×

Maharashtra: हैंड गल्व्स बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 6 लोगों की जलकर मौत

Maharashtra:छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित एक हैंड गल्व्स बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें 6 लोगों की जलकर मौत हो गई।

Krishna Chaudhary
Published on: 31 Dec 2023 1:59 AM GMT (Updated on: 31 Dec 2023 2:15 AM GMT)
Maharashtra Fire (Photo:Social Media)
X

Maharashtra Fire (Photo:Social Media)

Maharashtra Fire: महाराष्ट्र में एक बार फिर किसी फैक्ट्री से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। घटना छत्रपति संभाजीनगर जिले की है। यहां एक हैंड गल्व्स बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें 6 लोगों की जलकर मौत हो गई। रात करीब दो बजे के बाद हादसे के बारे में फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया, जिसके बाद मौके पर दमकलकर्मियों को रवाना किया गया। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद सुबह तक आग पर काबू पा लिया गया।

दस्ताना बनाने वाली जिस फैक्ट्री में हादसा हुआ, वह जिले के वालुज एमआईडीसी में स्थित है। कंपनी का नाम रियल सनशाइन बताया जा रहा है। रात में जब आग लगी तो फैक्ट्री के अंदर 10 – 15 कर्मचारी सो रहे थे। कुछ तो भागने में सफल रहे लेकिन 6 – 7 अंदर ही फंस गए। फैक्ट्री से अभी तक छह शव बरामद किए गए हैं, जो बुरी तरह झुलसे हुए हैं।

फायर ब्रिगेड के अधिकारी मोहन मुंगसे ने कहा कि हमें रात 2.15 बजे फोन पर इसकी सूचना मिली। जब हम मौके पर पहुंचे तो पूरी फैक्ट्री में आग लगी हुई थी। स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि अंदर छह लोग फंसे हुए हैं। इसके बाद दमकल विभाग की तीन गाड़ियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और कड़ी मुशक्कत के बाद तड़के आग पर काबू पाया जा सका।

फैक्ट्री के अंदर से छह शव बरामद किए गए हैं। जिनमें से चार की शिनाख्त कर ली गई है। दो की फिलहाल नहीं हो पाई है। चार मृतकों की पहचान भुल्ला शेख (65), कौसर शेख (26), इकबाल शेख (26) और मगरूफ शेख (25) के रूप में की गई है। हादसे में घायल हुए कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग किस वजह से लगी फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।

नागपुर की एक विस्फोटक बनाने वाली कंपनी में हुआ था हादसा

महाराष्ट्र में किसी फैक्ट्री में आग लगने की इस महीने ये दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 17 दिसंबर को नागपुर में सोलर एक्सप्लोसिव नामक विस्फोटक सामग्री निर्माण करने वाली एक कंपनी के प्लांट में जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में फैक्ट्री में काम करने वाली छह महिलाएं और तीन पुरूष की जलकर मौत हो गई थी। यह कंपनी रक्षा विभाग को गोला-बारूद और अन्य रक्षा उपकरण मुहैया कराती है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Content Writer

Krishna Chaudhary having four year experience of working in different positions during his Journalism. Having Expertise to create content in Politics, Crime, National and International Affiars.

Next Story