×

Lok Sabha Election: लखनऊ से सिर्फ दो महिलाएं रहीं सांसद, 35 वर्षों से किसी महिला ने नहीं जीता चुनाव

Lok Sabha Election 2024: 24 महिला प्रत्याशियों ने अलग-अलग चुनावों में क्षेत्र से किस्मत आजमाई। कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में विजय लक्ष्मी पंडित और शीला कौल ने चुनाव जीता था।

Abhishek Mishra
Published on: 17 April 2024 7:36 AM GMT
Sheela Kaul , Vijay Lakshmi Pandit
X

Sheela Kaul , Vijay Lakshmi Pandit  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लोकसभा चुनावों में महिलाओं की भागीदारी काफी कम रही है। 1952 से लेकर अब तक इस लोकसभा सीट पर कुल 17 चुनाव हुए हैं। जिनमें महज दो महिला उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। जबकि कुल 24 महिला प्रत्याशियों ने अलग-अलग चुनावों में क्षेत्र से किस्मत आजमाई है। कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में विजय लक्ष्मी पंडित और शीला कौल ने चुनाव जीता था।

लखनऊ से तीन बार सांसद रहीं शीला कौल

शीला कौल ने पांच बार लोकसभा चुनाव जीते। वह लखनऊ लोकसभा सीट से कुल तीन बार सांसद चुनी गईं। जबकि दो बार रायबरेली से सांसद रहीं। कांग्रेस ने उन्हें 1971 लोकसभा चुनावों में पहली बार लखनऊ लोकसभा से प्रत्याशी बनाया। उन्हें चुनाव में 1,71,019 वोट मिले। कौल ने जन संघ के पुरषोत्तम दास कपूर को 1,19,201 मतों से पराजित किया। कांग्रेस ने 1980 के लोकसभा चुनाव में शीला कौल को दूसरी बार टिकट दिया। उन्होंने जनता पार्टी के महमूद बट्ट को लगभग तीस हजार मतों से हराया। 1984 में जन संघ के हर गोविंद दयाल को हराकर वह तीसरी बार सांसद बनीं। बता दें कि शीला कौल भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के साले प्रोफेसर कैलाशनाथ कौल की पत्नी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मामी थी।


पहले चुनाव में जीतीं विजय लक्ष्मी पंडित

लखनऊ लोकसभा चुनाव के पहले चुनावों में महिला उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी। 1952 के आम चुनाव में कांग्रेस ने विजय लक्ष्मी पंडित को मैदान में उतारा था। अखिल भारतीय जन संघ के हर गोविंद दयाल को बड़े अंतर से हराकर कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की थी। विजय लक्ष्मी पंडित को इस चुनाव में 1,02,764 वोट मिले थे। उन्होंने जन संघ के प्रत्याशी को 70,652 मतों से हराया।


35 वर्षों से कोई महिला नहीं बनी सांसद

लोकसभा सीट पर आखिरी बार महिला सांसद के रूप में शीला कौल चुनी गईं थी। कांग्रेस पार्टी ने शीला कौल को 1984 लोकसभा चुनाव में लखनऊ लोकसभा से प्रत्याशी बनाया था। कांग्रेस को इस चुनाव में 1,69,260 वोट मिले। लोकदल के मोहम्मद यूनुस सलीम दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें सिर्फ 47,140 मत हासिल हुए। इस तरह शीला कौल ने 1,12,120 मतों से यह चुनाव जीता। 1984 के बाद से इस लोकसभा क्षेत्र से कोई महिला सांसद नहीं बनी।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story