×

Ujjain Rape Case: गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बोले- जांच के लिए SIT गठित, एक हिरासत में'..राहुल गांधी ने बताया भारत के हृदय पर आघात

Narottam Mishra Ujjain Rape Case: गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'उज्जैन मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। जांच के आधार पर कड़ी कार्रवाई होगी।'

aman
Report aman
Published on: 27 Sep 2023 1:38 PM GMT (Updated on: 27 Sep 2023 2:16 PM GMT)
Ujjain Rape Case
X

Ujjain Rape Case

Ujjain Rape Case: मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक 12 वर्षीय नाबालिग लड़की से बलात्कार की घटना के बाद राज्य ही नहीं देश की राजनीति में बवाल मचा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा (MP Home Minister Narottam Mishra) ने बुधवार (27 सितंबर) को बड़ी जानकारी दी। गृह मंत्री ने बताया कि, इस पूरी घटना की जांच के लिए स्पेशल इंवेस्टिगेटिंग टीम (SIT) का गठन किया गया है। इसके अलावा, एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra Ujjain Rape Case) ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'उज्जैन मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। जांच के आधार पर कड़ी कार्रवाई होगी।' इस मामले पर कांग्रेस के राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने कहा, 'सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जिसने भी ऐसा किया है उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।'

क्या है उज्जैन रेप केस?

मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन के बारनगर इलाके में 26 सितंबर को एक 12 वर्षीय नाबालिग लड़की को सड़कों पर खून से लथपथ पाया गया। बलात्कार के बाद अर्धनग्न और लहूलुहान हालत में एक 12 वर्षीय लड़की घर-घर जाकर मदद मांगती नजर आई। यहां लोगों की असंवेदनशीलता दिखी। लोग खून से लथपथ पीड़िता को घूरते रहे, लेकिन मदद करने कोई आगे नहीं आया। अंत में वह भटकती हुई एक आश्रम पहुंची। वहां के पुजारी जिला अस्पताल ले गया। जहां मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई।

राहुल गांधी- ये भारत माता के हृदय पर आघात है

वहीं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसी मामले को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'मध्य प्रदेश में एक 12 साल की बच्ची के साथ हुआ भयावह अपराध, भारत माता के हृदय पर आघात है। महिलाओं के खिलाफ अपराध और नाबालिग बच्चियों के खिलाफ हुए दुष्कर्म की संख्या सबसे ज़्यादा मध्य प्रदेश में है। इसके गुनहगार वो अपराधी तो हैं ही जिन्होंने ये गुनाह किए। साथ ही प्रदेश की भाजपा सरकार भी है, जो बेटियों की रक्षा करने में अक्षम है। न न्याय है, न कानून व्यवस्था और न अधिकार - आज, मध्य प्रदेश की बेटियों की स्थिति से पूरा देश शर्मसार है। मगर, प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री में बिल्कुल शर्म नहीं है - चुनावी भाषण, खोखले वादों और झूठे नारों के बीच बेटियों की चीखें उन्होंने दबा दी हैं।'

क्या बताया ASP जयंत सिंह राठौड़ ने?

इस पूरे मामले पर एएसपी जयंत सिंह राठौड़ (ASP Jayant Singh Rathod) ने कहा, 'महाकाल थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से रेप की जानकारी संज्ञान में आते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। एसपी सचिन शर्मा साइबर, क्राइम और राज्य पुलिस सहित 3 SIT टीमें बनाई गई हैं। कई बिंदुओं पर जांच जारी है। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। लड़की की तबीयत ठीक नहीं थी। अतः उसे MYH इंदौर अस्पताल में रखा गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।'


aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story