×

Lok Sabha Election: CM विजयन ने वायनाड में राहुल की उम्मीदवारी पर उठाए सवाल, केजरीवाल के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा

Lok Sabha Election 2024: मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने वायनाड से चुनाव लड़ने के राहुल के फैसले को गलत बताया। उन्होंने कहा वह एलडीएफ के खिलाफ लड़ने के लिए इस सीट पर उतरे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 2 April 2024 6:00 AM GMT
CM Pinarayi Vijayan and Rahul Gandhi
X

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और राहुल गांधी  (फोटो: सोशल मीडिया ) 

Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस बार फिर केरल की वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे हैं मगर उनकी उम्मीदवारी को लेकर विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया में खींचतान लगातार बढ़ती जा रही है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने वायनाड सीट से चुनाव लड़ने के राहुल के फैसले को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि केरल में एलडीएफ बड़ी ताकत है और सच्चाई तो यह है कि राहुल गांधी एनडीए के खिलाफ नहीं बल्कि एलडीएफ के खिलाफ लड़ने के लिए इस सीट पर उतरे हैं।

इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का मुद्दा उठाते हुए भी कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के खिलाफ ईडी की जांच में कांग्रेस की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्षी दलों ने हाल में रामलीला मैदान में बड़ी रैली की थी मगर अब विजयन ने इस मामले में कांग्रेस की भूमिका पर ही सवाल उठा दिए हैं।

केरल में एलडीएफ के खिलाफ लड़ रही कांग्रेस

केरल के मुख्यमंत्री ने कहा कि एलडीएफ की ओर से वायनाड सीट पर सीपीआई की नेता एनी राजा को चुनाव मैदान में उतारा गया है। उन्होंने कहा कि एनी राजा राष्ट्रीय स्तर की नेता हैं और उनके खिलाफ कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी को उतारने का फैसला अनुचित है।

उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी यह कह सकते हैं कि वे यहां एनडीए के खिलाफ चुनाव लड़ने आए हैं? सच्चाई तो है तो यह है कि वे केरल में एलडीएफ के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं जो कि राज्य में सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत है।

राहुल पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि इंडिया ब्लॉक एलडीएफ के खिलाफ लड़ाई लड़ने के मुद्दे पर क्या सफाई दे सकता है? कांग्रेस सीपीआई की बड़ी नेता को चुनौती देने की कोशिश में जुटी हुई है।

उन्होंने राहुल गांधी पर दोहरा मापदंड अपनाने का बड़ा आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर चुप्पी साधे रखी। उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी इस चुप्पी का राज क्या है।

केजरीवाल के मामले में कांग्रेस की भूमिका पर सवाल

उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों की ओर से विपक्षी नेताओं को परेशान करने के मामले में कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब केंद्रीय एजेंसियों की ओर से गैर कांग्रेसी विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जाता है तो कांग्रेस चुप्पी साध जाती है। एक अंग्रेजी अखबार में छपी रिपोर्ट के मुताबिक विजयन ने कहा कि दिल्ली की आप सरकार की शराब नीति में भ्रष्टाचार का आरोप लगाने में कांग्रेस पीछे नहीं रही। कांग्रेस ने भी इस मामले में भाजपा के सुर में सुर मिलाया।

कांग्रेस की इस भूमिका के बाद ईडी की ओर से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दिल्ली सरकार की आबकारी नीति के मामले में जब आप नेता मनोज सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया था तो उस समय भी कांग्रेस ने सवाल उठाया था कि इस मामले में केजरीवाल की गिरफ्तारी क्यों नहीं की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि केजरीवाल की गिरफ्तारी पर विरोध जताने के लिए हाल में इंडिया गठबंधन की ओर से रामलीला मैदान में बड़ी रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली में कांग्रेस और वाम नेताओं ने भी हिस्सा लिया था। हालांकि विजयन इस रैली में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली नहीं पहुंचे थे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story