×

MP Election 2023: मध्य प्रदेश में दीपावली पर भी नहीं थमा चुनाव प्रचार,शिवराज और कमलनाथ दोनों रहे सक्रिय,एक-दूसरे पर किया हमला

MP Election 2023: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि दीपावली के दिन में मां लक्ष्मी को साक्षी मानकर तीन महासंकल्प ले रहा हूं। उन्होंने कहा कि मेरा पहला संकल्प यह है कि मैं मध्य प्रदेश में अपने सभी बहनों को लखपति बनाऊंगा।

Anshuman Tiwari
Published on: 13 Nov 2023 3:55 AM GMT
CM Shivraj Singh Chauhan and Kamal Nath
X

 CM Shivraj Singh Chauhan and Kamal Nath (Social Media)

MP Election 2023: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आने का असर दीपावली के दिन भी दिखा। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के दिग्गज नेताओं ने दीपावली के दिन भी जमकर चुनाव प्रचार करते हुए अपनी-अपनी पार्टी की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने का प्रयास किया।

भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रोड शो के साथ ही चुनावी सभा को भी संबोधित किया जबकि मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर बड़ा हमला भी किया।

शिवराज ने रोड शो के साथ चुनावी सभा भी की

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीपावली का दिन होने के बावजूद रविवार को मध्य प्रदेश के सागर जिले में रोड शो किया। दीपावली के दिन उन्होंने रोड शो के साथ ही चुनावी सभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने चार विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। खुरई में उन्होंने मंत्री भूपेंद्र सिंह के साथ खुले वाहन में सवार होकर करीब एक किलोमीटर लंबा शो रोड शो किया।

बाद में उन्होंने एक चुनावी सभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने धनतेरस के दिन भी जमकर प्रचार किया था। धनतेरस के दिन उन्होंने 11 चुनावी सभाओं को संबोधित करने के साथ ही शाम को भोपाल के चौक बाजार में लाडली बहनों के साथ खरीदारी भी की थी।

लक्ष्मी को साक्षी मानकर तीन महासंकल्प

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि दीपावली के दिन में मां लक्ष्मी को साक्षी मानकर तीन महासंकल्प ले रहा हूं। उन्होंने कहा कि मेरा पहला संकल्प यह है कि मैं मध्य प्रदेश में अपने सभी बहनों को लखपति बनाऊंगा।

मेरा दूसरा संकल्प यह है कि हम किसानों को उनके पसीने की पूरी कीमत देने के लिए गेहूं 2700 रुपये क्विंटल और धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर खरीदेंगे। तीसरे संकल्प के तहत मध्य प्रदेश के हर परिवार को मजबूत बनाने के लिए युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।

कांग्रेस और कमलनाथ को अहंकारी बताया

अपनी चुनावी सभा के दौरान शिवराज सिंह ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और कमलनाथ दोनों अहंकारी हैं। कमलनाथ कहा करते हैं कि उनकी चक्‍की बहुत बारीक पीसती है, लेकिन कमलनाथ ने तो कांग्रेस को ही अपनी चक्‍की में पीस दिया। कमलनाथ का घमंड सिर चढ़कर बोल रहा है उनकी चक्की ऐसी चलती है जिसमें कांग्रेस और कांग्रेसी दोनों पीस रहे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने समझदारी दिखाई कि वह बाहर निकल आए बाकी बच्चे सभी कांग्रेसी उनकी चक्की में पिस रहे हैं।

चुनाव में जनता किसी को नहीं छोड़ेगी

कमलनाथ को इतना घमंड हो गया है कि वे अफसरों और कर्मचारियों को धमकाने में जुटे हुए हैं मगर चुनाव के दौरान जनता सबकुछ देख रही है और किसी को छोड़ने वाली नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ने कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह सुन लें कि मुझे कुछ भी कह लेना, लेकिन मेरी बहनों और भांजियों को कुछ कहा तो यह जनता आप दोनों को बर्बाद करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी। घमंड तो रावण का भी नहीं बचा था तो आपकी क्या बिसात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने कर्ज माफी के नाम पर हमेशा किसानों को ठगने का काम किया है।

कमलनाथ ने कसा शिवराज पर तंज

दूसरी ओर मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सागर जिले के रहली में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान कुछ दिनों के बाद मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहेंगे मगर वे बेरोजगार नहीं होंगे। वे बहुत अच्छे अभिनेता हैं और मुंबई जाकर अभिनय का काम करेंगे और मध्य प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बेरोजगारी के मामले में आज मध्य प्रदेश की तस्वीर सबके सामने है। भ्रष्टाचार इतना चरम पर पहुंच चुका है कि हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का शिकार है या गवाह है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार नौजवानों को देखकर मुझे बड़ी बेचैनी होती है और कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद युवाओं की बेरोजगारी खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story