Maharashtra News : NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या, सीने और पेट में लगी गोली, दो गिरफ्तार

Baba Siddiqui Firing: एनसीपी अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी पर अज्ञात लोगों ने गोली चलाई है। उन्हें नजदीकी लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी मौत हो गई है।

Network
Newstrack Network
Published on: 12 Oct 2024 5:00 PM GMT (Updated on: 12 Oct 2024 7:08 PM GMT)
Baba Siddique Death News
X

Mumbai Police On Baba Siddique Death News 

Baba Siddiqui Firing: महाराष्ट्र में मुंबई के बांद्रा इलाके में एनसीपी अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी पर अज्ञात लोगों ने गोली चलाई है। उन्हें नजदीकी लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि गोली उनके पेट और सीने में लगी थी। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि बाबा सिद्दीकी बांद्रा से विधायक और मंत्री भी रह चुके हैं। एनसीपी अजीत पवार गुट के नेता बाबा सिद्दीकी का मुंबई की राजनीति और बॉलीवुड में स्ट्रॉन्ग कनेक्शन था। वो पहले कांग्रेस पार्टी में थे।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी पर तीन हमलावरों ने हमला कर दिया है, यह हमला उस समय हुआ है, जब वह ब्रांद्रा मे अपने बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय गए हुए थे। उनके सीने और पेट में गोली लगी है। उन्हें नजदीकी लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई है। इस हमले में तीन हमलावर शामिल थे। पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि अब तक दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि एक की तलाश की जा रही है।

इस घटना को लेकर महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी कानून व्यवस्था को अपने हाथ में नहीं ले सकता है। उन्होंने मुंबई पुलिस को सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीश आनन-फानन में लीलावती अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि एनसीपी चीफ अजीत पवार अभी मुंबई से बाहर हैं।

शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने राज्य में पूर्व विधायकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने सीएम एकनाथ शिंदे और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि मुंबई में सरकार के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं तो यह सरकार आम लोगों की सुरक्षा कैसे करेगी? उन्होंने कहा कि अपने विधायकों और पूर्व मंत्रियों को सुरक्षित नहीं रख सकते तो सीएम एकनाथ शिंदे और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्हें गृहमंत्री के रूप में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि मुंबई की सड़कों पर दिनदहाड़े गोलीबारी हो रही है। तीन राउंड फायरिंग की जा रही है, क्या यही कानून व्यवस्था है? अपराधियों को कोई डर नहीं है। महायुति और भाजपा की नीतियों ने राजनीति को बदनाम करने का काम किया है।

बता दें कि दो बार बीएमसी पार्षद रहे सिद्दीकी ने 1999 में कांग्रेस के टिकट पर बांद्रा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीता था। इसके बाद 2004 और 2009 के चुनावों में सफलता हासिल की थी। हालांकि 2014 में वह भाजपा के आशीष शेलार से हार गए थे। इसके बाद 2019 में उन्होंने विधानसभा चुनावों नहीं लड़ने का ऐलान किया था। वह 2004 से 2008 तक कांग्रेस-एनसीपी सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री थे। इस साल की शुरुआत में वह एनसीपी में शामिल हुए थे।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story