Rewa News: दोस्त ने मारी दोस्त को गोली, फिर अस्पताल लेकर गए और छोड़कर भागे

Rewa News: जनपद के अमहिया इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक घर में बैठकर कुछ दोस्त बात कर रहे थे, इसी दौरान किसी विवाद पर एक युवक के पेट में सटाकर गोली मार दी गई।

Amar Mishra (Rewa)
Published on: 18 July 2023 11:41 AM GMT
Rewa News: दोस्त ने मारी दोस्त को गोली, फिर अस्पताल लेकर गए और छोड़कर भागे
X

Rewa News: जनपद के अमहिया इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक घर में बैठकर कुछ दोस्त बात कर रहे थे, इसी दौरान किसी विवाद पर एक युवक के पेट में सटाकर गोली मार दी गई। ये लड़के उस युवक को अस्पताल भी लेकर गए और वहां डॉक्टरों ने उसे मृत बता दिया। जिसके बाद लड़के अस्पताल से ही फरार हो गए।

अस्पताल में मौका देख हुए फरार

पुलिस के मुताबिक अमहिया में सुमित सिंह परिहार के घर पर आधा दर्जन से अधिक युवक एकत्र होकर गपशप कर रहे थे। तभी अचानक किसी ने युवक के पेट में गोली मार दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद लड़के उस जख्मी युवक को पहले नए बस स्टॉप के पास रीवा अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने यह कहते हुए भर्ती लेने से इनकार कर दिया कि युवक की मौत हो चुकी है। इसके बाद आरोपित शव को अपनी कार में एसजीएमएच ले गए और ओपीडी पर्ची काटने का नाटक किया। फिर मौका देखकर भाग गए और शव को वहीं छोड़ दिया। कुछ देर बाद हत्या की खबर अमहिया पुलिस को मिली। यह घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि जिस बंदूक से हत्या की गई, उसमें साइलेंसर लगा हुआ था। जिससे आसपास के लोगों को घटना की जानकारी नहीं हो पाई।

पुलिस ने शुरू की मामले की तफ्तीश

मृतक बिछिया निवासी साहिल मिश्रा (23) है। अमहिया थाने के प्रभारी अरविंद सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को रात 12 बजे के बाद मिली। ऐसे में सीएसपी शिवराली चतुर्वेदी और डीएसपी अजाक उमेश प्रजापति सहित शहर के कई थानों के पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अमहिया में फायरिंग की सूचना मिलते ही एसपी विवेक सिंह ने पूरे शहर में बैरिकेडिंग कर दी। ताकि इस घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके। इधर, अमहिया पुलिस ने संदिग्ध सत्यम मिश्रा को उठा लिया। अभी तक की जांच में हत्या की वजह सामने नहीं आई है।

Amar Mishra (Rewa)

Amar Mishra (Rewa)

Next Story