×

Loksabha Election 2024: पीएम मोदी ने की बांसवाड़ा में जनसभा, बोले- अर्बन नक्सलों के कब्जे में चली गई है कांग्रेस

PM Modi Rajasthan Election Campaign: पीएम मोदी ने कहा कि परिवार में बुजुर्ग माता-पिता हैं, कोई बीमारी आ जाए तो दवाई का खर्चा होता है। मैं आपको कहना चाहता हूं सत्तर साल से ऊपर के आपके परिवार के बुजुर्ग की दवाइयों का खर्च ये बेटा उठाएगा।

Sandip Kumar Mishra
Published on: 21 April 2024 1:22 PM GMT (Updated on: 21 April 2024 4:38 PM GMT)
Loksabha Election 2024: पीएम मोदी ने की बांसवाड़ा में जनसभा, बोले- अर्बन नक्सलों के कब्जे में चली गई है कांग्रेस
X

Loksabha Election 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांसवाड़ा के खेल मैदान में भाजपा उम्मीदवार महेंद्रजीत सिंह मालवीय के पक्ष में जनसभा की। महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने पीएम मोदी को तीर-कमान भेंट कर अभिवादन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मेवाड़, मालवा और गुजरात की संस्कृति की त्रिवेणी बेणेश्वर धाम की पवित्र भूमि को नमन करता हूं। कुछ समय पहले मैंने मावजी महाराज का स्मरण करते हुए गारंटी दी थी कि जादूगर का जादू नहीं चलेगा। वागड़ ने, राजस्थान ने मोदी की वाणी का मान रखा, इसके लिए आप सभी का मैं सिर झुकाकर वंदन करता हूं।

भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सुशासन का एक उम्दा मंत्र लेकर के समर्पण भाव से काम कर रही है। पूरे वागड़ से भाजपा का बहुत पुराना रिश्ता है। यहां की वीर धरा ने हमेशा भाजपा पर अपना विश्वास जताया है। आज की वैश्विक परिस्थितियों में पूरे वागड़ का भाजपा के साथ रहना बहुत जरूरी है। आज भारत में स्थिर और मजबूत सरकार का होना भी बहुत जरूरी है। एक ऐसी सरकार जो सरहदों की रक्षा कर सके और जरूरत पड़े तो पाताल में भी खोजकर दुश्मनों का सफाया कर सके। एक ऐसी सरकार जो देश की महिला, किसान, गरीब, वंचित, जनजातीय, पिछड़े वर्ग समाज के इन सभी वर्गों को सम्मान और समृद्धि की तरफ ले जा सके। एक ऐसी सरकार जो युवाओं के सपनों को समझे और उनके लिए नीतियां बनाई। जो देश में भविष्य के हिसाब से इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर सके। पीएम मोदी ने आगे कहा कि हमारा दस साल का ट्रैक रिकॉर्ड गवाह है। ये काम सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। क्या आप जिसका नाम ही नहीं है, पहचान नहीं है, पुराना रिकॉर्ड का अता-पता नहीं है, क्या उनको इतना बड़ा देश दे सकते हैं क्या। अपने बच्चों का भविष्य उसके हवाले कर सके। मोदी को आप जानते हैं न, 23 साल हो गए। 13 साल गुजरात में भी ये बांसवाड़ा-डूंगरपुर के लोगों ने मुझे करीब से देखा है। मैं आपके लिए एक तरह से घर का ही हूं।

10 साल में मिला तीन लाख पक्के घर- पीएम मोदी

बांसवाड़ा और डूंगरपुर के जिन 3 लाख परिवारों को पक्के घर मिले हैं, उनमें से बड़ी संख्या में आदिवासी परिवार हैं। दस साल में दो जिले में तीन लाख पक्के घर ये काम छोटा है क्या। गरीबों और आदिवासियों की चिंता की या नहीं की। बांसवाड़ा में पौने चार लाख परिवारों तक नल से जल पहुंचा है। माता-बहनों का मुझे भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। बांसवाड़ा और डूंगरपुर की पांच लाख बहनों को सस्ते गैस सिलेंडर वाली उज्ज्वला गैस मिली है। मैं आज फिर गारंटी देने आया हूं आने वाले पांच साल मुफ्त राशन मिलता रहेगा। इसका सबसे अधिक फायदा मेरे आदिवासी, दलित, पिछड़े परिवारों को हुआ। पानी और गैस के बाद अब मोदी का मिशन हर घर सूर्य घर बनाने का है। मेरी कोशिश है आपका बिजली का बिल जीरो हो जाए। यानी सरकार घर की छत पर छोटा सा सोलर प्लांट लगाने के लिए आपको पैसे देगी। आर्थिक मदद करेगी। जितनी जरूरत है उतनी बिजली उपयोग करो। अतिरिक्त बिजली सरकार खरीदेगी, उससे कमाई करो।

कोरोना के समय मुफ्त राशन की योजना शुरू की। दुनिया भर में बहुत बड़ा संकट आया था। संकट में सबसे पहले मुझे मेरी आदिवासी भाई-बहनों की याद आई। वंचितों, पिछड़ों, दलितों की याद आई। दुनियाभर के अर्थशास्त्री मुझ पर दबाव डालते थे, रुपए दो उद्योग वालों को, वरना बहुत बड़ा तूफान मच जाएगा, अर्थतंत्र खत्म हो जाएगा। लोगों की नौकरी चली जाएगी। मैंने उनकी नहीं सुनी। किसी उद्योगपति को नहीं दिया। दिया तो गरीब को राशन दिया। तिजोरी खाली कर दी। ये पक्का किया गरीब के घर में चूल्हा जलता रहना चाहिए।

बुजुर्ग माता-पिता के इलाज खर्च अब यह बेटा उठाएगा-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा कि परिवार में बुजुर्ग माता-पिता हैं, कोई बीमारी आ जाए तो दवाई का खर्चा होता है। मैं आपको कहना चाहता हूं जैसे वो आपके माता-पिता हैं, वैसे ही मेरे माता-पिता है। आज आपके माता- पिता के दवाई का खर्च आप उठाते हैं, सत्तर साल से ऊपर के आपके परिवार के बुजुर्ग की दवाइयों का खर्च ये बेटा उठाएगा। 70 साल से ऊपर का जो बुजुर्ग होगा, उसको इलाज मुफ्त दिया जाएगा। सरकार इसका जिम्मा लेगी। माता त्रिपुरा सुंदरी को नमन करता हूं। लखपति दीदी अभियान के तहत एक करोड़ बहनों की वार्षिक आय एक लाख रुपए से अधिक हो चुकी है। अब मोदी की गारंटी है तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाया जाएगा। हमारी बेटी खेलों में आगे बढ़ें, इसके लिए भी विशेष कार्यक्रम विशेष, सुविधाएं बनाई जाएगी। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बहनों के लिए विशेष ट्रेनिंग का इंतजाम किया है। बिना गारंटी का ऋण देने वाली मुद्रा योजना के तहत लोन की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख की जा रही है।

आज आदिवासी समाज की एक बेटी देश की राष्ट्रपति है-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलितों को डराया, कभी आदिवासियों को डराया, कभी अल्पसंख्यकों को डराया। आज भी ये कभी लोकतंत्र को लेकर, संविधान को लेकर, आरक्षण को लेकर भांति-भांति का झूठ फैला रहे हैं, भांति-भांति का डर फैला रहे हैं। भारत डर से आगे निकल चुका है, इसलिए इनका डर का झूठ नहीं चल पा रहा है। कांग्रेस के विरुद्ध ये आदिवासी समाज का आक्रोश है। इसके ठोस कारण हैं। जब पंचायत से देश तक कांग्रेस की सरकारें थीं। तब आदिवासी समाज था कि नहीं था। इनको कभी आदिवासी कल्याण के लिए कोई मंत्री-मिनिस्ट्री बनाने, बजट बनाने का मन नहीं किया।

जब अटल जी की सरकार आई तब आदिवासियों के लिए अलग मिनिस्ट्री बनी, बजट बना। 2014 में आपने अपने सेवक को आशीर्वाद दिया। आज देश की सेनाओं की सुप्रीम कमांडर, देश की राष्ट्रपति आदिवासी समाज की एक बेटी है। पूरी दुनिया ने इसकी प्रशंसा की, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने उसका विरोध किया। भाजपा ही है, जिसने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया। अब भाजपा ने ऐलान किया है कि अगले साल भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को जनजातीय गौरव अभियान के रूप में पूरे वर्ष भर हिंदुस्तान के हर कोने में मनाया जाएगा। जब मैं ये बातें बताता हूं तो कांग्रेस वालों के पेट में दर्द शुरू हो जाता है।

कांग्रेस कहती है कांग्रेस को वोट मत दो- पीएम मोदी

मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ अपनी संतानों के लिए काम करती हैं। सारे कांग्रेस के नेताओं को देख लीजिए। इंडी गठबंधन के लोग अपने बच्चों को फिट करने में लग रहे हैं। मोदी आपकी संतानों के भविष्य के लिए खप रहा है। भाजपा सरकार हर गर्भवती महिला को छह हजार रुपए दे रही है ताकि उन्हें अच्छा भोजन मिले। दस सालों में आदिवासियों के बच्चों के लिए चार सौ से अधिक एकलव्य मॉडल स्कूल खोले हैं। भाजपा का संकल्प है, इनको हम साढ़े सात सौ तक ले जाएंगे। स्वार्थ और अवसरवादिता में घिरी कांग्रेस की हालत ऐसी हो गई है कि कांग्रेस का शाही परिवार आजादी के इतिहास में पहली बार होगा और ये नोट करिए आजादी के बाद इतने चुनाव हुए, पहली बार दिल्ली में जो कांग्रेस का शाही परिवार रहता है वो कांग्रेस को वोट नहीं देगा।

ये शाही परिवार कांग्रेस को वोट नहीं देगा। अगर ये शाही परिवार कांग्रेस को वोट नहीं देता है तो आपसे वोट मांगने का उनका क्या हक है। जहां इस शाही परिवार के लोग रहते हैं, वहां कांग्रेस चुनाव ही नहीं लड़ रही है। पहली बार ऐसा हो रहा है कांग्रेस की दुर्दशा, उनका शाही परिवार खुद कांग्रेस को वोट नहीं कर पाएगा। इधर, राजस्थान में क्या हो रहा है। हमारे यहां कांग्रेस के नेता घर-घर जाकर क्या कह रहे हैं, कांग्रेस को वोट मत दो। हम पहले तो सुनते थे वो कहते थे भाजपा को वोट मत दो। यहां पर पूरी कांग्रेस पार्टी घर-घर जाकर कह रही है कि कांग्रेस को वोट मत दो। दिल्ली में शाही परिवार कांग्रेस को वोट नहीं देता। यहां कांग्रेस कहती है कांग्रेस को वोट मत दो यह हाल है इस पार्टी का।

माओवादी सोच की है कांग्रेस का घोषणा-पत्र- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि इन दिनों जो कांग्रेस को छोड़कर बाहर निकले हैं, वो एक बात गंभीरता से बताते हैं, कांग्रेस अब कांग्रेस नहीं रही है। अब कांग्रेस अर्बन नक्सलों के कब्जे में चली गई है। कांग्रेस अब वामपंथियों के चंगुल में फंसी हुई है। हमारे एक मित्र ने उनसे पूछा कि आप ये कैसे कह सकते हैं तो उन्होंने कहा कि इस बार का कांग्रेस का घोषणा-पत्र देख लीजिए। कांग्रेस ने अपने घोषणा-पत्र में जो कहा है, वो चिंताजनक है, गंभीर है। ये माओवाद की सोच को धरती पर उतारने की उनकी कोशिश है। उन्होंने कहा है अगर कांग्रेस की सरकार बनेगी तो हर एक की प्रॉपर्टी का सर्वे किया जाएगा। हमारी बहनों के पास सोना कितना है, इसकी जांच की जाएंगी। चांदी का हिसाब लगाया जाएगा।

सरकारी मुलाजिमों के पास कितनी जगह है, पैसा कहां है, नौकरी कहां है, जांच की जाएगी। ये गोल्ड है, बहनों का और जो संपत्ति है वो सबको समान रूप से वितरित कर दी जाएगी। क्या आपकी संपत्ति को सरकार को हैक करने का अधिकार है क्या। क्या आपकी मेहनत करके कमाई गई संपत्ति को सरकार को ऐंठने का अधिकार है। मेरी माताओं-बहनों की जिंदगी में सोना सिर्फ शो करने के लिए नहीं होता है। उसके स्वाभिमान से जुड़ा हुआ है। उसका मंगलसूत्र सोने की कीमत का मुद्दा नहीं है, उसके जीवन के सपनों से जुड़ा है, उसे छीनने की बात कर रहे हो अपने घोषणा-पत्र में। गोल्ड ले लेंगे, सबको वितरित कर देंगे। पहले जब उनकी सरकार थी, तब उन्होंने कहा था देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। इसका मतलब ये संपत्ति इकट्‌ठी करके किसको बांटेंगे, जिनके ज्यादा बच्चे हैं, उनको बांटेंगे, घुसपैठियों को बांटेंगे। क्या आपकी मेहनत की कमाई का पैसा घुसपैठियों को दिया जाएगा। आपको मंजूर है ये।

कांग्रेस में भ्रष्टाचार ही शिष्टाचार- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा कि साथियों कांग्रेस में भ्रष्टाचार ही शिष्टाचार है। ये तो वागड़ के लोग अच्छी तरह जानते हैं। कांग्रेस के शासनकाल में युवाओं के साथ खिलवाड़ किया गया। अब कांग्रेस के पेपर लीक माफिया पर भी हमारे भजनलाल जी पूरी ताकत से लगे हैं, उनको ठिकाने लगाकर रहेंगे। केंद्र सरकार ने भी इसके लिए एक कड़ा कानून बनाया है। इनको ये भी पता नहीं है पार्लियामेंट में बैठते हैं। पेपर लीक का कानून बन चुका है। घूमते-फिरते हैं हम कानून बनाएंगे। ये कानून युवाओं को धोखा देने वालों को कड़ी सजा दिलाएगा। ये मोदी की गारंटी है। कांग्रेस ने वागड़ इलाके को भी सड़क, रेल और दूसरी कनेक्टिविटी से हमेशा वंचित रखा। आपको ऐसी सुविधाएं देना मोदी की गारंटी है। हमने डूंगरपुर-रतलाम रेल लाइन को वाया बांसवाड़ा से जोड़ने का काम शुरू करवाया। इस काम को भी कांग्रेस ने बरसों तक लटका रखा था। बांसवाड़ा में पावर प्लांट भी बन रहा है। चार जून के बाद ऐसे हर काम को तेजी से पूरा किया जाएगा। हमें विकसित भारत बनाने के लिए बहुत कुछ करना है। मोदी का मिशन है 24 बाय 7 फॉर 2047। मैं आपको भी इस मिशन से जुड़ने के लिए आमंत्रित कर रहा हूं।

Sandip Kumar Mishra

Sandip Kumar Mishra

Content Writer

Sandip kumar writes research and data-oriented stories on UP Politics and Election. He previously worked at Prabhat Khabar And Dainik Bhaskar Organisation.

Next Story