×

Ghaziabad News: मिशन 2024 को फतह करने की संघ ने बनाई फुलप्रूफ प्लानिंग, 400 पार की रणनीति

Ghaziabad News: संघ के स्वयंसेवकों ने इन दिशा निर्देशों के तहत गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र में कार्य करना भी शुरू कर दिया है।

Neeraj Pal
Report Neeraj Pal
Published on: 16 March 2024 4:38 AM GMT (Updated on: 16 March 2024 4:40 AM GMT)
RSS Mission 2024
X

RSS Mission 2024  (photo: social media )

Ghaziabad News: भारतीय जनता पार्टी जहां अबकी बार 400 पार के नारे के साथ लोकसभा चुनावों के रण में उतरने जा रही है। वहीं मिशन 2024 को फतेह करने के लिए संघ ने भी फुल प्रूफ प्लान तैयार किया है। संघ के स्वयंसेवक वार्ड स्तर पर जाकर लोकसभा चुनाव की कमान संभालेंगे। इसके लिए संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों को बकायदा दिशा-निर्देश भी जारी हो चुके है। संघ के स्वयंसेवकों ने इन दिशा निर्देशों के तहत गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र में कार्य करना भी शुरू कर दिया है। लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू होने के साथ ही पिछले दिनों संघ के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। वर्चुअल माध्यम से हुई इस बैठक के बाद संघ के पदाधिकारी को चुनाव में जुट जाने के फरमान जारी किए गए हैं। संघ के पदाधिकारियों को कहा गया है कि वो वार्ड स्तर पर हर एक बूथ पर जाकर जनसंवाद करें लोगों तक केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दें।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों को गाजियाबाद लोकसभा सीट 6 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीतने का लक्ष्य दिया गया है। कड़े अनुशासन और मेहनत के लिए अपनी विशेष पहचान कायम कर चुके राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों से लेकर साधारण स्वयंसेवक तक ने इन दिशा निर्देशों के तहत कार्य भी करना शुरू कर दिया है। हालांकि गाजियाबाद लोकसभा सीट पर प्रत्याशी को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। सूत्रों का कहना है की मौजूदा सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ जनरल वी के सिंह को इस बार यहां के स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ ही संघ के आला अधिकारियों के विरोध का भी सामना करना पड़ रहा है। इसी के चलते भाजपा की दो सूची जारी होने के बावजूद गाजियाबाद लोकसभा सीट को लेकर अभी भी सस्पेंस की स्थिति बनी हुई है।

जनरल सिंह पिछले कई माह से लोकसभा क्षेत्र में सक्रिय

गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र में जनरल वीके सिंह की सक्रियता को देखकर कहा जा रहा है कि वो ही यहां से असल दावेदार हैं। जनरल वीके सिंह अपनी ही पार्टी के स्थानीय जन प्रतिनिधियों को भले ही फूटी आंख ना सुहाते हों परंतु उनके लोकसभा क्षेत्र की जनता पूरी तरह उनके साथ दिखाई दे रही है। इसका कारण है जनरल सिंह का पिछले कई माह से अपने लोकसभा क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहना। शहरी से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जनरल वी के सिंह के प्रयास से विकास कार्यों की बाढ़ सी आई हुई है। जनरल वीके सिंह ने सड़क, नाली, खडंजे और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं अपने लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने के लिए गंभीर प्रयास किए हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story