×

MP Assembly Election 2023: एमपी पहुंचे सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, रीवा में अपने प्रत्याशी के लिए मांगेंगे वोट

MP Assembly Election 2023: अखिलेश यादव आज यानी बुधवार 27 सितंबर से दो दिवसीय मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। इस दौरान वे अपने प्रत्याशियों के पक्ष में रैली करने के साथ-साथ सपा के कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिलेंगे और उन्हें चुनाव को लेकर जरूरी टिप्स देंगे।

Krishna Chaudhary
Published on: 27 Sep 2023 5:18 AM GMT
Akhilesh Yadav in MP
X

Akhilesh Yadav in MP (Photo: social media)

MP Assembly Election 2023: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में विधानसभा का चुनाव पूरे दमखम के साथ लड़ने की तैयारी में हैं। इंडिया अलायंस में होने के बावजूद उन्होंने कांग्रेस के सामने यूपी से सटी सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रख दिया है, जिस पर अंतिम फैसला अब कांग्रेस पार्टी को ही करना है। इस बीच सपा सुप्रीमो ने एमपी में अपने प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है।

अखिलेश यादव आज यानी बुधवार 27 सितंबर से दो दिवसीय मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। इस दौरान वे अपने प्रत्याशियों के पक्ष में रैली करने के साथ-साथ सपा के कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिलेंगे और उन्हें चुनाव को लेकर जरूरी टिप्स देंगे। उनकी पार्टी ने फिलहाल एमपी में छह सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, जो सभी यूपी से लगने वाले जिले की सीटें हैं। इन इलाकों में सपा का वोट प्रतिशत बढ़िया रहा है।

अखिलेश यादव का एमपी दौरा

सपा सुप्रीमो और यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव बुधवार सुबह सवा 11 बजे विशेष विमान से खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वे सीधे रीवा के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना हो गए। यादव सिरमौर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक एक के मैदान में सपा प्रत्याशी के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके निशाने पर केंद्र और राज्य में सरकार चला रही भारतीय जनता पार्टी रहेगी। जिनसे वे अपने गृह राज्य यूपी में भी दो-दो हाथ कर रहे हैं। सिरमौर से सपा ने लक्ष्मण तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाया है।

खजुराहो में करेंगे रात्रि विश्राम

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सिरमौर में कार्यक्रम निपटाने के बाद वापस खजुराहो के लिए रवाना हो जाएंगे। जहां वे सपा कार्यकर्ताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे। सपा का फोकस यूपी से सटी सीटों पर संगठन को एक्टिव कर बेहतर प्रदर्शन करना है। सपा सुप्रीमो रात्रि विश्राम यहीं करेंगे। इसके बाद अगले दिन यानी गुरूवार 28 सितंबर को सुबह 11 बजे खजुराहो एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।

2018 में कुछ खास नहीं कर पाई थी सपा

यूपी की दोनों बड़ी पार्टियां सपा और बसपा मध्य प्रदेश में दमखम के साथ चुनाव लड़ती रही हैं। दोनों को समय-समय पर बड़ी कामयाबी भी मिली है। लेकिन साल 2018 के विधानसभा चुनाव में सपा का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। पार्टी महज एक सीट जीत पाई थी। जो साल 2020 में प्रदेश में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद बीजेपी के पाले में चला गया। फिलहाल एमपी विधानसभा में सपा की मौजूदगी शून्य है। सपा 2018 के विधानसभा चुनाव में पांच सीटों पर दूसरे नंबर पर रही थी।

यही वजह है कि अखिलेश यादव यूपी से सटी सीटों पर पार्टी के वोट प्रतिशत का हवाला देकर कांग्रेस के सामने लगातार इसे उनके लिए छोड़ने की मांग कर रहे हैं। बदले में कांग्रेस को यूपी में सीट देने का प्रस्ताव दे रहे हैं। कांग्रेस की ओर से फिलहाल उनके इस प्रस्ताव पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लिहाजा अखिलेश के ताजा दौरे को प्रेशर पॉलिटिक्स से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story