×

Lok Sabha Election: मनोज तिवारी के खिलाफ कन्हैया के सारथी बने सचिन, उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर कांग्रेस ने बनाया ऑब्जर्वर

Lok Sabha Election 2024: सचिन पायलट को कन्हैया कुमार का सारथी बनाए जाने से साफ हो गया है कि कांग्रेस इस सीट पर मनोज तिवारी को कड़ी चुनौती देने की कोशिश में जुट गई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 8 May 2024 9:27 AM GMT
Manoj Tiwari,  Kanhaiya kumar ,Sachin pilot
X

Manoj Tiwari , Kanhaiya kumar , Sachin pilot  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: इस बार के लोकसभा चुनाव में सबकी निगाहें उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर लगी हुई है क्योंकि इस सीट पर भोजपुरी अभिनेता और गायक मनोज तिवारी का मुकाबला कांग्रेस के चर्चित युवा नेता कन्हैया कुमार से हो रहा है। दिल्ली के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आप ने गठबंधन कर रखा है जिसके तहत कांग्रेस तीन और आप चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस पूरी ताकत लगाने में जुटी हुई है और इसी कड़ी में पार्टी ने युवा नेता और राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को इस सीट पर आब्जर्वर के रूप में बड़ी जिम्मेदारी दी है। सचिन पायलट को कन्हैया कुमार का सारथी बनाए जाने से साफ हो गया है कि कांग्रेस इस सीट पर मनोज तिवारी को कड़ी चुनौती देने की कोशिश में जुट गई है।

मनोज तिवारी और कन्हैया के बीच कड़ा मुकाबला

भोजपुरी अभिनेता और चर्चित गायक मनोज तिवारी उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर पिछले दो लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करने के बाद इस बार जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस ने उनके खिलाफ दमदार नेता के रूप में कन्हैया कुमार को उतार दिया है। कन्हैया कुमार को पूर्वांचल ही नहीं बल्कि दिल्ली के लोग भी अच्छी तरह जानते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वे इस सीट पर मनोज तिवारी को कड़ी टक्कर दे सकते हैं।

जेएनयू के पूर्व छात्र नेता कन्हैया कुमार ने पिछला लोकसभा चुनाव बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से लड़ा था। इस चुनाव में उनका मुकाबला केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से हुआ था मगर 2019 में कन्हैया कुमार को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इस बार के लोकसभा चुनाव में कन्हैया कुमार और मनोज तिवारी के बीच दिलचस्प का मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही है।


सचिन को सौंपी कन्हैया को जिताने की जिम्मेदारी

कांग्रेस हाईकमान की ओर से इस बार के चुनाव में सचिन पायलट को खूब तरजीह दी जा रही है और उन्हें स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। वे देश भर में कांग्रेस प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करने में जुटे हुए हैं।

उनके कंधों पर छत्तीसगढ़ के प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। अब कांग्रेस ने दिल्ली की सबसे हाई प्रोफाइल लोकसभा सीट पर कन्हैया कुमार को जिताने की जिम्मेदारी भी सचिन पायलट के मजबूत कंधों पर सौंप दी है।


सीपी जोशी को भी दिल्ली में बनाया पर्यवेक्षक

सचिन पायलट के अलावा राजस्थान के एक और प्रमुख कांग्रेस नेता सीपी जोशी को भी दिल्ली में चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र का पर्यवेक्षक बनाया गया है। चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने जेपी अग्रवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है जिनका मुकाबला भाजपा के प्रवीण खंडेलवाल से हो रहा है।

इससे पूर्व कांग्रेस ने पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। बघेल को रायबरेली लोकसभा क्षेत्र और गहलोत को अमेठी लोकसभा क्षेत्र का वरिष्ठ पर्यवेक्षक बनाया गया है। रायबरेली लोकसभा सीट से इस बार कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनाव मैदान में उतरे हैं जबकि अमेठी से पार्टी ने गांधी परिवार के पुराने वफादार किशोरी लाल शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story