Manipur Election 2022 : प्रियंका गांधी का मोदी सरकार पर हमला, कहा- केंद्र सरकार कुछ उद्योगपतियों के लिए कर रही काम

प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को मणिपुर में एक वर्चुअल जनसभा को संबोधित करते हुए मणिपुर की जनता से मुफ्त स्वास्थ्य सेवा और मणिपुर रेजिमेंट बनाए जाने का वादा किया।

Bishwajeet Kumar
Published on: 15 Feb 2022 5:29 PM GMT
Manipur Election 2022 : प्रियंका गांधी का मोदी सरकार पर हमला, कहा- केंद्र सरकार कुछ उद्योगपतियों के लिए कर रही काम
X

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (फाइल तस्वीर)

Manipur Election 2022: मणिपुर में विधानसभा चुनाव नजदीक है ऐसे में राज्य में राजनीतिक पार्टियां रोज नई-नई घोषणा कर रही हैं। साथ ही पक्ष-विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। राज्य के इसी चुनावी सरगर्मी के बीच मंगलवार को कांग्रेस पार्टी (Congress) की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने मणिपुर में वर्चुअल जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) सरकार पर तीखा प्रहार किया।

बीजेपी उद्योगपतियों के लिए कर रही काम

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने वर्चुअल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार भारत की जनता के लिए नहीं बल्कि कुछ बड़े उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। इस सरकार में मध्यम और गरीब वर्ग के लोगों को खुद के बलबूते पर ही केवल मेहनत करना पड़ रहा है तो वहीं दूसरी ओर केवल देश के कुछ 2, 3 उद्योगपतियों को इस सरकार की नीतियों से फायदा हो रहा है।

मणिपुर रेजिमेंट बनाने का वादा

प्रियंका गांधी ने अपने वर्चुअल जनसभा में मणिपुर की जनता को लुभाने के लिए कई तरह का वादा किया। प्रियंका ने कहा हम मणिपुर को रोजगार का हब बनाएंगे। साथ ही अगर यहां की जनता हमें मौका देती है तो हम मणिपुर में एमएसएमई सेक्टर को बेहतर करके दिखाएंगे। इसके अलावा प्रियंका गांधी ने मणिपुर के लोगों से वादा किया कि कांग्रेस की सरकार अगर राज्य में आई तो हम मणिपुर रेजिमेंट की स्थापना करेंगे और परीक्षाओं का आयोजन स्थानीय स्तर पर करेंगे।

मुफ्त स्वास्थ्य सेवा देने का वादा

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि राज्य में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी तो हम मणिपुरी समाज के सभी लोगों को बेरोजगारी भत्ता, नागरिक स्वतंत्रता की रक्षा और मुफ्त स्वास्थ्य सेवा देंगे। प्रियंका ने कहा कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर हम मणिपुर में महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देंगे। वहीं अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने मणिपुर के मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि वह आपकी आवाज नहीं सुनते हैं मगर हमारी सरकार आई तो हम पूरा ध्यान देंगे।

Bishwajeet Kumar

Bishwajeet Kumar

Next Story