार फिर पश्चिम बंगाल में करारा झटका लगने का अनुमान लगाया गया है।

2019 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने टीएमसी को कड़ी चुनौती दी थी। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान टीएमसी को राज्य की 22 सीटों पर जीत हासिल हुई थी जबकि भाजपा 18 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी। वैसे इस बार अनुमान लगाया गया है कि दोनों दलों के सीटों का यह नंबर बदल सकता है और भाजपा टीएमसी से आगे निकल सकती है।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story