MP Election 2023: भाजपा को हराने और सत्ता परिवर्तन में समाजवादियों की महत्वपूर्ण भूमिका-अखिलेश यादव

MP Election 2023: अखिलेष यादव ने कहा कि भाजपा पिछले 20 वर्षों से मध्य प्रदेश की सत्ता पर काबिज है लेकिन उसने पिछड़ों को पूरा आरक्षण नहीं दिया।

Anant kumar shukla
Published on: 28 Sep 2023 2:39 PM GMT
Akhilesh Yadav MP tour
X

Akhilesh Yadav MP tour

MP Election 2023: समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ है। हम (पीडीए) पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों को एकजुट करके भाजपा को हराने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। पार्टी इंडिया गठबंधन को और मजबूत करने का काम कर रही है। केंद्र में 2024 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनना तय है। मध्य प्रदेश में भी भाजपा को हराने और सत्ता परिवर्तन में समाजवादियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सपा संगठन जिन क्षेत्रों में मजबूत है और जहां पर हमारे प्रत्याशी जीतने की स्थिति में हैं, वहां पर चुनाव लड़ेंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी एक सीट जीती और कई स्थानों पर बहुत मजबूती से चुनाव लड़ी लेकिन भाजपा ने साजिश और षडयंत्र के तहत सपा प्रत्याशियों को हरवा दिया। समाजवादी पार्टी को सरकार में आने का मौका मिला तो मध्य प्रदेश में माता बहनों को हर महीने 6 हजार देकर उनकी मदद करेंगे। यह बात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मध्यप्रदेश में आयोजित प्रेस कांन्फेस मे कहा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य मध्य प्रदेश में भाजपा को हराना है। मध्य प्रदेश में बड़ी संख्या से समाजवादी नेता निकले हैं। यहां समाजवादियों के लिए बड़ी गुंजाइश है, समाजवादी विचारधारा का भविष्य बहुत बड़ा और अच्छा है। समय-समय पर समाजवादी पार्टी के विधायक मध्य प्रदेश में चुनाव जीतते रहे हैं और जनता के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ते रहे हैं। आदिवासियों को उनका हक और सम्मान दिलाएंगे और घर बनाने के लिए लाख रुपये दिए जाएंगे। समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश में जातीय जनगणना कराकर सभी जातियों को उनका हक और सम्मान दिलाएगी।

एमपी में आदिवासियों, पिछड़ों की उपेक्षा किया गया

अखिलेष यादव ने कहा कि भाजपा पिछले 20 वर्षों से मध्य प्रदेश की सत्ता पर काबिज है लेकिन उसने पिछड़ों को पूरा आरक्षण नहीं दिया। केंद्र और प्रदेश दोनों जगह लंबे समय से भाजपा की सरकार होने के बावजूद उसने आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों, किसानों की उपेक्षा की। भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश में वंचित वर्गों को न हक दिया और न सम्मान दिया। मध्य प्रदेश में महिलाओं, बहन, बेटियों के साथ बहुत ज्यादा अन्याय और अत्याचार हो रहा है, लेकिन भाजपा सरकार उन्हें सुरक्षा नहीं दे पा रही है। एनसीआरबी के आंकड़ों से स्पष्ट है कि भाजपा शासित राज्य उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश महिला अपराधों के मामले में देश में सबसे ऊपर हैं।

उन्होंने कहा कि बीजेपी मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत सीटों पर टिकट क्यों नहीं दे रही है? उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ सपने दिखाती है और धोखा देती है। मध्य प्रदेश में किसान, नौजवान, गरीब सभी वर्ग दुखी हैं। भाजपा की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था तबाह हो रही है। नौजवानों के हाथ खाली हैं, उन्हें नौकरी और रोजगार नहीं मिल रहा है। बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, खाने, पीने की चीजें, दवा, इलाज सब महंगा हो गया है, इसके लिए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story