MP Election 2023: मध्य प्रदेश में जातिगत जनगणना को हथियार बनाएगी कांग्रेस, जल्द जारी होगी उम्मीदवारों की पहली सूची

MP Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश को लेकर शनिवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक भी हुई। इस बैठक के दौरान भाजपा के खिलाफ मजबूत उम्मीदवारों को उतारने पर गहराई से मंथन किया गया।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 8 Oct 2023 4:08 AM GMT
MP Politics
X

पूर्व सीएम कमलनाथ (सोशल मीडिया)

MP Assembly Election 2023: पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विशेष तौर पर ताकत लगा रखी है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस भाजपा की ओर से दलबदल करके सरकार बनाने का बदला लेना चाहती है। इस कारण कांग्रेस मध्य प्रदेश में काफी एक्टिव मोड में नजर आ रही है।

मध्य प्रदेश को लेकर शनिवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक भी हुई। इस बैठक के दौरान भाजपा के खिलाफ मजबूत उम्मीदवारों को उतारने पर गहराई से मंथन किया गया। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के चुनाव में पार्टी की चुनावी रणनीति पर भी चर्चा की गई। जानकार सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश में कांग्रेस जातिगत जनगणना को अपना बड़ा सियासी हथियार बनाएगी। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची जल्द आने की संभावना है।

जल्द जारी होगी प्रत्याशियों की सूची

केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के दौरान 140 उम्मीदवारों के नाम पर गहराई से मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही नाम पर अंतिम मुहर लगाकर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी।

दूसरी ओर पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा हुई है और आने वाले दिनों में प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

कमलनाथ होंगे पार्टी का चेहरा

प्रदेश प्रभारी सुरजेवाला ने कहा कि मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में जाति जनगणना कांग्रेस का मुख्य एजेंडा होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग से जुड़े लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी। पार्टी इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है। कांग्रेस नेताओं की ओर से अपनी सभाओं के दौरान भी जाति जनगणना के मुद्दे पर खासा जोर दिया जा रहा है। पार्टी नेताओं के तेवर से साफ हो गया है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस इस मुद्दे पर भाजपा को घेरने का प्रयास करेगी।

राज्य में कांग्रेस की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से किसी भी नेता को सीएम पद का चेहरा नहीं घोषित किया गया है मगर कांग्रेस की ओर से कमलनाथ को ही सीएम चेहरा माना जा रहा है। सीएम चेहरे के सवाल पर सुरजेवाला ने कहा कि मध्य प्रदेश में कमलनाथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं और कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष ही पार्टी का चेहरा होता है। मध्य प्रदेश में पार्टी के चेहरे को लेकर कोई दुविधा की स्थिति नहीं है।

नाकामियों पर घेरेगी कांग्रेस

सुरजेवाला ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कांग्रेस की बैठक के दौरान शिवराज सरकार की इन नाकामियों पर भी चर्चा की गई। इन नाकामियों को लेकर कांग्रेस भाजपा सरकार को घेरने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।

उन्होंने दावा किया का मध्य प्रदेश में बदलाव की बयार बह रही है और चुनाव में इसका पूरा असर दिखेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सभाओं के दौरान शिवराज सिंह चौहान के नाम और उनके काम का कोई जिक्र नहीं कर रहे हैं। इससे समझा जा सकता है कि बीजेपी घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की लगभग सभी सीटों पर पार्टी ने मंथन का काम पूरा कर लिया है और जल्द ही पार्टी उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लग जाएगी। इसके बाद कांग्रेस का चुनाव अभियान और तेज हो जाएगा।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story