×

BJP: 1 से 15 जून तक मथेगी गांवों की सियासत, 3,500 वरिष्ठ कार्यकर्ता लगाए गए

aman
By aman
Published on: 30 May 2018 3:03 PM GMT
BJP: 1 से 15 जून तक मथेगी गांवों की सियासत, 3,500 वरिष्ठ कार्यकर्ता लगाए गए
X

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार और संगठन मिलकर एक बार फिर गावों की सियासत को मथने निकलेंगे। मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर समेत राष्ट्रीय व प्रदेश के पदाधिकारी 01 से 15 जून तक गांवों की सियासत को मथेंगे। शाम 6 से रात 10 बजे तक गांवों में चौपाल लगाएंगे। ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में बताएंगे। विपक्षी दलों की पोल खोली जाएगी।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर बुधवार (30 मई) को प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय की अगुवाई में हुई बैठक में यह तय हुआ। 92 संगठनात्मक जिलों के 1,471 मंडलों पर 13,206 ग्राम चौपालों के आयोजन को लेकर चर्चा हुई। पार्टी की रणनीति है कि चुनाव के पहले सभी गांवों तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाना है।

कुल 3,500 वरिष्ठ कार्यकर्ता लगाए गए

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए 3,500 वरिष्ठ कार्यकर्ता लगाए गए हैं। इनमें राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष, राष्ट्रीय पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष व जिला महामंत्री शामिल हैं। यह पदाधिकारी प्रवासी के रूप में ग्राम चौपालों में पहुंचेंगे। महानगर के विधायक व प्रमुख कार्यकर्ता शहर की किसी एक बस्ती में प्रवास पर रहेंगे। प्रत्येक प्रवासी एक दिन में एक ही ग्राम चौपाल में जाएगा।

ग्राम चौपालों में पेश होगा इन योजनाओं का लेखा-जोखा

ग्राम चौपालों में केंद्र सरकार की उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, ओडीएफ, सौभाग्य योजना, आयुष्मान भारत योजना, पेंशन, किसान ऋृण मोचन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री बीमा योजना का लेखा-जोखा पेश किया जाएगा। ग्रामीणों को इन योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। योगी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जनता को बताया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक, मंडल अध्यक्ष व जिला संयोजक के जरिए आयोजन स्थान का चयन करेंगे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story