×

Interview : सक्रिय राजनीति में पहली बार आयी हूं लेकिन राजनीतिक समझ है : पूनम सिन्हा

 गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह के खिलाफ प्रदेश की प्रतिष्ठित लखनऊ लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में सपा-बसपा व रालोद गठबंधन प्रत्याशी के तौर पर उतरी पूनम सिन्हा का संबंध ग्लैमर की दुनिया बॉलीवुड से रहा है।

seema
Published on: 3 May 2019 7:10 AM GMT
Interview : सक्रिय राजनीति में पहली बार आयी हूं लेकिन राजनीतिक समझ है : पूनम सिन्हा
X
Interview : सक्रिय राजनीति में पहली बार आयी हूं लेकिन राजनीतिक समझ है : पूनम सिन्हा

लखनऊ: गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह के खिलाफ प्रदेश की प्रतिष्ठित लखनऊ लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में सपा-बसपा व रालोद गठबंधन प्रत्याशी के तौर पर उतरी पूनम सिन्हा का संबंध ग्लैमर की दुनिया बॉलीवुड से रहा है। उनके पति शत्रुघ्र सिन्हा एक नामचीन अभिनेता और सांसद हैं तो बेटी सोनाक्षी सिन्हा बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री हैं। अपना भारत के लिए मनीष श्रीवास्तव ने पूनम सिन्हा से विशेष बातचीत की। पेश है उस बातचीत के प्रमुख अंश

आप पहली बार राजनीति में आयी हैं। कैसा लग रहा है?

- हां, सक्रिय राजनीति में पहली बार आयी हूं लेकिन राजनीति तो काफी समय से देख भी रही हूं और समझ भी रही हूं। शत्रुघ्र जी के हर चुनाव में मैं उनका पूरा साथ देती रही हूं।

इस बार क्या आप शत्रुघ्र जी को समर्थन करने पटना जाएगी?

- हां, क्यों नहीं। मैं जरूर जाउंगी। थोड़ा बहुत, जितना भी मदद कर पाऊंगी, करूंगी।

आप लखनऊ में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रही है और आपके पति पटना में कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे हैं।

- दरअसल, बिहार में गठबंधन चुनाव नहीं लड़ रहा है, वरना शत्रुघ्र जी भी वहां गठबंधन से ही चुनाव लड़ते और एक बात यह भी है कि शत्रुघ्र जी पटना साहिब से ही चुनाव लडऩा चाहते थे और वह सीट कांग्रेस के खाते में थी।

लखनऊ में चुनाव प्रचार करते हुए आपको कई दिन हो गए लेकिन अभी तक आपकी बेटी सोनाक्षी प्रचार करने नहीं आयीं, क्या वह ज्यादा व्यस्त हैं?

- जी हां, सोनाक्षी इस समय 'दबंग-3' की शूटिंग में व्यस्त है लेकिन वह मेरे प्रचार के लिए आ रही है।

आपका मुकाबला मौजूदा सांसद राजनाथ सिंह से है, आप अपनी जीत को लेकर कितना आश्वस्त हैं?

- राजनाथ जी बड़े नेता हैं लेकिन कोई भी नेता अपने काम से जाना जाता है। यहां प्रचार करते हुए मुझे लगा कि लखनऊ को नजरअंदाज किया गया है। शायद, राजनाथ जी ने अपने गृह मंत्रालय पर ज्यादा ध्यान दिया। लखनऊ को उनसे जिस विकास की उम्मीद थी, वह बिल्कुल भी नहीं हुआ। लखनऊ में जितना काम अखिलेश जी और मायावती जी ने किया है, उतना काम राजनाथ जी नहीं कर पाए है।

कांग्रेस के बारे में आपका क्या विचार है?

- मैं अपने लखनऊ के कांग्रेस प्रतिद्वंदी को नमस्कार करती हूं, बस।

लखनऊ, आपको कैसा लगा ?

- लखनऊ, मेरे लिए नया नहीं है। यहां से मेरा पुराना नाता हैं। लखनऊ में मेरे कई दोस्त रहते हैं, इसके अलावा विभाजन के समय मेरे कई रिश्तेदार भी यहां बस गए थे। उन सबसे मिलने हम लखनऊ आते-जाते रहते हैं। कई शहरों में आना-जाना होता है लेकिन लखनऊ खास है।

लखनऊ से इससे पहले भी कई फिल्मी सितारे चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन सफलता किसी को नहीं मिली?

- हो सकता है कि इस परंपरा को मैं ही तोड़ दंू। मैं मेहनत कर रही हूं और अपनी बात लोगों के सामने रख रही हूं। थोड़ा देर से आयी हूं लेकिन काफी काम पूरा कर लिया है।

अगर आप यहां से सांसद चुनी जाती है तो सबसे प्राथमिकता पर क्या काम करना चाहेंगी ?

- महिलाओं की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं देता है। मैं लखनऊ ही नहीं पूरे देश के लिए महिला समस्याओं पर काम करूंगी। प्रदूषण बहुत बढ़ रहा है, इसके लिए पर्यावरण पर काम करूंगी। यहां यातयात की बहुत समस्या है उसका समाधान खोजना होगा। कानून-व्यवस्था चौपट है, उसमें बहुत सुधार की जरूरत है।

seema

seema

सीमा शर्मा लगभग ०६ वर्षों से डिजाइनिंग वर्क कर रही हैं। प्रिटिंग प्रेस में २ वर्ष का अनुभव। 'निष्पक्ष प्रतिदिनÓ हिन्दी दैनिक में दो साल पेज मेकिंग का कार्य किया। श्रीटाइम्स में साप्ताहिक मैगजीन में डिजाइन के पद पर दो साल तक कार्य किया। इसके अलावा जॉब वर्क का अनुभव है।

Next Story