×

Madhya Pradesh: बच्चे को कुएं से निकालने के लिए जुटी थी भीड़, 30 से अधिक लोग पानी में गिरे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में एक बच्चे की कुएं में गिरने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे ढूंढने के लिए कुएं की छत पर पहुंच गए। इसी दौरान कुए पर बनाई छत भरभरा कर गिर गई। करीब 30 लोग कुएं के पानी में गिर गए।

Akshay karoliya
Report Akshay karoliyaPublished By Satyabha
Published on: 15 July 2021 6:06 PM GMT (Updated on: 15 July 2021 6:10 PM GMT)
madhya pradesh news
X

कुंए में गिरे लोगों को बाहर निकाला जा रहा फोटो- सोशल मीडिया

मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में गंजबासौदा इलाके के अंतर्गत आने वाले गांव लाल पठार में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। इस गांव में एक बच्चे की कुएं में गिरने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे ढूंढने के लिए कुएं की छत पर पहुंच गए। लोगों की संख्या अधिक होने के कारण कुएं पर बनाई छत भरभरा कर गिर गई। जिसकी वजह से करीब 30 लोग कुएं के पानी में गिर गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद 20 लोगों को बाहर निकाल लिया। उन्हें हल्की चोटें आई थीं। हादसे में घायल 5 लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

ग्राम पंचायत स्वरूपनगर के सरपंच अमर सिंह ने बताया कि गांव लाल पठार का आधा हिस्सा उनकी पंचायत में भी आता है। गुरुवार की रात को पानी भरने के लिए गया एक बच्चा कुए में गिर गया था। ग्रामीणों को जब इसकी सूचना मिली तो करीब 50 से अधिक लोग उसे निकालने के लिए कुएं पर जा पहुंचे।

दोनों तरफ की छत कुएं में गिर गई

कुशवाह के मुताबिक, इस कुए पर लोहे की गाटर डालकर सीमेंट की छत डाल दी थी। इस कुएं में सिर्फ बीच का हिस्सा खुला रहता था। बच्चे को खोजने पहुंचे लोग गाटर की इस छत पर चढ़ गए। भीड़ के दबाव के कारण दोनों तरफ की छत कुएं में गिर गई। इसके चलते छत पर खड़े लोग भी कुएं के पानी में जा गिरे। सरपंच के मुताबिक यह कुआं करीब 30 फिट गहरा है। जिसमें करीब 20 फिट तक पानी भरा हुआ था।

घटना स्थल पर लोगों की भीड़

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों के अलावा प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। कुए में गिरे 20 लोगों को बाहर निकाल लिया गया। उन्हें हल्की चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड द्वारा कुए से पानी खाली कराया जा रहा है। कुएं में गिरे बालक और पांच अन्य लोगों का समाचार लिखे जाने तक पता नहीं चल पाया था।

कलेक्टर एसपी मौके पर मौजूद

बदा दें कि रात करीब 9 बजे 16 वर्षीय संदीप परिहार पानी भरने के लिए कुएं के पास गया था। उसी दौरान वह कुएं में गिर गया। उसे बचाने के लिए ग्रामीण कुएं की छत पर एकत्रित हुए और छत भर भराकर गिर गई। मौके पर कलेक्टर पंकज जैन, एसपी विनायक वर्मा पहुंच गए है।

Satyabha

Satyabha

Next Story