×

MP News: पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की कार ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, हवा में उछला शख्स, देखें वीडियो

MP News: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की कार ने एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतना भीषण था कि बाइक सवार हवा में उछल गया।

Krishna Chaudhary
Published on: 10 March 2023 3:12 AM GMT
X

बाइक में टक्कर मारती कार (न्यूज नेटवर्क) 

MP News: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की कार ने एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतना भीषण था कि बाइक सवार हवा में उछल गया। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त पूर्व सीएम भी कार में मौजूद थे। घटना के बाद फौरन वो कार से उतरे और जख्मी युवक को अपनी गाड़ी से स्थानीय अस्पताल ले गए।

जीरापुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक को भोपाल रेफर कर दिया गया। हादसे से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़ित युवक सड़क के एक किनारे से दूसरे किनारे के लिए अपना बाइक घुमाता है। इस दौरान सामने से आ रही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की फॉर्च्यूनर कार उसे टक्कर मार देती है।


मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह गुरूवार को राजगढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश पुरोहित के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। पिछले दिनों उनकी माताजी का देहांत हो गया था। कोडक्या गांव में श्रद्धांजलि अर्पित कर वह वापस राजगढ़ आ रहे थे, तभी जीरापुर में शिक्षक कॉलोनी के नजदीक उनकी कार ने एक युवक को टक्कर मार दी।

मजदूरी का काम करता है पीड़ित युवक

बाइक सवार युवक का नाम बब्लू है। 28 वर्षीय बब्लू मजदूरी का काम करता है। युवक के पैर और सिर में चोट आई है। जीरापुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजधानी भोपाल के चिरायू अस्पताल रेफर कर दिया गया। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने खुद पीड़ित से मिलकर हाल-चाल जाना और उसे भोपाल भेजने का इंतजाम करवाया। सिंह ने कहा कि ईश्वर का शुक्र है कि युवक को ज्यादा चोट नहीं लगी है, फिर भी हम उसे भोपाल शिफ्ट कर रहे हैं।

दिग्विजय सिंह की कार जब्त

जीरापुर पुलिस ने हादसे के बाद पीड़ित के बयान पर दिग्विजय सिंह के ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से कार चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, पूर्व सीएम की कार जब्त कर थाने में खड़ी करवा दी गई है। कांग्रेस सांसद इसके बाद अपने कार्यकर्ता की गाड़ी से राजगढ़ में कार्यक्रम निपटाने के बाद भोपाल लौटे।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story