×

यौन शोषण: राम रहीम पर कुछ ही देर में फैसला, पंजाब-हरियाणा में हाईअलर्ट

aman
By aman
Published on: 24 Aug 2017 9:06 PM GMT
यौन शोषण: राम रहीम पर कुछ ही देर में फैसला, पंजाब-हरियाणा में हाईअलर्ट
X
यौन शोषण: राम रहीम पर आज आएगा फैसला, पंजाब-हरियाणा में हाईअलर्ट

चंडीगढ़: साध्वी यौन शोषण मामले में आज (25 अगस्त) सीबीआई कोर्ट का फैसला आने वाला है। फैसला आने से पहले ही पंजाब और हरियाणा सरकार बेदम नजर आ रही है। कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पंचकूला और सिरसा में सेना बुलाई गई है।

वहीं, हरियाणा के सिरसा में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है। यहां डेरा समर्थक भारी तादाद में पहुंचे हुए हैं। पंजाब और हरियाणा के सभी स्कूल, कॉलेज शुक्रवार को बंद रहेंगे। इसके अलावा पंजाब के सरकारी कार्यालयों में शुक्रवार के दिन छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें ...बाबा राम रहीम का वीडियो जारी, समर्थकों से घर वापस जाने की अपील

एहतियातन उठाए गए कदम

एहतियातन कदम उठाते हुए हरियाणा-पंजाब व चंडीगढ़ में तत्काल प्रभाव से इंटरनेट और मोबाइल डाटा सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इससे पहले पंजाब सरकार ने हरियाणा के अलावा राजस्थान की सीमा भी सील करने के आदेश दिए हैं। केंद्र ने हालात से निपटने के लिए पंजाब को अर्धसैनिक बलों की 10 और कंपनियां दी हैं। हरियाणा में अर्धसैनिक बलोंं की 50 से अधिक कंपनियों ने मोर्चा संभाल लिया है।

ये भी पढ़ें ...डेरा प्रमुख पर फैसले से पहले पंजाब के सरकारी कार्यालयों में छुट्टी का ऐलान

कई ट्रेनें कैंसिल

उत्तर रेलवे ने हरियाणा जाने वाली ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही कई को कैंसिल करने का फैसला किया है। गुरुवार को भी कई ट्रेनें नहीं चलाई गईं। शुक्रवार व शनिवार को भी अधिकांश ट्रेनें नहीं चलेंगी।

आगे की स्लाइड में पढ़ें पूरा मामला अब तक ...

हाईकोर्ट ने हरियाणा डीजीपी को फटकारा

इससे पहले, गुरुवार को हाईकोर्ट ने हरियाणा और पंजाब के एडवोकेट जनरल तथा पुलिस अधिकारियों से पूछा है, कि 'धारा-144 लागू होने के बाद भी लाखों की भीड़ क्यों एकत्र हुई? कहा, कि राज्य में जमा हो रहे लोगों को तुरंत उनके घर वापस भेजा जाए। साथ ही अधिक फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए।' कोर्ट ने सख्त लहजे में कहा, कि 'हरियाणा के डीजीपी मामले से निपटने में पूरी तरह फेल साबित हो रहे हैं। हाईकोर्ट उन्हें डिसमिस करने का आदेश जारी कर सकता है।'

ये भी पढ़ें ...बाबा राम-रहीम इफेक्ट: हरियाणा जाने वाली 22 ट्रेनें शुक्रवार को रद्द

पेशी की जानकारी ट्विटर पर दी

डेरा प्रमुख ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, कि वे कोर्ट में पेश होंगे। उन्होंने डेरा अनुयायियों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, कोर्ट में पेशी उनकी अपनी जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार उन्हें हवाई मार्ग के जरिए यहां लाने में मदद कर सकती है। पंचकूला में सीबीआई की विशेष अदालत शुक्रवार दोपहर करीब 2.30 बजे फैसला सुना सकती है।

क्या है मामला?

गुमनाम पत्र के माध्यम से एक साध्वी ने डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह राम रहीम पर यौन शोषण सहित कई अन्य संगीन आरोप लगाए थे। यह पत्र तत्कालीन पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को लिखा गया था। साथ ही इसकी प्रति पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को भेजी गई थी। पत्र में आरोप लगाए गए थे कि पीड़िता पंजाब की रहने वाली है और सिरसा के डेरा सच्चा सौदा में 5 साल से एक साध्वी के रूप में रह रही है। आरोप लगाया गया था कि साध्वियों का शोषण किया जा रहा है। अपनी आपबीती भी बताई गई थी, जिसमें डेरामुखी गुरमीत राम रहीम पर यौन शोषण के आरोप लगे थे।

आगे की स्लाइड में पढ़ें ऐसे बढ़ा यह मामला ...

मामला ऐसे आगे बढ़ा

बता दें, यह घटना 1999 की है और पत्र 2001 में लिखा गया। प्राथमिकी 2002 में दर्ज की गई। तब हाईकोर्ट ने पत्र का संज्ञान लेते हुए सितंबर 2002 को मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। सीबीआई ने जांच में उक्त तथ्यों को सही पाया और डेरा प्रमुख के खिलाफ विशेष अदालत के समक्ष 31 जुलाई 2007 में आरोप पत्र दाखिल कर दिया।

गुरमीत राम रहीम सिंह ने किया ट्वीट

इस बीच डेरा प्रमुख बाबा गुरमीत राम रहीम सिंह ने ट्वीट कर जानकारी दी, जिसमें कहा 'हमने सदा कानून का सम्मान किया है। हालांकि, हमारी कमर में दर्द है, फिर भी कानून की पालना करते हुए हम कोर्ट जरूर जाएंगे। सभी शांति बनाए रखें। हमें भगवान पर दृढ़ भरोसा है।'



aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story