Mumbai Police Recruitment: मुंबई वालों को सिपाही की नौकरी में रुचि नहीं

मुम्बई पुलिस की कांस्टेबल भर्ती मुंबई के कई निवासियों के लिए तनिक भी आकर्षण नहीं रखती है। मुंबई पुलिस द्वारा किए गए नवीनतम भर्ती अभियान में 1,076 रंगरूटों को शामिल किया गया है और इनमें से सिर्फ 31 ही मुंबई के निवासी हैं।

Neel Mani Lal
Written By Neel Mani LalPublished By Deepak Kumar
Published on: 23 Feb 2022 9:34 AM GMT
Youth not interested for the job of constable in Mumbai Police
X

मुंबई पुलिस। (Social Media) 

Mumbai Police Recruitment: सरकारी नौकरी और वह भी पुलिस की। कई राज्यों में युवा आवेदक येन केन प्रकारेण ऐसी नौकरी हासिल करने की सभी जुगत लगाते हैं। लेकिन मुम्बई महानगरी कुछ अलग ही है। मुम्बई पुलिस में सिपाही बनने में बहुत ही कम युवाओं की रुचि दिखाई पड़ी है। मुम्बई पुलिस की कांस्टेबल भर्ती मुंबई के कई निवासियों के लिए तनिक भी आकर्षण नहीं रखती है। मुंबई पुलिस द्वारा किए गए नवीनतम भर्ती अभियान में 1,076 रंगरूटों को शामिल किया गया है और इनमें से सिर्फ 31 ही मुंबई (Mumbai) के निवासी हैं। यानी शहर के बहुत से निवासी मुंबई (Mumbai) में शामिल होने के लिए उत्साहित नहीं हैं।

आवेदन ही नहीं किया

मुम्बई पुलिस (Mumbai Police) में कांस्टेबलों की भर्ती के लिए राज्य भर से 2.5 लाख आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से केवल 30,000 आवेदन - कुल आवेदनों का लगभग 12 प्रतिशत - मुंबई के निवासियों के थे। जानकारों का कहना है कि देश की वित्तीय राजधानी में रहने वाले लोग इस तरह की नौकरी को गंभीरता से नहीं लेते हैं। उनके पास निजी क्षेत्र में अधिक अवसर हैं जो किसी भी सरकारी नौकरी की तुलना में अधिक पैसा देते हैं। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के उम्मीदवारों में मुंबई (Mumbai) जाने और वहां कांस्टेबल की नौकरी के प्रति अधिक गंभीरता दिखती है। इसलिए वे शहर में रहने वाले उम्मीदवारों की तुलना में अधिक प्रशिक्षण और तैयारी करते हैं।

ये बात सही है कि मुंबई (Mumbai) की एक अलग संस्कृति है जहां लोग विभिन्न प्रकार की नौकरियों और रोजगार के प्रति इच्छुक रहते हैं। विपरीत ग्रामीण क्षेत्रों में नौकरी के कम अवसर होते हैं। वहां के लोगों में सरकारी नौकरी पाने की ललक कहीं ज्यादा होती है।

मुंबई पुलिस (Mumbai Police) द्वारा पदों के लिए भर्ती किए गए उम्मीदवारों की अधिकतम संख्या पुणे (Pune) और कोल्हापुर बेल्ट से है। वहां से 386 लोगों की भर्ती हुई है। इसके बाद नासिक से 260, औरंगाबाद से 143 और कोंकण से 135 युवा अभ्रती किये गए हैं। बाकी उम्मीदवार अमरावती, नांदेड़ और नागपुर जिलों से हैं।

1,076 पुलिस कांस्टेबल के स्वीकृत पद के लिए लिखित परीक्षा 14 नवंबर, 2021 को मुंबई और अन्य जिलों के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी। 2.5 लाख उम्मीदवारों ने पदों के लिए आवेदन किया था और परीक्षा के लिए उपस्थित हुए थे। इसके बाद 6 दिसंबर से 15 दिसंबर 2021 के बीच शारीरिक परीक्षण किए गए। मुंबई पुलिस (Mumbai Police) द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों से पता चलता है कि अधिकांश उम्मीदवारों की उम्र 25 वर्ष से कम है और ज्यादातर एचएससी पास हैं। कांस्टेबल की नौकरी के लिए यही न्यूनतम आवश्यकता है। चुने गए 797 कर्मी 25 साल से कम उम्र के हैं जबकि बाकी 25 से ऊपर हैं। 748 कर्मी एचएससी पास हैं, जबकि केवल 10 पोस्ट-ग्रेजुएट और 318 स्नातक हैं।

वर्तमान में मुंबई पुलिस विभाग में 37,465 कर्मी कार्यरत

वर्तमान में, मुंबई पुलिस विभाग (Mumbai Police Department) में 37,465 कर्मी कार्यरत हैं, जिनमें से 30,167 पुलिसकर्मी कांस्टेबल रैंक पर कार्यरत हैं। महाराष्ट्र सरकार ने कांस्टेबल रैंक पर 37,401 पद स्वीकृत किए हैं। मुम्बई पुलिस (Mumbai Police) में इस बात पर चर्चा हो रही है कि मुम्बई से बाहर के लोगों को भर्ती किये जाने से क्या प्रभाव पड़ेगा क्योंकि बाहरी लोग न तो शहर को पहचानते हैं, न यहाँ की संस्कृति से वाकिफ होते हैं और न यहाँ के समुदायों और इलाके में रहने वाले लोगों की संस्कृति को समझते हैं।

देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story