×

Lok Sabha Election 2024: पुरी में प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो में उमड़ी भारी भीड़, भाजपा प्रत्याशी संबित पात्रा के लिए मांगा समर्थन

Lok Sabha Election 2024: प्रधानमंत्री मोदी के व्यस्त कार्यक्रम के कारण यह रोड शो सुबह-सुबह आयोजित किया गया मगर इसके बावजूद इस रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 20 May 2024 4:30 AM GMT
PM Modi in Puri
X

PM Modi in Puri  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों का धुआंधार दौरा करने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी ने आज ओडिशा के पुरी में रोड शो किया।

प्रधानमंत्री मोदी के व्यस्त कार्यक्रम के कारण यह रोड शो सुबह-सुबह आयोजित किया गया मगर इसके बावजूद इस रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ पुरी से भाजपा के प्रत्याशी संबित पात्रा भी मौजूद थे।

संबित पात्रा के लिए मांगा लोगों से समर्थन

ओडिशा के प्रमुख धार्मिक शहर पुरी में सातवें चरण में 25 मई को मतदान होने वाला है। इस लोकसभा क्षेत्र में संबित पात्रा की जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत लगा रखी है। प्रधानमंत्री के रोड शो में उमड़ी भीड़ को संबित पात्रा के लिए अच्छा संकेत माना जा रहा है। पीएम मोदी के रोड शो के दौरान सड़क के दोनों और काफी संख्या में लोग मौजूद थे।

संबित पात्रा को भाजपा ने पुरी से 2019 के लोकसभा चुनाव में भी मैदान में उतारा था मगर उस समय पात्रा को हार का सामना करना पड़ा था। इस बार वे अपनी पिछली हार का बदला लेने की कोशिश में जुटे हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हाथ हिलाकर सड़क के दोनों ओर मौजूद भारी भीड़ का अभिवादन स्वीकार किया।


भगवान जगन्नाथ के मंदिर के सामने से निकला रोड शो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह रोड शो भगवान जगन्नाथ के मंदिर के सामने से निकाला गया। इसी मार्ग से विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा भी निकाली जाती है। प्रधानमंत्री मोदी का आज ओडिशा में व्यस्त कार्यक्रम है। पीएम मोदी आज कटक और अंगुल में चुनावी रैलियों को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री पर पश्चिम बंगाल रवाना हो जाएंगे जहां झारग्राम में उनकी बड़ी चुनावी रैली होने वाली है।


पिछले चुनाव में संबित पात्रा ने दी थी कड़ी चुनौती

इस बार के लोकसभा चुनाव में पुरी लोकसभा सीट काफी चर्चाओं में बनी हुई है। इस लोकसभा सीट पर करीब दो दशक से नवीन पटनायक की बीजू जनता दल का कब्जा बना हुआ है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर संबित पात्रा ने काफी मजबूती से यहां चुनाव लड़ा था। 2019 में भाजपा और बीजू जनता दल के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। हालांकि बीजू जनता दल के पिनाकी मिश्रा जी हासिल करने में कामयाब रहे थे।

2019 के चुनाव में पिनाकी मिश्रा को 5,38,321 और संबित पात्रा को 5,26,607 वोट मिले थे। पिनाकी मिश्रा ने संबित पात्रा को 11,714 वोटों से हराया था। उसके बाद संबित पात्रा इस लोकसभा क्षेत्र में काफी सक्रिय रहे हैं और इस बार उनकी जीत की संभावना जताई जा रही है। भाजपा ने पुरी में बीजू जनता दल को पटखनी देने के लिए पूरी ताकत लगा रखी है।


नवीन पटनायक को घेरने में जुटी है भाजपा

ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव भी हो रहे हैं। पहले राज्य में भाजपा और बीजू जनता दल के बीच गठबंधन की चर्चाएं थीं मगर सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच बात नहीं बन सकी और बाद में दोनों दलों ने अपने रास्ते अलग कर लिए। अब भाजपा बीजू जनता दल को कड़ी चुनौती देने की कोशिश में जुटी हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के चुनावी दौरों में राज्य के मुख्यमंत्री बीजू जनता नवीन पटनायक पर तीखा हमला किया है। दूसरी ओर नवीन पटनायक यदि इस बार भी मुख्यमंत्री बनने में कामयाब रहे तो वे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री बने रहने का इतिहास रच देंगे।




Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story