×

MP : दिग्विजय सिंह के बयान से गरमाई सियासत, कांग्रेस अध्यक्ष पद की दावेदारी में आया नया मोड़

दिग्विजय सिंह ने चैनल से बातचीत में कहा, 'आप मुझे इस रेस से बाहर क्यों रख रहे हैं? कोई भी कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकता है। चुनाव लड़ने से किसी को रोका नहीं जा सकता है।'

Network
Report Network
Published on: 22 Sep 2022 3:47 AM GMT (Updated on: 22 Sep 2022 3:49 AM GMT)
congress president election congress president digvijay singh congress president ashok gehlot shashi tharoor
X

दिग्विजय सिंह (File Photo) 

Congress President Election 2022 : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के एक बयान से सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव दिलचस्प होता जा रहा है। अब तक अशोक गहलोत और शशि थरूर के ही चुनाव में उतरने की चर्चाएं थीं, लेकिन दिग्विजय सिंह के एक बयान ने इसमें ट्विस्ट ला दिया है। दिग्विजय सिंह ने एक इंटरव्यू में कहा कि मुझे भी चुनाव लड़ने का अधिकार है। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि दिग्विजय सिंह भी चुनावी मैदान में आ सकते हैं।

दिग्विजय सिंह ने बुधवार को एक चैनल से बातचीत के दौरान कहा कि, 'आप मुझे इस रेस से बाहर क्यों रख रहे हैं? कोई भी कांग्रेस के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकता है। चुनाव लड़ने से किसी को रोका नहीं जा सकता है। मुझे भी चुनाव लड़ने का अधिकार है। 30 सितंबर तक का इंतजार कीजिए।' उल्लेखनीय है कि 30 सितंबर ही अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की आखिरी तारीख है।

'एक व्यक्ति एक पद'

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की उम्मीदवारी को लेकर भी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि, अशोक गहलोत अनुभवी नेता हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त हैं। हालांकि, उन्होंने उदयपुर अधिवेशन में पारित "एक व्यक्ति एक पद" वाले पारित प्रस्ताव का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि अगर गहलोत कांग्रेस के अध्यक्ष बनते हैं तो उन्हें सीएम का पद छोड़ना होगा। दिग्विजय सिंह ने इस बात की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया कि ऐसा होने पर पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट राजस्थान के मुख्यमंत्री बन सकते हैं।

राहुल अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे

दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी की भूमिका को लेकर कहा कि, 'राहुल वह जिम्मेदारी निभाएंगे जो कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से उन्हें दिया जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के कांग्रेस फेस होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह उन 119 यात्रियों में से एक हैं, जो कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा कर रहे हैं।'

सोनिया रहेंगी 'न्यूट्रल'

सियासी गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे है। हालांकि, उन्होंने चुनाव लड़ने संबंधी कोई औपचारिक ऐलान नहीं किया है। गहलोत ने बुधवार शाम सोनिया गांधी से दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात की और दो घंटे से ज्यादा समय तक चर्चा की। खबरों के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान सोनिया गांधी ने स्पष्ट कर दिया है कि चुनाव में न्यूट्रल रहेंगी और किसी भी नेता का पक्ष नहीं लेंगी।

शशि थरूर भी टटोल रहे नब्ज

उधर, शशि थरूर ने बुधवार को कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री से मुलाकात की और अपनी उम्मीदवारी को लेकर चर्चा की। मिस्त्री ने बताया कि थरूर चुनाव प्रक्रिया से संतुष्ट हैं। बता दें कि, कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन भरने की आखिरी तारीख 30 सितंबर है। वहीं, 17 अक्टूबर को चुनाव होगा और मतों की गिनती 19 अक्टूबर को होगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story