×

Mumbai News: खसरे के प्रकोप से मुंबई त्रस्त, 8 बच्चों की जा चुकी है जान

Mumbai News: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई इन दिनों खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा है। अब तक राजधानी मुंबई समेत महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी खसरे के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है।

Krishna Chaudhary
Published on: 20 Nov 2022 9:29 AM GMT
Mumbai News
X

खसरे से प्रभावित बच्चे की फोटों (सोशल मीडिया)

Mumbai News: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई इन दिनों खसरे के प्रकोप का सामना कर रहा है। राजधानी मुंबई समेत महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी खसरे के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मुंबई में अब तक खसरे के 184 मामले सामने आ चुके हैं, जो कि पिछले दो सालों में सर्वाधिक है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मायानगरी में साल 2020 में खसरे के 25 मामले दर्ज किए गए थे, जो कि पिछले साल यानी 2021 में घटकर 9 पर पहुंच गया था।

मौत के आंकड़ों में भी आया उछाल

खसरा के मामलों में आई जोरदार वृद्धि के बाद इस बीमारी की चपेट में आकर जान गंवाने वाले बच्चों की तादाद भी बढ़ गई है। पिछले चार सालों में इस साल खसरे से सर्वाधिक बच्चों की मौतें हुई हैं। राज्य सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2019 में मुंबई में खसरे के कारण तीन बच्चों की मौत हुई थी। साल 2020 में पूरे महाराष्ट्र से तीन डेथ केस सामने आए थे। पिछले साल यानी 2021 में एक मौत दर्ज की गई थी। वहीं, इस साल अब तक 8 बच्चों की मौत हो चुकी है।

पूरे राज्य में बढ़ा प्रकोप

महाराष्ट्र में खसरे के संदिग्ध मामले 6500 को पार गए हैं और पुष्ट मामले 510 से अधिक हैं। वहीं, राजधानी मुंबई में पुष्ट मामलों की संख्या 176 है। राज्य के निगरानी अधिकारी डॉक्टर प्रदीप आप्टे ने कहा कि खसरे का प्रकोप मुख्य रूप से उन इलाकों में हुआ है, जहां असरदार तरीके से टीकाकरण नहीं किया गया है। इसके अलावा पोषण और स्वच्छता की कमी वाले इलाकों में भी खसरे की समस्या बढ़ी है। इन्हीं क्षेत्रों से अधिकतर मामले सामने आ रहे हैं। आपको बता दें कि खसरे से बीमार बच्चों को बुखार, सर्दी, खांसी और शरीर पर लाल चकत्ते पड़ जाते हैं।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story