Lok Sabha Election 2024: यूपी में BJP की दूसरी लिस्ट को लेकर दिल्ली में आज होगा मंथन, कई दिग्गजों का कट सकता है टिकट

Lok Sabha Election 2024: इस बैठक में भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम बृजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी हिस्सा लेंगे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 18 March 2024 5:14 AM GMT (Updated on: 18 March 2024 5:36 AM GMT)
UP BJP Meeting Today
X

UP BJP Meeting Today  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश में बाकी बची लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए आज राजधानी दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस बैठक में भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम बृजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद आज रात या कल बाकी बची सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया जा सकता है।

भाजपा को अभी उत्तर प्रदेश की बाकी बची 24 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम तय करने हैं और पार्टी के नेता इन सीटों के लिए एक-एक नाम पर काफी गंभीरता से मंथन कर रहे हैं। जानकार सूत्रों का कहना है कि उत्तर प्रदेश की पहली सूची में तो ज्यादा नाम नहीं कटे मगर दूसरी सूची में कई हैवीवेट सांसदों के टिकट काटे जा सकते हैं। चुनाव तारीखों का ऐलान के बाद अब प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देने का काम तेज कर दिया गया है।

यूपी की 24 सीटों पर तय होने हैं प्रत्याशी

भाजपा ने गत 2 मार्च को उत्तर प्रदेश में उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी जिनमें 51 सीटों के नाम शामिल थे। इस सूची में पार्टी ने 47 पुराने सांसदों पर भरोसा जताया था। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में पांच सीटें सहयोगी दलों को दी हैं। इनमें बिजनौर व बागपत रालोद, मीरजापुर व राबर्ट्सगंज अपना दल (एस) तथा घोसी सीट सुभासपा को दी गई हैं। इस तरह भाजपा को अब उत्तर प्रदेश की 24 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित करने हैं।

इनमें से 19 लोकसभा सीटों पर 2019 के चुनाव में पार्टी ने जीत हासिल की थी जबकि 5 सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। जिन बाकी बची सीटों पर पार्टी प्रत्याशी हारे थे उनमें रायबरेली, सहारनपुर, मुरादाबाद, मैनपुरी और गाजीपुर की सीटें शामिल हैं।

इन महत्वपूर्ण सीटों पर फैसला होना बाकी

भाजपा सूत्रों का कहना है कि बाकी बची सीटों पर कुछ पेंच फंसा हुआ है और इस कारण प्रत्याशियों के नाम की घोषणा में विलंब हो रहा है। जिन सीटों पर अभी प्रत्याशियों के नाम का ऐलान होना बाकी है, उनमें कई सीटों पर बड़े नाम शामिल हैं। इनमें संतोष गंगवार की बरेली, ब्रजभूषण शरण सिंह की कैसरगंज, मेनका गांधी की सुलतानपुर, केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह की गाजियाबाद, वरुण गांधी की पीलीभीत, डा.रीता बहुगुणा जोशी की प्रयागराज, सत्यदेव पचौरी की कानपुर और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी की देवरिया सीट शामिल हैं।

पार्टी इन सीटों पर प्रत्याशियों के नाम पर गहराई से मंथन करने में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि इन सीटों पर आज गहराई से मंथन के बाद प्रत्याशियों के नाम को अंतिम रूप दिया जा सकता है।

इन दिग्गज सांसदों का कट सकता है टिकट

जानकार सूत्रों का कहना है कि पार्टी के कई हैवीवेट सांसदों का इस बार टिकट कट सकता है। जिन सांसदों के टिकट कटने की चर्चाएं हैं,उनमें पीलीभीत सांसद वरुण गांधी और सुल्तानपुर से सांसद मेनका गांधी का नाम भी शामिल है। पार्टी विरोधी बयानों के कारण वरुण गांधी का टिकट कटना तय माना जा रहा है। इस बार उनकी मां मेनका गांधी के टिकट पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। प्रयागराज से इस बार रीता बहुगुणा जोशी का भी टिकट कटना तय माना जा रहा है।

स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी और बदायूं से सांसद संघमित्रा मौर्य का टिकट भी फंसा हुआ है। स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोड़ने के बाद से ही उनके टिकट को लेकर कयासों का दौर चलता रहा है। सपा की ओर से बदायूं से शिवपाल सिंह यादव को उतारे जाने के बाद पार्टी इस सीट को लेकर गहराई से मंथन कर रही है।

कानपुर के सांसद सत्यदेव पचौरी ने भी पूरा जोर लगा रखा है मगर इस बार उनका टिकट भी कट सकता है। गाजियाबाद से सांसद वीके सिंह का टिकट काटना भी तय माना जा रहा है।

बाराबंकी सीट का भी होना है फैसला

भाजपा की पहली सूची में बाराबंकी लोकसभा सीट से उपेंद्र सिंह रावत को उतारने का ऐलान किया गया था मगर आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद रावत ने कहा था कि वे जब तक निर्दोष साबित नहीं होंगे, तब तक चुनाव नहीं लड़ेंगे। ऐसे में भाजपा नेतृत्व को बाराबंकी सीट को लेकर भी बड़ा फैसला करना है।

इसके साथ ही भाजपा ने बागपत लोकसभा सीट रालोद को देने का फैसला किया है। ऐसे में यहां के मौजूदा सांसद सत्यपाल सिंह को पार्टी की ओर से क्या फैसला लिया जाता है, इस पर भी सबकी निगाहें होंगी।

कोर ग्रुप की बैठक में होगा मंथन

भाजपा को अभी प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले, दूसरे, पांचवें व सातवें चरण की तीन-तीन, तीसरे व पांचवें चरण के लिए पांच-पांच तथा चौथे चरण की दो सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित करने बाकी हैं। पहले चरण के नामांकन में अब कम समय रह गया है और इस कारण प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देने का काम तेज कर दिया गया है। माना जा रहा है कि आज कोर ग्रुप की बैठक के बाद भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति प्रत्याशियों के नामों को मंजूरी दे सकती है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story