×

स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी अकेले लड़ेगी चुनाव, दो उम्मीदवारों का ऐलान, खुद कुशीनगर से ठोकेंगे ताल

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के दौरान स्वामी प्रसाद उत्तर प्रदेश की कुशीनगर सीट पर खुद चुनाव लड़ेंगे जबकि देवरिया लोकसभा सीट पर उन्होंने एसएन चौहान को अपना प्रत्याशी बनाया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 31 March 2024 5:11 AM GMT (Updated on: 31 March 2024 5:39 AM GMT)
Lok Sabha Election 2024
X

स्वामी प्रसाद मौर्य (सोशल मीडिया)

Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और पिछले दिनों समाजवादी पार्टी से इस्तीफा देकर नया दल बनाने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य अकेले ही चुनाव मैदान में कूद पड़े हैं। पिछले दिनों इस बात की चर्चाएं सुनी जा रही थीं कि स्वामी प्रसाद इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगे मगर इंडिया गठबंधन के साथ उनकी बात नहीं बन सकी। राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने अब प्रदेश की दो लोकसभा सीटों पर अकेले ही चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

लोकसभा चुनाव के दौरान स्वामी प्रसाद उत्तर प्रदेश की कुशीनगर सीट पर खुद चुनाव लड़ेंगे जबकि देवरिया लोकसभा सीट पर उन्होंने एसएन चौहान को अपना प्रत्याशी बनाया है। कुशीनगर में स्वामी प्रसाद मौर्य बसपा के टिकट पर पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि उस समय उन्हें जीत नहीं हासिल हो सकी थी मगर इस क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।

इंडिया गठबंधन में नहीं बन सकी बात

सियासी हल्कों में पिछले कुछ दिनों से स्वामी प्रसाद मौर्य की सपा में वापसी की अटकलें लगाई जा रही थीं। अपने खिलाफ सपा नेताओं की बयानबाजी से नाराज होकर स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा से इस्तीफा दिया था मगर पिछले कुछ दिनों से उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव के प्रति नरम रवैया अपना रखा था। इस कारण उनकी सपा में वापसी की चर्चाएं सुनी जा रही थीं।

इसके साथ ही स्वामी प्रसाद मौर्य के इंडिया गठबंधन में शामिल होकर चुनाव लड़ने की चर्चाएं भी थीं। जानकार सूत्रों का कहना है कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने इसके लिए काफी प्रयास भी किया मगर इंडिया गठबंधन में उनकी बात नहीं बन सकी।

इसके बाद उन्होंने अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने राज्य की कुछ अन्य सीटों पर भी अपने प्रत्याशी उतारने की बात कही है। सूत्रों का कहना है कि वे पांच लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं।

प्रतीक्षा करता रहा मगर नहीं हुआ ऐलान

सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट के जरिए स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपनी बात पर रखी है। उन्होंने लिखा है कि राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के गठन दिनांक 22 फ़रवरी से लेकर आज तक निरंतर इंडिया गठबंधन को जिताने और मजबूत बनाने का प्रयास करता चला आ रहा हूं। इसी क्रम में देशवासियों से हमने अपील भी की कि संविधान बचाओ-भाजपा हटाओ, लोकतंत्र बचाओ-भाजपा हटाओ, देश बचाओ-भाजपा हटाओ।

मौर्य ने लिखा कि इंडिया अलायन्स में सम्मिलित यूपी की दोनों बड़ी पार्टियों के नेताओं से मेरी वार्ता भी हुई एवं उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप मैंने पांच नामों की सूची भी भेजी। मैं प्रतीक्षा करता रहा कि उस पर निर्णय कर इन्ही दोनों पार्टियों की ऒर से तय किये गए नामों की घोषणा भी हो, किंतु आज-तक घोषणा नहीं हुई।

कुशीनगर से ताल ठोकेंगे स्वामी प्रसाद मौर्य

इसके पास बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने खुद कुशीनगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान भी किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि लम्बी प्रतीक्षा के बाद लोकसभा कुशीनगर की जनता की मांग को देखते हुए, कुशीनगर की जनता के सम्मान, स्वाभिमान व विकास का संकल्प लेकर मैं कुशीनगर लोकसभा के प्रत्याशी के रूप में खुद को कुशीनगर की जनता को समर्पित कर रहा हूं। देवरिया लोकसभा में राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के प्रत्याशी एस.एन.चौहान होंगे। शेष नामों की घोषणा भी शीघ्र की जाएगी।

2009 में लड़ चुके हैं कुशीनगर से चुनाव

स्वामी प्रसाद मौर्य बसपा के टिकट पर 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान कुशीनगर से चुनाव लड़ चुके हैं। तब कांग्रेस के उम्मीदवार आरपीएन सिंह ने उन्हें चुनाव में हरा दिया था। आरपीएन सिंह अब भाजपा में शामिल हो चुके हैं और पार्टी की ओर से उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया जा चुका है।

2009 के लोकसभा चुनाव में कुशीनगर में स्वामी प्रसाद मौर्य को हार का मुंह जरूर देखना पड़ा मगर उन्होंने इस क्षेत्र में अपने सियासी जमीन जरूर मजबूत बना ली। ऐसे में माना जा रहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य कुशीनगर में भाजपा और सपा-कांग्रेस गठबंधन के लिए चुनौती बनकर उभरेंगे।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story