×

देश का सबसे महंगा बंगला, इस रईस ने खरीदा, जानें कितने में हुआ सौदा

राधाकिशन दमानी ने अपने छोटे भाई गोपी किशन दमानी के साथ मिलकर देश का यह सबसे महंगा बंगला खरीदा है। यह बंगला 1.5 एकड़ से अधिक एरिया में फैला हुआ है।

Shivani
Published on: 4 April 2021 4:56 AM GMT
देश का सबसे महंगा बंगला, इस रईस ने खरीदा, जानें कितने में हुआ सौदा
X

अंशुमान तिवारी

नई दिल्ली। देश की प्रमुख रिटेल कंपनी डी-मार्ट के फाउंडर राधाकिशन दमानी ने देश का सबसे महंगा बंगला खरीदा है। मुंबई के मालाबार हिल्स इलाके में 1001 करोड़ रुपए में इस बंगले का सौदा हुआ है। मालाबार हिल्स को मुंबई का पॉश इलाका माना जाता है और इस बंगले की कुल एरिया करीब 60,000 वर्ग फीट है। इस बंगले को खरीदने के लिए 30 करोड़ रुपए की स्टांप ड्यूटी का भुगतान किया गया है।

भाई के साथ मिलकर खरीदा बंगला

जानकार सूत्रों के मुताबिक राधाकिशन दमानी ने अपने छोटे भाई गोपी किशन दमानी के साथ मिलकर देश का यह सबसे महंगा बंगला खरीदा है। यह बंगला 1.5 एकड़ से अधिक एरिया में फैला हुआ है।
दमानी ने इसके लिए 30 मार्च को तीन फ़ीसदी स्टांप ड्यूटी देकर रजिस्ट्रेशन कराया था और छूट के बाद भी उन्हें 30 करोड़ की स्टांप ड्यूटी चुकानी पड़ी है।

पिछले साल भी खरीदी थी महंगी प्रॉपर्टी

यदि प्रति वर्ग फुट की एरिया के हिसाब से देखा जाए तो दमानी ने इसके लिए 1.60 लाख रुपए प्रति वर्ग फुट चुकाए हैं। इससे पहले दमानी ने पिछले साल भी 500 करोड़ की प्रॉपर्टी खरीदी थी। उन्होंने संजय गांधी नेशनल पार्क में सीसीआई प्रोजेक्ट के तहत 8.8 एकड़ की यह संपत्ति खरीदी थी।

शेयर से पैसे कमाकर रिटेल में लगाया
मुंबई में देश का सबसे महंगा बंगला खरीदने वाले राधाकिशन दमानी के बारे में भी जानना जरूरी है। कॉलेज ड्रॉपआउट दमानी ने अपने करियर की शुरुआत शेयर ब्रोकर के रूप में की थी। उन्होंने शेयर मार्केट में सूझबूझ से पैसे लगाकर खूब संपत्ति बनाई। बाद में उन्होंने 1990 में शेयर मार्केट में निवेश से कमाए गए पैसे को रिटेल कारोबार में लगा दिया।

देश में चौथे सबसे बड़े अमीर

डी-मार्ट के स्वामित्व वाली एवेन्यू सुपर मार्केट में दमानी परिवार का 82 फ़ीसदी शेयर है। फोर्ब्स इंडिया के मुताबिक दमानी देश के चौथे सबसे अमीर शख्स हैं और उनकी कुल संपत्ति 1.13 लाख करोड़ रुपए आंकी गई है।
एवेन्यू सुपर मार्केट की बात करें तो मौजूदा समय में यह कंपनी करीब 1,89,000 करोड़ रुपए की है। इस कंपनी का शेयर इस समय करीब 2911 रुपए पर चल रहा है। मार्च में कंपनी का शेयर 3328 रुपए के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

मुंबई में प्रॉपर्टी के महंगे सौदे
वैसे दमानी से पहले भी मुंबई में बंगलों के महंगे सौदे होते रहे हैं। सीरम इंस्टीट्यूट के चेयरमैन साइरस पूनावाला ने 2015 में मुंबई स्थित लिंकन हाउस को 750 करोड़ रुपए में खरीदा था। उसी साल शीर्ष उद्योगपतियों में गिने जाने वाले कुमारमंगलम बिड़ला ने मालाबार हिल्स में 25000 वर्ग फीट के जटिया हाउस के लिए 425 करोड़ रुपए खर्च किए थे।
पिछले साल दिसंबर में भारत सीरम एंड वैक्सीन के गौतम दफ्तरी ने दक्षिण मुंबई में बीसवीं मंजिल पर 6366 वर्ग फीट के अपार्टमेंट के लिए 101 करोड़ रुपए खर्च किए थे।
Shivani

Shivani

Next Story