×

UP में बाढ़: टूटने को है बलिया का रिंग बांध, वाराणसी में राहत सामग्री लूटी

By
Published on: 26 Aug 2016 3:46 AM IST
UP में बाढ़: टूटने को है बलिया का रिंग बांध, वाराणसी में राहत सामग्री लूटी
X

लखनऊः यूपी में कहर बरपा रही नदियों से लाखों लोग संकट में हैं। गुरुवार को बलिया में दुबे छपरा रिंग बांध टूटने के कगार पर पहुंच गया। देर रात खबर लिखे जाने तक बलिया के इस महत्वपूर्ण बांध का सिर्फ एक फुट हिस्सा बचा था। बाकी कटान में बह गया था। हालात देखते हुए पुलिस ने रिंग बांध के आसपास की आबादी को हटाना शुरू कर दिया था। इसके साथ ही एनएच-31 पर आवागमन भी बंद हो गया था।

वाराणसी में लूटी राहत सामग्री

वाराणसी में बाढ़ग्रस्त इलाकों में लोगों तक राहत नहीं पहुंच पा रही है। इससे उनके सब्र का बांध भी टूट रहा है। गुरुवार दोपहर को लंका इलाके में राहत और बचाव सामग्री लेकर एनडीआरएफ की टीम पहुंची। लोगों ने इस टीम पर पथराव किया। तीन जवानों की पिटाई की और उनकी नाव क्षतिग्रस्त कर दी। इसके बाद सारी राहत सामग्री यहां लूट ली गई।

क्या है बाढ़ का हाल?

गाजीपुर में गंगा का स्तर फिर बढ़ने लगा है। यहां के 300 से ज्यादा गांव बाढ़ में डूबे हैं। मीरजापुर में गंगा का स्तर कम हुआ, लेकिन कटान से लोग परेशान हैं। चंदौली में भी गंगा और यमुना का पानी घटने की सूचना है। भदोही में आधा दर्जन से ज्यादा गांव पानी से घिरे हैं।

वाराणसी-इलाहाबाद का हाल

वाराणसी और इलाहाबाद में बाढ़ से 10 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। इलाहाबाद में प्रभावितों को एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। वाराणसी में गंगा का स्तर फिलहाल स्थिर है। इसके बावजूद शहर के कई इलाके और तमाम गांव बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं, केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने आरोप लगाया है कि चंदौली में जिला प्रशासन बाढ़ पीड़ितों तक राहत नहीं पहुंचा रहा है।



Next Story