×

Lok Sabha Election: पुरी में संबित पात्रा की घेरेबंदी, BJD ने पूर्व पुलिस कमिश्नर को उतारा, धर्मेंद्र प्रधान भी कड़े मुकाबले में फंसे

Lok Sabha Election 2024: भाजपा के मुखर प्रवक्ता संबित पात्रा इस बार भी पुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और बीजू जनता दल ने मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर अरूप पटनायक को उतार दिया।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 28 March 2024 6:16 AM GMT (Updated on: 28 March 2024 8:49 AM GMT)
Lok Sabha Election 2024
X

Lok Sabha Election 2024  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव में इस बार ओडिशा की कई सीटों पर भी सबकी निगाहें लगी हुई हैं। ओडिशा में पहले भारतीय जनता पार्टी और बीजू जनता दल के बीच गठबंधन की चर्चाएं थीं मगर अब यह बात साफ हो चुकी है कि दोनों दल अलग-अलग चुनाव मैदान में उतरेंगे। ऐसे में बीजू जनता दल ने भी राज्य की विभिन्न लोकसभा सीटों पर मजबूत प्रत्याशी उतार दिए हैं।

भाजपा के मुखर प्रवक्ता संबित पात्रा इस बार भी पुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और बीजू जनता दल ने उनके खिलाफ मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर अरूप पटनायक को चुनाव मैदान में उतार दिया है। भाजपा के दिग्गज नेता धर्मेंद्र प्रधान की भी तगड़ी घेरेबंदी की गई है। संबलपुर लोकसभा क्षेत्र में उनके खिलाफ सत्तारूढ़ दल के मजबूत नेता प्रणब प्रकाश दास को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

पटनायक देंगे संबित पात्रा को चुनौती

भारतीय जनता पार्टी की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने हाल में प्रदेश की सभी लोकसभा और विधानसभा सीटों पर पार्टी के अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। इसके बाद भाजपा राज्य के सभी लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में अपनी चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। दूसरी ओर बीजू जनता दल भी मजबूत उम्मीदवारों के जरिए भाजपा को घेरने की कोशिश में जुट गया है।

पुरी लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के दिग्गज प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर अरूप पटनायक को चुनाव मैदान में उतारा गया है। बीजू जनता दल ने पटनायक को 2019 के लोकसभा चुनाव में भुवनेश्वर लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा था। हालांकि उस समय पटनायक को हार का सामना करना पड़ा था। इस बार जीत हासिल करने के लिए पटनायक पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं।

कड़े मुकाबले में फंसे केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

संबलपुर लोकसभा क्षेत्र को भाजपा का गढ़ माना जाता रहा है और इस बार इस सीट से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को चुनाव मैदान में उतारा गया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के नितेश गंगा देब ने इस सीट पर बीजू जनता दल की नलिनी प्रधान को हराया था। इस बार नितेश की जगह धर्मेंद्र प्रधान को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ बीजू जनता दल ने पार्टी के संगठन महासचिव प्रणब प्रकाश दास को चुनाव मैदान में उतार दिया है। प्रकाश दास जाजपुर विधानसभा सीट से तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं और उन्हें मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का काफी करीबी माना जाता है। ऐसे में संबलपुर लोकसभा सीट पर इस बार हाईवोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है।

चार चरणों में होना है मतदान

ओडिशा में लोकसभा की 21 और विधानसभा की 147 सीटें हैं। इस बार राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ ही कराए जा रहे हैं और इस कारण सभी राजनीतिक दलों के लिए चुनाव काफी अहम हो गया है। चुनाव आयोग की ओर से ओडिशा में चार चरणों में चुनाव कराने का कार्यक्रम घोषित किया गया है। राज्य में 13,20 25 मई और 1 जून को मतदान होने वाला है।

भाजपा ने अभी तक राज्य की 18 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं जबकि विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची अभी आना बाकी है। दूसरी और बीजू जनता दल ने सुंदरगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान दिलीप तिर्की को चुनाव मैदान में उतारा है। तिर्की इस लोकसभा क्षेत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद जुएल ओराम को चुनौती देंगे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story