×

Lok Sabha Election: काराकाट के चुनाव मैदान से हटने से पवन सिंह का इनकार, मनोज तिवारी ने किया था मना लेने का दावा

Lok Sabha Election 2024: पवन सिंह ने इस लोकसभा सीट पर अपना चुनाव प्रचार जोरदार तरीके से शुरू कर दिया है और निर्दल प्रत्याशी के रूप में उन्हें लोगों का काफी समर्थन भी मिल रहा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 25 April 2024 9:32 AM GMT
Pawan Singh and Manoj Tiwari,
X

 Pawan Singh and Manoj Tiwari  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव न लड़ने की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के संबंध में उन्हें अपनी मां का आदेश मिला है और उन्होंने अपनी मां को वचन दिया है। ऐसे में अब उनके चुनाव मैदान से हटाने का कोई सवाल नहीं है। पवन सिंह ने इस लोकसभा सीट पर अपना चुनाव प्रचार जोरदार तरीके से शुरू कर दिया है और निर्दल प्रत्याशी के रूप में उन्हें लोगों का काफी समर्थन भी मिल रहा है।

काराकाट के चुनाव मैदान में डटे रहने की पवन सिंह की यह घोषणा इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि भाजपा नेता और भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी ने कहा था कि पवन सिंह राष्ट्रवादी व्यक्ति हैं और उन्हें समझा बुझाकर मना लिया जाएगा। पवन सिंह के चुनाव मैदान में उतरने के कारण इस लोकसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की चुनावी संभावनाओं को करारा झटका लगा है।

सांसद मनोज तिवारी ने किया था बड़ा दावा

अभिनेता से सांसद बने मनोज तिवारी का कहना है कि पवन सिंह उनके छोटे भाई की तरह हैं और कई वर्षों से उनका पवन सिंह के साथ काफी अच्छा रिश्ता है। उन्होंने कहा कि वे पवन सिंह को मनाने की कोशिश करेंगे और उन्हें पूरा भरोसा है कि पवन सिंह उनकी बात को नहीं काटेंगे। उन्होंने पवन सिंह को राष्ट्रवादी व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनका पूरा व्यक्तित्व राष्ट्रवाद की भावना से ओतप्रोत है।

राजधानी दिल्ली की नॉर्थ ईस्ट सीट से चुनाव मैदान में उतरे मनोज तिवारी ने कहा कि फिलहाल पवन सिंह रास्ता थोड़ा भटक गए हैं,लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि उन्हें जल्द ही मना लिया जाएगा। सांसद मनोज तिवारी की ओर से यह बयान दिए जाने के बाद इस तरह की चर्चा शुरू हो गई की पवन सिंह काराकाट लोकसभा सीट से अपनी दावेदारी वापस ले सकते हैं।

पवन सिंह का चुनाव मैदान से हटने से इनकार

दूसरी ओर भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि अब उनका उनके काराकाट लोकसभा सीट से पीछे हटने का कोई सवाल नहीं है। उन्होंने 23 अप्रैल से काराकाट लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है और वे सभी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने में जुटे हुए हैं। उनके रोड शो में युवाओं और समाज के अन्य वर्गों की भारी भीड़ भी उमड़ी थी।

मनोज तिवारी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पवन सिंह ने कहा कि वह मेरे लिए बड़े भाई की तरह हैं,लेकिन लंबे समय से मेरा उनके साथ कोई संपर्क नहीं हुआ है। पवन सिंह ने कहा कि मेरी काफी दिनों से मनोज तिवारी के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मुझे काराकाट से चुनाव लड़ने के संबंध में मां का आदेश मिल चुका है और मैंने उन्हें वचन दिया है और ऐसे में मां को वचन देने के बाद काराकाट लोकसभा सीट से दावेदारी वापस लेने का कोई सवाल नहीं है। पवन सिंह को पहले भाजपा ने पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से टिकट दिया था मगर पवन सिंह चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं हुए थे।

उपेंद्र कुशवाहा भी इसी सीट से उम्मीदवार

भोजपुरी स्टार पवन सिंह के चुनाव मैदान में उतरने के कारण काराकाट लोकसभा सीट बिहार के सियासी हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। पवन सिंह के अलावा इस लोकसभा क्षेत्र में एक और दिग्गज उम्मीदवार उतरा हुआ है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा भी इस लोकसभा सीट से उम्मीदवार हैं।

कुशवाहा को भरोसा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दम पर वे इस लोकसभा सीट से चुनाव जीतने में कामयाब होंगे। अपने पिछले बिहार दौरे के समय प्रधानमंत्री मोदी मंच पर कुशवाहा के साथ बातचीत करते हुए भी दिखे थे।

त्रिकोणात्मक मुकाबले की संभावना

विपक्षी महागठबंधन में हुए सीट बंटवारे में यह सीट वामदलों के खाते में गई है। भाकपा माले ने इस सीट पर राजाराम सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस का समर्थन हासिल होने के कारण राजाराम सिंह की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है।

सियासी जानकारों का मानना है कि भोजपुरी स्टार पवन सिंह के चुनाव मैदान में उतरने के कारण काराकाट लोकसभा सीट पर त्रिकोणात्मक मुकाबला हो सकता है। पवन सिंह के चुनाव मैदान में उतरने से कुशवाहा और उनके समर्थकों में चिंता दिख रही है। हालांकि कुशवाहा का दावा है कि पवन सिंह के चुनाव लड़ने से उनकी मजबूती पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story