×

Lok Sabha Election 2024: 49 सीटें, 695 उम्मीदवार, राजनाथ से राहुल तक की किस्मत दांव पर, जानिए 5वें चरण की खास बातें

Lok Sabha Election 2024: 2024 के लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का प्रचार आज शाम यानी 18 मई को थम गया। सबसे अधिक यूपी की 14 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी, जिन पर कुल 144 उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 18 May 2024 2:34 PM GMT
49 seats, 695 candidates, the fate of Rajnath to Rahul at stake, know the special things of the 5th phase
X

 49 सीटें, 695 उम्मीदवार, राजनाथ से राहुल तक की किस्मत दांव पर, जानिए 5वें चरण की खास बातें: Photo- Social Media

Lok Sabha Election 2024: 2024 के लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए चुनावी शोर 18 मई यानी शनिवार शाम को थम गया। इस चरण में आठ राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की 49 सीटों पर 20 मई को वोट डाले जाएंगे। इन सीटों पर 695 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पांचवें चरण के लिए एक संसदीय क्षेत्र में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की औसत संख्या 14 है। जिन प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत इस चरण में दांव पर है उनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत कई हाई-प्रोफाइल चेहरे भी शामिल हैं।

आइये जानते हैं पांचवें चरण के बारे में क्या है खास...

चर्चित सीटें-

राजनाथ सिंह: Photo- Social Media

राजनाथ सिंह

पांचवें चरण में यूपी की लखनऊ लोकसभा सीट एक चर्चित सीट बनी हुई है। यहां से भाजपा की ओर से रक्षा मंत्री और मौजूदा सांसद राजनाथ सिंह लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। राजनाथ सिंह के सामने सपा ने रविदास मेहरोत्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है। सपा सरकार में मंत्री रह चुके मेहरोत्रा अभी लखनऊ मध्य विधानसभा सीट से सपा के विधायक हैं। वहीं बसपा ने सरवर मलिक को अपना प्रत्याशी बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के राजनाथ सिंह जीते थे। 2019 में लखनऊ सीट पर 54.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

राहुल गांधी: Photo- Social Media

राहुल गांधी

उत्तर प्रदेश की जिन सीटों की सबसे अधिक चर्चा होती है, उनमें से एक रायबरेली लोकसभा सीट भी है। ये सूबे की इकलौती सीट है जहां से 2019 में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। तब सोनिया गांधी यहां से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंची थीं। अब सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुकी हैं।

कांग्रेस ने काफी इंतजार के बाद रायबरेली लोकसभा सीट से राहुल गांधी को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने यहां से दिनेश प्रताप सिंह को मैदान में उतारा है। एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह फिलहाल योगी सरकार में मंत्री हैं। 2019 में रायबरेली सीट पर कांग्रेस की तरफ से सोनिया गांधी ने भाजपा के दिनेश प्रताप को हराया था। पिछले चुनाव में यहां 54.08 प्रतिशत वोट पड़े थे।

स्मृति ईरानी: Photo- Social Media

स्मृति ईरानी

केंद्रीय मंत्री और अमेठी से मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी एक बार फिर भाजपा के टिकट पर यहां से मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस ने नामांकन के आखिरी दिन गांधी परिवार के करीबी किशोरी लाल शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया। बसपा ने यहां से नन्हे सिंह चौहान को टिकट दिया है। 2019 में भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने यहां से राहुल गांधी को हरा कर जीत दर्ज की थी। पिछले चुनाव में यहां 54.08 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

चिराग पासवान: Photo- Social Media

चिराग पासवान

बिहार की हाजीपुर सीट इस चुनाव की चर्चित सीटों में से एक है।यहां से एनडीए की ओर से लोजपा (आर) के चिराग पसवान मैदान में हैं। राजद ने हाजीपुर सीट पर शिवचंद्र राम को प्रत्याशी बनाया है। शिवचंद्र विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से लोजपा से पशुपति पारस ने जीत दर्ज की थी। पिछले चुनाव में यहां 55.26 प्रतिशत मतदान हुआ था।

उमर अब्दुल्ला: Photo- Social Media

उमर अब्दुल्ला

इस समय कश्मीर की वादियों में भले ही पहाड़ों पर बर्फ गिर रही है लेकिन यहां का सियासी पारा गर्म है। कश्मीर की बारामुला सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला चुनावी मैदान में हैं। जिसके चलते यह सीट चर्चा में है। उमर के सामने महबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी से फैयाज अहमद मैदान में हैं। पिछले चुनाव में यह सीट नेशनल कॉन्फ्रेंस के अकबर लोन ने जीती थी। 2019 के चुनाव में यहां 34.6 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

किन-किन राज्यों में मतदान?

पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर मतदान होना है। इन सीटों पर 144 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं महाराष्ट्र की 13 सीटों पर वोट डाले जाएंगे यहां कुल 264 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पश्चिम बंगाल की 7 सीटों पर भी वोट डाले जाने हैं। जहां 88 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार की 5 सीटों पर 80, ओडिशा की 5 सीटों पर 40, झारखंड की 3 सीटों पर 54, जम्मू-कश्मीर की 1 सीट पर 22, लद्दाख की 1 सीट पर 3 उम्मीदवार मैदान में हैं। पांचवें चरण में कुल 49 सीटों पर वोट डाले जाएंगे जहां से 695 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

2019 में इन 49 सीटों पर कैसे थे नतीजे?

2019 के लोकसभा चुनाव में इन 49 सीटों में से जहां 32 पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी तो वहीं 7 पर शिवसेना, 4 पर टीएमसी, एक पर कांग्रेस, एक पर नेशनल कांफ्रेंस, एक पर जदयू, दो पर बीजद और एक सीट पर लोजपा ने जीत दर्ज की थी।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story