MP Assembly Election 2023: भाजपा की दूसरी सूची भी तैयार, 36 प्रत्याशियों के नाम पर लगी मुहर, कमलनाथ के खिलाफ भी तय हो गया योद्धा

MP Assembly Election: केंद्रीय चुनाव समिति की बुधवार को दिल्ली में हुई बैठक के दौरान 36 प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगाई गई। हालांकि पार्टी की ओर से अभी इस बाबत आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 14 Sep 2023 6:46 AM GMT
MP Assembly Election
X

MP Assembly Election (photo: social media )

MP Assembly Election 2023: भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव पर पूरा फोकस कर रखा है। पार्टी राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों के चयन में भी जोर से जुटी हुई है। केंद्रीय चुनाव समिति की बुधवार को दिल्ली में हुई बैठक के दौरान 36 प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगाई गई। हालांकि पार्टी की ओर से अभी इस बाबत आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जल्दी की पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की जा सकती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मौजूदगी में हुई केंद्रीय चुनाव समिति के बैठक के दौरान मध्य प्रदेश के कई प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों को लेकर भी फैसला किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गढ़ माने जाने वाली छिंदवाड़ा विधानसभा से पार्टी की ओर से विवेक साहू को चुनावी अखाड़े में उतारने की तैयारी है। इससे पूर्व पार्टी ने 17 अगस्त को 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। अब पार्टी की दूसरी सूची पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं।

36 नामों पर भाजपा ने लगाई मुहर

मध्य प्रदेश का विधानसभा चुनाव सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए कांग्रेस की ओर से पूरी ताकत लगाई जा रही है। 2024 की सियासी जंग से पहले भाजपा भी इस राज्य को अपने हाथ से नहीं निकलने देना चाहती।

इसी कारण पार्टी ने इस बार चुनाव तारीखों की घोषणा से पूर्व ही अपने प्रत्याशियों के नाम तय करने शुरू कर दिए हैं। राजधानी दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में बुधवार को हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मध्य प्रदेश को लेकर गहराई से मंथन किया गया।

पार्टी की ओर से इस बैठक के दौरान 39 विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की गई। इनमें से 36 नामों पर सहमति बन गई जबकि तीन अन्य सीटों पर उम्मीदवार तय करने की जिम्मेदारी गृहमंत्री अमित शाह पर छोड़ी गई है। माना जा रहा है कि गृह मंत्री शाह राज्य के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद इन तीन नामों को भी जल्द ही फाइनल कर देंगे।

कमलनाथ के खिलाफ विवेक साहू को उतारने की तैयारी

मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गढ़ माना जाता है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी की ओर से कमलनाथ के खिलाफ छिंदवाड़ा से विवेक साहू को उतारने का फैसला किया गया है। विपक्ष के नेता गोविंद सिंह के खिलाफ भिंड जिले की लहार सीट से अंबरीश शर्मा गुड्डू को चुनावी अखाड़े में उतारने की तैयारी है।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की करीबी मानी जाने वाली इमरती देवी को ग्वालियर जिले की डबरा विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। सिंधिया खेमे से जुड़े हुए रघुराज कंसाना को मुरैना से टिकट देने का फैसला किया गया है। ग्वालियर दक्षिण सीट से नारायण सिंह कुशवाहा पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं।

हारी हुई सीटों पर भाजपा का विशेष फोकस

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की ओर से ऐसी 103 सीटों पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है,जिन पर पार्टी को पिछले विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी ने ऐसी 39 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान अगस्त महीने के दौरान ही कर दिया था। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी जल्द ही 64 और प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर सकती है। वैसे बुधवार को हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के दौरान 36 नामों पर मुहर लगने की खबर है।

भाजपा की रणनीति में बदलाव

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। पहले पार्टी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद अपने प्रत्याशी घोषित करती थी मगर यह पहला मौका है जब पार्टी ने चुनाव तारीखों के ऐलान से पहले ही अपने प्रत्याशियों के नाम तय करने शुरू कर दिए हैं।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे। बैठक की शुरुआत से पूर्व जी-20 की कामयाबी पर भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री मोदी का पुष्प वर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story