×

Mandi Lok Sabha Seat: कंगना के खिलाफ इस दिग्गज को उतारने की तैयारी, पहले किया था इनकार, अब चुनाव लड़ने को तैयार

Mandi Lok Sabha Seat: कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पहले इस सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था मगर अब वे इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 26 March 2024 6:19 AM GMT
Pratibha Singh on Kangana Ranaut
X

Kangana Ranaut Pratibha Singh (photo: social media )

Mandi Lok Sabha Seat: हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट को इस बार काफी हॉट माना जा रहा है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट से चर्चित बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत को चुनाव मैदान में उतार दिया है। कांग्रेस ने अभी तक इस सीट से अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। अब सबकी निगाहें कांग्रेस उम्मीदवार पर ही लगी हुई हैं।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी और राज्य कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पहले इस सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था मगर अब वे इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने इस बाबत पार्टी हाईकमान को संदेश भी भेजा है। माना जा रहा है कि इस संदेश के बाद प्रतिभा सिंह को कंगना रनौत के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। ऐसे में इस हाईप्रोफाइल सीट पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।

प्रतिभा सिंह अब चुनाव लड़ने के लिए तैयार

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत को मंडी से चुनाव मैदान में उतारने के बाद से ही पूरे देश में इस सीट को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस भी सीट को लेकर गहराई से मंथन करने में जुटी हुई है। पहले इस सीट पर कांग्रेस की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का नाम तय माना जा रहा था मगर पिछले दिनों उन्होंने इस सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था मगर अब उन्होंने यूटर्न ले लिया है।

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि प्रतिभा सिंह भी अब इस लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं और उन्होंने इस बाबत पार्टी हाईकमान को अपना संदेश भी भेजा है। कंगना रनौत की उम्मीदवारी के ऐलान के बाद प्रतिभा सिंह के रुख में यह बदलाव लिखा है। ऐसे में माना जा रहा है कि अब कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व प्रतिभा सिंह को इस लोकसभा क्षेत्र से सियासी अखाड़े में उतार सकता है।

इस सीट पर हो सकता है दिलचस्प मुकाबला

जानकारों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश के बदले हुए सियासी हालत में कांग्रेस नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की फैमिली को नाराज करने का जोखिम नहीं उठाएगा। राज्य में पिछले दिनों हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के छह विधायकों ने बागी तेवर दिखाते हुए भाजपा को समर्थन दिया था। इस कारण भाजपा प्रत्याशी को जीत हासिल हुई थी। बाद में इन छह बागी विधायकों की सदस्यता रद्द कर दी गई थी। प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने भी कांग्रेस नेतृत्व को आंखें दिखाई थीं।

ऐसे में कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व अब वीरभद्र सिंह की फैमिली को साथ मिलाकर चलने का पक्षधर दिख रहा है। इस कारण माना जा रहा है की प्रतिभा सिंह को उनकी इच्छा के अनुरूप मंडी लोकसभा क्षेत्र से टिकट दिया जा सकता है। अगर कांग्रेस नेतृत्व ने यह फैसला किया तो निश्चित रूप से इस लोकसभा क्षेत्र में रोचक मुकाबला होगा।

मंडी सीट पर वीरभद्र फैमिली की मजबूत पकड़

वैसे मंडी लोकसभा क्षेत्र पर वीरभद्र सिंह के परिवार की मजबूत पकड़ मानी जाती रही है। प्रतिभा सिंह खुद इस लोकसभा क्षेत्र से पांच बार चुनाव लड़ चुकी हैं जिनमें तीन बार उन्हें जीत हासिल करने में कामयाबी मिली है। दो बार उपचुनाव के दौरान उन्होंने इस सीट को जीता है।

2021 के उपचुनाव में भी वे इस लोकसभा क्षेत्र में विजयी हुई थीं। उनके दिवंगत पति और हिमाचल प्रदेश के कद्दावर नेता वीरभद्र सिंह ने भी अपना पहला चुनाव मंडी से ही लड़ा था। तब उन्होंने मात्र 26 साल की उम्र में ही इस सीट पर जीत हासिल की थी। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व जल्द ही इस सीट को लेकर बड़ा फैसला ले सकता है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story