×

फैजाबाद सांसद का रिपोर्ट कार्ड: कोई पास बता रहा तो कोई फेल

raghvendra
Published on: 29 March 2019 12:06 PM GMT
फैजाबाद सांसद का रिपोर्ट कार्ड: कोई पास बता रहा तो कोई फेल
X

नाथबख्श सिंह

अयोध्या: देश की राजनीति का केन्द्रबिन्दु माने जाने वाले इस क्षेत्र में पिछली बार भाजपा के लल्लू सिंह ने बाजी मारी थी। राम मंदिर आंदोलन के कारण इसे काफी हॉट सीट माना जाता है और खासकर भाजपा इस सीट को किसी भी सूरत में नहीं खोना चाहती। वैसे भाजपा ने अभी तक इस सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं घोषित किया है। सांसद लल्लू सिंह क्षेत्र के विकास का दावा करते हैं। उनका कहना है कि वे क्षेत्र की समस्याओं को लेकर हमेशा मुखर रहे हैं। साथ ही वे अपने संसदीय क्षेत्र में तमाम परियोजनाओं का लाने का दावा करते हैं। वैसे उनका यह भी कहना है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद विकास के कामों ने गति पकड़ी है क्योंकि पूर्व की सपा सरकार यहां के विकास में दिलचस्पी नहीं ले रही थी। वैसे लोगों की राय के आधार पर मूल्यांकन किया जाए तो कोई उन्हें पास बता रहा है तो कोई फेल।

फैजाबाद के सांसद लल्लू सिंह क्षेत्र का दावा है कि वे सबका साथ-सबका विकास के नारे के साथ सबको जोड़़क़र चलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने तीदौली व अंजना गांंव को गोद लिया गया है जिसके विकास के लिए हर संभव प्रयास किया गया है। वे प्रमुख रूप से हाई मास्ट सोलर, प्रधानमंत्री आवास, खाद के लिए विशेष प्रशिक्षण, पेयजल व्यवस्था, सडक़ निर्माण, विद्युतीकरण वडाकघर की स्थापना का जिक्र करते हैं। वैसे अंजना ग्राम के निवासी राम प्रसाद का कहना है कि गांव मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही है और विकास कार्यों की प्रगति धीमी है जिसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से भी की है।

सांसद के दावे

सांसद लल्लू सिंह ने पिछले पांच साल में क्षेत्र में चौतरफा विकास का दावा किया है। उनका कहना है कि सरकार की हर योजना क्षेत्र में प्रमुखता से लागू हुई है। रेल विभाग में दो दर्जन परियोजनाओं, राष्ट्रीय राजमार्ग में एक दर्जन परियोजनाओं, चिकित्सा, शिक्षा, बिजली व पर्यटन क्षेत्र में दो दर्जन परियोजनाओं के तहत क्षेत्र का विकास किया गया है। सांसद अयोध्या और फैजाबाद के विकास व अन्य मामलों को लेकर लोकसभा में 118 बार आवाज उठा चुके हैं। सासंद अपने कामों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कैंप निर्माण की परियोजना, फैजाबादमें क्षेत्रीय पासपोर्ट केंद्र की स्थापना, 189 करोड़ से मेडिकल कॉलेज की स्थापना, अयोध्या में तुलसीदास शोध संस्थान की स्थापना व अयोध्या में भूमिगत केबिलका जिक्र करते हैं।

उनका कहना है कि इच्छा के अनुरूप अभी भी संसदीय क्षेत्र का विकास नहींं हो पायाहै। अगले चुनाव में जनता ने मौका दिया तो उस कमी को पूरा करूंगा। सूबे में भाजपा सरकार बनने के बाद अयोध्या सहित पूरे जिले के विकास में गति आई है। उन्होंने कहा कि तमाम परियोजनाओं पर काम चल रहा है। चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य की शुरुआत हुई है। फैजाबाद संसदीय सीट पर पिछले चुनाव में 10 लाख 22 हजार 716 मतदाताओं ने वोट डाले थे जिसमें लल्लूूू सिंह ने 4 लाख 91 हजार 761 मत पाकर दो लाख 82 हजार 775 वोट से जीत दर्ज कराई थी। इस सीट से अभी तक कांग्रेस ने पूर्व सांसद निर्मल खत्री को प्रत्याशी घोषित किया है। दूसरे किसी भी दल ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

लोगों की राय

सेवानिवृत्त बैंक कर्मी सुभाष श्रीवास्तव का मानना है कि सांसद ने क्षेत्र का विकास किया है और संसद में समस्याओं को उठायाा है। वे सांसद निधि के कार्य से संतुष्ट हैं। उनका कहना है कि मैं लल्लू सिंह को दोबारा सांसद बनाना चाहता हूं। वे सांसद को नौ नंबर देते हैं।

प्रदीप कुमार सांसद के कार्यों से संतुष्ट नहीं हैं। उन्हें सांसद के विकास कार्यों की जानकारी भी नहीं है। वे कहते हैं कि सांसद ने क्षेत्र की समस्याएं संसद में नहीं उठाईं। गोद लिए गांव में विकास कार्यों से भी वे संतुष्ट नहीं।

जयप्रकाश गुप्ता का मानना है कि सांसद ने क्षेत्र का विकास किया है मगर उन्होंने संसद मेंं सही ढंग से समस्याओं को नहीं उठाया। सांसद द्वारा गोद लिए गांव के विकास से संतुष्ट नहीं। उनका आरोप है कि सांसद निधि से कुछ लोग लाभ ले रहे हैं। वे सांसद को छह नंबर दे रहे हैं।

मोहम्मद मुर्शीद का कहना है कि सांसद ने कुछ भी काम नहीं किया। जो विकास हुआ वह ऊपर से आया है। उन्होंने संसद में क्षेत्र की समस्याएं नहीं उठाईं। वे सांसद द्वारा गोद लिए गांंव के विकास से संतुष्ट नहीं है। वे क्षेत्र मेंं सांसद की उपस्थिति से भी संतुष्ट नहीं हैं। वे सांसद को चार नंबर देते हैं।

बीकापुर विधानसभा निवासी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि सांसद ने काफी काम किया। क्षेत्र की समस्याएं संसद में उठाने के साथ ही गोद लिए गांव का विकास और सांसद निधि का बेहतर इस्तेमाल किया है। वे उन्हें दोबारा सांसद बनाना चाहते हैं और दस नंबर देते हैं।

सोहावल ब्लाक के व्यवसायी एसके जायसवाल का मानना है कि क्षेत्र का विकास नहीं हुआ। उन्हें भी सांसद की गतिविधियों की जानकारी नहीं है। वे सांसद को छह नंबर देते हैं।

सुनील कुमार का कहना है कि क्षेत्र में विकास हुआ है।वे संसद में जन समस्याओंं को उठाने, गोद लिए गए गांव के विकास, सांसद निधि के इस्तेमाल व क्षेत्र में सांसद की उपस्थिति से संतुष्ट नहीं हैं। वे सांसद को तीन नंबर देते हैं।

सुरेंद्र सिंह कहते हैं कि सांसद ने क्षेत्र का विकास किया है। वैसे उन्हें सांसद की गतिविधियों की ज्यादा जानकारी नहीं है। वे सांसद निधि के इस्तेमाल व क्षेत्र में सांंसद की उपस्थिति से संतुष्ट हैं और सांसद को आठ नंबर दे रहे हैं।

मुन्ना सिंह का मानना है कि सांसद ने क्षेत्र का विकास किया है। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को संसद में उठाया। क्षेत्र में सांसद की उपस्थिति व समस्याओं को सुलझाने में उनकी दिलचस्पी ठीक है। वे दोबारा प्रत्याशी हुए तो जरूर जीतेंगे।

मिल्कीपुुुुर विधानसभा के धनीराम मौर्य का कहना है कि क्षेत्र में विकास के काम दिख रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का निराकरण किया है। वे दोबारा चुनाव लड़ेंगे तो जिताया जाएगा। वे सांसद को आठ नंबर देते हैं।

कुमारी नेहा सिंह भी कहती है कि क्षेत्र में विकास के काम हुए हैं। वे सांसद निधि के इस्तेमाल, उपस्थिति वजनसमस्या सुलझाने से संतुष्ट हैं। वे सांसद को आठ नंबर देती हैं।

raghvendra

raghvendra

राघवेंद्र प्रसाद मिश्र जो पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद एक छोटे से संस्थान से अपने कॅरियर की शुरुआत की और बाद में रायपुर से प्रकाशित दैनिक हरिभूमि व भाष्कर जैसे अखबारों में काम करने का मौका मिला। राघवेंद्र को रिपोर्टिंग व एडिटिंग का 10 साल का अनुभव है। इस दौरान इनकी कई स्टोरी व लेख छोटे बड़े अखबार व पोर्टलों में छपी, जिसकी काफी चर्चा भी हुई।

Next Story