×

Dahi Handi: दही हांडी के जरिये बीजेपी ने मुंबई में दिखाई ताकत, शिवसेना को सीधी चुनौती

Dahi Handi: बीजेपी ने जन्माष्टमी के दिन 370 दही हांडी समारोहों का आयोजन किया। पिछले वर्षों में औसतन 150 से 175 दही हांडी का आयोजन होता आया है, सो इस बार दोगुने आयोजन हुए।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani Lal
Published on: 20 Aug 2022 7:16 AM GMT
bjp dahi handi politics in mumbai party organised as many as 370 dahi handi celebrations
X

Dahi Handi Politics : मुंबई (Mumbai) में जल्द ही होने वाले बीएमसी चुनावों (Bmc Elections 2022) के पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 'दही हांडी' आयोजनों के जरिये 'उद्धव सेना' को साफ संदेश दिया है कि वह दो-दो हाथ करने के लिए तैयार है। शिवसेना ने तीन दशकों से अधिक समय से बृहन्मुंबई नगर महापालिका (Brihanmumbai Municipal Corporation) को कंट्रोल किया है। 227 बीएमसी वार्डों के चुनाव मानसून के बाद होने की संभावना है।

दरअसल, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी (Shri Krishna Janmashtami 2022) पर बीजेपी को मुंबई के बहुत खास आंतरिक त्योहार पर अपनी मुहर लगाने और उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) तथा उनकी शिवसेना (Shiv Sena Thackeray) को चुनौती देने का बढ़िया मौका मिला, जिसका बखूबी इस्तेमाल किया गया।

बीजेपी ने 370 दही हांडी समारोह आयोजित किए

पूरे शहर में, भाजपा ने जन्माष्टमी के दिन 370 दही हांडी समारोहों का आयोजन किया। पिछले वर्षों में औसतन 150 से 175 दही हांडी का आयोजन होता आया है, सो इस बार दोगुने आयोजन हुए। मुंबई और ठाणे में शिवसेना के अधिकांश विधायक और नेता, जो इसकी दही हांडी के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे, अब शिंदे गुट के साथ हैं। सो उनका आयोजन अब भाजपा के पक्ष में रहा।


आदित्य ठाकरे को सीधी चुनौती !

इन दही हांडी समारोहों में से एक उद्धव के बेटे आदित्य ठाकरे के विधानसभा क्षेत्र वर्ली के जंबूरी मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आयोजक मुंबई भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष आशीष शेलार थे, जिन्हें पार्टी आदित्य के जवाब के रूप में खड़ा कर रही है। देवेंद्र फडणवीस सहित शीर्ष भाजपा नेताओं ने इस दही हांडी कार्यक्रम में भाग लिया।

ठाणे में तगड़ी स्पर्धा

ठाणे में, जो हमेशा से 'सेना' का गढ़ रहा है, एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के नेतृत्व वाले ग्रुप द्वारा सबसे प्रमुख दही हांडी का आयोजन किया गया। ठाणे में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समर्थकों और उद्धव ठाकरे गुट के बीच वर्चस्व की प्रमुख लड़ाई थी। दोनों समूहों ने भारी रकम खर्च कर भव्य समारोह आयोजित किये। दही-हांडी के चार सबसे बड़े आकर्षण थे- उद्धव समर्थक राजन विचारे द्वारा जांबली नाका में आयोजित कार्यक्रम, तेम्बी नाका में शिंदे समूह कार्यक्रम, वर्तक नगर में प्रताप सरनाईक और नौपाड़ा में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) नेता अविनाश जाधव का समारोह। तेम्बी नाका में आयोजित समारोह में सीएम एकनाथ शिंदे और अभिनेत्री श्रद्धा कपूर पहुंचे। विधायक सरनाइक के संस्कृति युवा प्रतिष्ठान ने 7 स्तरीय पिरामिड और उससे ऊपर के निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की पुरस्कार राशि की घोषणा की थी।


मुंबई है मुख्य केंद्र

हालांकि, दही-हांडी समारोह पूरे महाराष्ट्र में आयोजित किए जाते हैं, लेकिन मुख्य केंद्र हमेशा मुंबई रहा है। शिव सेना ने इस आयोजन के राजनीतिक महत्व को जल्दी ही पकड़ लिया था। शिवसेना इन आयोजनों को प्रायोजित और आयोजित करने लगी और हंडियों को तोड़ने वाले गोविंदाओं की टीमों पर इनामों की बौछार कर दी। इससे शिवसेना को खूब लोकप्रियता मिली। शरद पवार की एनसीपी (Sharad Pawar's NCP) बाद में नवी मुंबई में अपने दही हांडी समारोह पर ध्यान केंद्रित करते हुए हरकत में आई।

अब गणेश महोत्सव पर नजर

इस बार, दही हांडी आयोजनों के जरिये, उद्धव ठाकरे की शिवसेना के लिए संदेश स्पष्ट था कि भाजपा अपने पूर्व सहयोगी से टक्कर लेने के लिए दृढ़ है। ये टक्कर बीएमसी चुनावों की होगी। 227 बीएमसी वार्डों के चुनाव मानसून के बाद होने की संभावना है। 2017 के बीएमसी चुनावों में भाजपा और शिवसेना ने गठबंधन में होने के बावजूद अलग-अलग लड़ाई लड़ी थी और शिवसेना ने 84 सीटों पर तथा भाजपा ने 82 सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा की निगाहें अब मुंबई में 31 अगस्त से शुरू हो रहे 10 दिवसीय गणेश महोत्सव पर टिकी हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story