×

MP CM Shivraj Singh Chauhan: अब मध्य प्रदेश में बुलडोजर मामा

MP CM Shivraj Singh Chauhan: योगी सरकार की तरह ही मध्य प्रदेश में अब शिवराज सिंह चौहान भी बुलडोजर से अपराधियों का अवैध निर्माण ढहा रहे हैं। जिसके बाद उन्हें 'बुलडोजर मामा' कहा जा रहा है।

Neel Mani Lal
Report Neel Mani LalPublished By Bishwajeet Kumar
Published on: 26 March 2022 7:09 AM GMT
Shivraj Singh Chauhan
X

 शिवराज सिंह चौहान (तस्वीर साभार : सोशल मीडिया)

MP CM Shivraj Singh Chauhan: यूपी का बुलडोजर (bulldozer) अब मध्य प्रदेश पहुंच गया है। जहां यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) को बुलडोजर बाबा नाम से चुनाव में प्रचारित किया गया वहीं अब मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) का प्रचार "बुलडोजर मामा" नाम से किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश में भी यूपी के बुलडोजर तरीके को अपनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में हाल ही में सिवनी जिले के कुरई थाने में दुष्कर्म के एक अभियुक्त का अवैध निर्माण बुलडोजर से ढहा दिया गया। श्योपुर जिले में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप के तीन अभियुक्तों के मकान बुलडोजर से जमींदोज कर दिए गए। एक अभियुक्त के खेतों की फसल को भी जेसीबी से नष्ट कर दिया गया। रायसेन जिले में एक सांप्रदायिक विवाद में शामिल अभियुक्तों के घरों को भी बुलडोजर से ढहा दिया गया।

राजधानी भोपाल में तो एक विधायक ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 'बुलडोजर मामा' बताते हुए होर्डिंग्स लगवा दीं। भोपाल की हुजूर सीट से भाजपा (BJP) विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने आवास पर एक होर्डिंग लगवा दी जिसमें लिखा है- 'बेटी की सुरक्षा में जो बनेगा रोड़ा, मामा का बुलडोजर बनेगा हथौड़ा।'

खूब मिली शोहरत

दरअसल, अपराधियों और अभियुक्तों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रसिद्धि पाई और बुलडोजर चलाने को अपनी सरकार की मुख्य उपलब्धि के तौर पर पेश किया। इन्हीं के चलते योगी आदित्यनाथ को 'बुलडोजर बाबा' के तौर पर भी प्रचारित किया जाने लगा। बुलडोजर की कार्रवाई तो अब भी जारी है। हाल ही में प्रतापगढ़ जिले में रेलवे स्टेशन पर शौचालय के एक संचालक ने एक महिला से दुष्कर्म किया। पुलिस ने तलाश की लेकिन उसका सुराग नहीं मिला। बाद में जब पुलिस वाले अभियुक्त के घर के सामने बुलडोजर खड़ा कर दिया तो कुछ ही घंटों में अभियुक्त ने थाने में सरेंडर कर दिया। यही नहीं, चुनाव परिणाम आने के ठीक बाद 15 मार्च को मेरठ में माफिया बदन सिंह बद्दो के एक आलीशान निर्माण को ढहा दिया गया जो सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से बना हुआ था।

माफिया के घर ध्वस्त

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने दो दर्जन से ज्यादा माफिया किस्म के लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाए हैं और 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त की है। इन लोगों में प्रयागराज में पूर्व सांसद और विधायक अतीक अहमद, मऊ में मुख्तार अंसारी, भदोही में पूर्व विधायक विजय मिश्र, गौतमबुद्धनगर के सुंदर भाटी जैसे लोग प्रमुख हैं। योगी सरकार ने बुलडोजर की शुरुआत कानपुर के बिकरू में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के प्रमुख अभियुक्त विकास दुबे के आलीशान घर को ढहाने से की थी। इस घटना के अभियुक्तों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था और विकास दुबे के अलावा अन्य अभियुक्तों की भी संपत्तियों पर बुलडोजर चला था।वैसे, कानूनी जानकार इस संस्कृति को सही नहीं ठहराते हैं। दरअसल, कानून में एनकाउंटर या ध्वस्तीकरण का भी कोई प्रावधान नहीं है। बहरहाल, अब देखना है कि यूपी का बुलडोजर कहां कहां और पहुंचता है।

Bishwajeet Kumar

Bishwajeet Kumar

Next Story