×

Lok Sabha Elections 2024: लखनऊ में प्रत्याशी बदलेगी सपा, पार्टी बदलने में माहिर ये अभिनेता ठोक सकता है ताल!

Lok Sabha Elections 2024: समाजवादी पार्टी द्वरा राजधानी लखनऊ से फिल्म अभिनेता व पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को टिकट देने के कयास लगाए जा रहे हैं।

Abhishek Mishra
Published on: 8 April 2024 11:59 AM GMT
SP will change candidate in Lucknow
X

 लखनऊ में प्रत्याशी बदलेगी सपा: Photo- Social Media

Lok Sabha Elections 2024: समाजवादी पार्टी अब तक नौ लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी बदल चुकी है। इस बीच लखनऊ से सपा उम्मीदवार बदलने की अटकलें लगाई जा रही हैं। राजधानी से फिल्म अभिनेता व पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को टिकट मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं। अभी पार्टी ने लखनऊ मध्य से विधायक रविदास मेहरोत्रा को टिकट दिया है।

राज बब्बर को मिल सकता है टिकट

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन हुआ है। इंडिया गठबंधन के तहत लखनऊ सीट सपा के खाते में आई है। पार्टी की ओर से रविदास मेहरोत्रा को टिकट दिया गया है। लेकिन अब इस सीट पर उम्मीदवार बदला जाना लगभग तय माना जा रहा है। प्रख्यात फिल्म अभिनेता राज बब्बर लखनऊ से पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं।

तीन बार जीते हैं लोकसभा चुनाव

राज बब्बर ने वर्ष 1989 में जनता दल से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया। वह तीन बार लोकसभा और दो बार राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। 1994 में सपा से राज बब्बर पहली बार राज्यसभा के लिए चुने गए थे। वर्ष 2004 में सपा के टिकट पर वह दूसरी बार लोकसभा चुनाव जीते। दो साल बाद समाजवादी पार्टी से उन्हें निष्कासित कर दिया गया। 2009 में डिंपल यादव को फिरोजाबाद सीट से चुनाव हराकर जीत दर्ज की।

अगले लोकसभा चुनाव में राज बब्बर गाजियाबाद सीट से भाजपा के रिटायर्ड जनरल वीके सिंह के खिलाफ चुनाव लड़े। लेकिन जीत नहीं सके। इसके बाद उन्हें कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बना दिया। 2019 लोकसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने इस्तीफा दे दिया।

'किस्सा कुर्सी का' से हुई फिल्मी करियर की शुरुआत

आगरा में जन्मे फिल्म अभिनेता राज बब्बर ने एनएसडी में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद 'किस्सा कुर्सी का' फिल्म के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह इंसाफ का तराजू, आज की आवाज़, बरसात, जिद्दी, दलाल, याराना, दाग द फायर और हीरो जैसी कई हिट फिल्मों में भी अहम किरदार में नजर आए। राज बब्बर कई बार फिल्मफेयर अवार्ड्स के लिए भी नामित हुए।

विवादित बयानों से चर्चा में रहे

राज बब्बर ने राजनीतिक करियर में कई विवादित बयान दिए हैं। साल 2013 में उन्होंने कहा कि मुंबई शहर में फुल मील के लिए बारह रुपए पर्याप्त हैं। भारत में 28 से 32 रुपए में दो समय का पूरा आहार आराम से मिलता है। इस बयान के लिए विपक्षी दलों ने उनकी काफी आलोचना की। राज बब्बर ने 2013 में ही नरेंद्र मोदी की तुलना एडॉल्फ हिटलर से की थी। जिसके बाद इस बयान पर सत्ता और विपक्ष के बीच जमकर विवाद हुआ।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story