×

'खेला' करने मुंबई गई थीं ममता बनर्जी, बीजेपी नेता ने कर दिया खेल, दर्ज कराई शिकायत

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने के लिए कुछ समय से बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी देश भर में घूम रही हैं। हाल ही में दिल्ली में थीं, तो अब मुंबई पहुंच चुकी हैं। दौरे खूब हो रहे हैं।

aman
By aman
Published on: 2 Dec 2021 4:12 AM GMT (Updated on: 2 Dec 2021 4:37 AM GMT)
खेला करने मुंबई गई थीं ममता बनर्जी,  बीजेपी नेता ने कर दिया खेल, दर्ज कराई शिकायत
X

फोटो- सोशल मीडिया  

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने के लिए कुछ समय से बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी देश भर में घूम रही हैं। हाल ही में दिल्ली में थीं, तो अब मुंबई पहुंच चुकी हैं। दौरे खूब हो रहे हैं। बीजेपी को पटखनी देने के लिए ममता देश की मुख्य पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं से भी मिल रही हैं।बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत के बाद ममता से विपक्ष बीजेपी के खिलाफ किसी 'खेला' की उम्मीद लगाए बैठी थी। मगर, मुंबई में भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने उनके साथ खेल कर दिया। उसने बंगाल सीएम के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। बीजेपी नेता ने ममता बनर्जी पर राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में लिखा है, कि बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कथित तौर पर बैठने की स्थिति में राष्ट्रगान गाया। फिर, अचानक 4 या 5 छंदों के बाद रुक गईं। उन्होंने राष्ट्रगान के प्रति पूर्ण अनादर दिखाया है। इसके लिए पुलिस शिकायत दर्ज की है।

बीजेपी के निशाने पर ममता

बीजेपी नेता ने आरोप लगाया है, कि ममता बनर्जी ने मुंबई दौरे के दौरान राष्ट्रगान का अपमान किया। बंगाल सीएम ममता ने बैठकर राष्ट्रगान गाया। शुरुआती 4-5 लाइन गाने के बाद वो खड़े होकर राष्ट्रगान गाने लगीं। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने महाराष्ट्र की सत्ताधारी शिवसेना और शरद पवार की पार्टी एनसीपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'क्या अपने आप को सबसे अधिक राष्ट्रवादी बताने वाली शिवसेना और अपने नाम में 'राष्ट्रवादी' लगानेवाली एनसीपी अब ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाकर कार्यवाही करेंगे? या राजनैतिक सहूलियत के हिसाब से देश की अस्मिता तथा चिन्हों का अपमान जायज है इनके लिए?

आदित्य और शरद पवार से मिलीं

बता दें, कि ममता बनर्जी अपने दो दिवसीय दौरे पर कल बुधवार को मुंबई पहुंची थीं। अपने मुंबई प्रवास के दौरान ममता शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे और राकांपा (NCP) चीफ शरद पवार से मुलाकात की। इसके बाद ममता बनर्जी हिंदी सिनेमा के कई नामचीन कलाकारों से भी मुलाकात कीं।

पीएम मोदी के मुखर आलोचकों से भी 'संवाद'

इस दौरे पर ममता बनर्जी के निशाने पर केंद्र की मोदी सरकार रही। इस दौरान ममता के साथ एक संवाद कार्यक्रम भी रखा गया था। इसमें तमाम वो लोग थे जो वर्तमान में या लंबे समय से मोदी सरकार के मुखर आलोचक रहे हैं। इनमें महेश भट्ट, जावेद अख्तर, रिचा चड्ढा, शत्रुघ्न सिन्हा, स्वरा भास्कर, विवादास्पद कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी सहित कई अन्य बॉलीवुड सितारे मौजूद थे।

'कुछ बोल देते हैं, कुछ नहीं'

संवाद कार्यक्रम में बंगाल की सीएम ममता बोलीं, देश को 'जनशक्ति' पसंद है ना कि 'बाहुबल'। उन्होंने कहा, 'अनेकता में एकता ही हमारा मूल है। दुर्भाग्य से, हम बीजेपी के क्रूर और अलोकतांत्रिक रवैये का सामना करने को मजबूर हैं।' इस दौरान महेश भट्ट द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में ममता बोलीं, 'मैं जानती हूं महेश भट्ट शिकार हुए, शाहरुख खान शिकार हुए। यहां मौजूद कई और लोग हैं, जो शिकार हुए। कुछ अपनी बात कह सकते हैं, कुछ मुंह भी नहीं खोल पा रहे।'

इस दौरान ममता बनर्जी ने कांग्रेस पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने एक नए मोर्चे के गठन की भी बात कही। ममता भविष्य की राजनीति के मद्देनजर बोलीं, बीजेपी के खिलाफ विकल्प तभी बन सकता है, जब पार्टियों की लड़ने की इच्छा होगी। ऐसा कहने के पीछे उनका तंज कांग्रेस पार्टी की ओर था।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story