×

DK Shivakumar in MP: एमपी में कांग्रेस कर्नाटक से भी अधिक सीटें जीतेगी, हिंदुत्व बीजेपी की पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं

DK Shivakumar in MP: कर्नाटक के डिप्टी सीएम ने कहा कि जब उनका खराब समय चल रहा था, तब वे तीन बार यहां आ चुके हैं। विधानसभा चुनाव से पहले भी वो यहां आए थे और महाकाल का आर्शीवाद लेकर गए थे।

Krishna Chaudhary
Published on: 11 Jun 2023 10:13 AM GMT
DK Shivakumar in MP: एमपी में कांग्रेस कर्नाटक से भी अधिक सीटें जीतेगी, हिंदुत्व बीजेपी की पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं
X
(Pic: Newstrack)

DK Shivakumar in MP: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार बीजेपी के खिलाफ विधानसभा चुनाव में मिली बड़ी कामयाबी के बाद से लगातार मंदिरों में हाजिर लगा रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस नेता मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर पहुंचे। रविवार सुबह तड़के उन्होंने भस्म आरती में हिस्सा लिया और महाकाल की पूजा अर्चना की। इससे पहले वो शनिवार को दतिया स्थित श्री पितांबरा पीठ के दर्शन करने गए थे।

इस मौके पर उन्होंने खुद को महाकाल का बड़ा भक्त बताया। कर्नाटक के डिप्टी सीएम ने कहा कि जब उनका खराब समय चल रहा था, तब वे तीन बार यहां आ चुके हैं। विधानसभा चुनाव से पहले भी वो यहां आए थे और महाकाल का आर्शीवाद लेकर गए थे। शिवकुमार ने इस दौरान बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि भगवान, मंदिर और हिंदुत्व भारतीय जनता पार्टी की पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं है।

एमपी में कांग्रेस कर्नाटक से भी अधिक सीटें जीतेगी

कर्नाटक में कांग्रेस के चाणक्य कहे जाने वाले वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार ने साल के आखिरी में मध्य प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी को लेकर बड़ी भविष्यवाणी कर दी। उन्होंने कहा कि इस बार एमपी में कांग्रेस कर्नाटक से भी अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की तरह यहां की जनता भी बीजेपी सरकार के भ्रष्टाचार से परेशान है। आगामी विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। डीके ने तंज कसते हुए कहा कि इसबार डंबल इंजन की सरकार एमपी में भी बदलेगी। कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सहित सभी नेता साथ मिलकर काम कर रहे हैं। एमपी चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि ये राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा।

एमपी-कर्नाटक का क्या है पॉलिटिकल कनेक्शन

साल 2019 में केंद्र में मोदी सरकार की वापसी के बाद देश के दो बड़े राज्यों में सरकारें गिर गई थीं। सबसे पहले भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक में ऑपरेशन लोट्स चलाकर कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार को गिराया था। इसके बाद अगले साल यानी 2020 में मध्य प्रदेश में बीजेपी ने ऑपरेशन लोट्स चलाकर 15 साल बाद आई कांग्रेस सरकार को मात्र माह में गिरा दिया। एमपी में 2018 में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर थी।

लेकिन ज्योजिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में कांग्रेस के एक दर्जन से अधिक विधायकों ने कमलनाथ सरकार के खिलाफ बगावत कर दिया था। बीजेपी ने सिंधिया समर्थित समेत अन्य कांग्रेस विधायकों को बेंगलुरू के ही एक रिजॉर्ट में रखा था। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बेंगलुरू में उस रिजॉर्ट के बाहर प्रदर्शन भी किया था। इस दौरान डीके शिवकुमार भी मौजूद थे। कर्नाटक जीतकर कांग्रेस ने बीजेपी से ऑपरेशन लोट्स का बदला तो ले लिया, अब क्या वो मध्य प्रदेश में भी ऐसा कमाल कर पाएगी, देखना दिलचस्प होगा।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story