सपा ने आजमगढ़ में बूथ कैप्चरिंग की जताई आशंका, चुनाव आयोग से की शिकायत

समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने आरोप लगाया है कि आजमगढ़ में सत्ताधारी पार्टी ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर बूथ कैप्चरिंग की तैयारी की है।

Aditya Mishra
Published on: 11 May 2019 1:50 PM GMT
सपा ने आजमगढ़ में बूथ कैप्चरिंग की जताई आशंका, चुनाव आयोग से की शिकायत
X
राजेन्द्र चौधरी की फ़ाइल फोटो

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने आरोप लगाया है कि आजमगढ़ में सत्ताधारी पार्टी ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर बूथ कैप्चरिंग की तैयारी की है।

सपा कार्यकर्त्ताओं पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर फंसाया जा रहा है। चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को निर्वाचन आयोग से ज्ञापन के जरिए इसकी शिकायत की है।

मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि सपा को आशंका है कि सत्ताधारी दल भाजपा जिला प्रशासन की मदद से बूथों पर कब्जा करके अखिलेश यादव को आजमगढ़ से चुनाव हराने के प्रयास में है।

ये भी पढ़ें...सपा-बसपा गठबंधन भाजपा और कांग्रेस के लिए चुनौती: अखिलेश

पार्टी ने आरोप लगाया है कि जिला प्रशासन सपा के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें चुनाव में प्रचार करने नहीं दे रहा है। सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच चरणों के मतदान के दौरान कई जगहों पर सत्ताधारी दल ने बूथों पर कब्जा किया है। जिसमें जिला प्रशासन ने उसका सहयोग किया है। आजमगढ़ में भी जिला प्रशासन बूथों पर कब्जा करने की सत्ताधारी दल की कोशिश को समर्थन देने में जुटा हुआ है।

सपा ने मतदान केंद्रों पर अव्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। चौधरी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है कि मतदाताओं को छांव दिया जाए। पीने के लिए पानी की व्यवस्था की जाए। पंखे और बिजली की व्यवस्था की जाए। लेकिन बहुत जगहों पर निर्वाचन आयोग यह करने में असफल रहा है।

बुजुर्ग महिलाएं भी चुनाव में वोट देने के लिए आ रही हैं, लेकिन वह धूप में घंटों खड़े होकर मतदान करने को मजबूर हैं। इसके साथ ही पार्टी ने कहा है कि अखिलेश यादव के क्षेत्र में सपा कार्यकर्ताओं को जिला प्रशासन रेड कार्ड जारी करके उन्हें चुनाव में शामिल नहीं होने दे रहा है। सपा कार्यकर्ता अपने नेता के लिए प्रचार नहीं कर पा रहे हैं।

ये भी पढ़ें...सपा-बसपा में दरार पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं मोदी: मायावती

इससे पहले भी समाजवादी पार्टी ने सभी चरणों में सरकारी तंत्र के दुरुपयोग किए जाने और जिला प्रशासन के सत्ताधारी दल के दबाव में आकर कार्य करने की शिकायत की है।

पार्टी ने कई मामलों में सीधे तौर पर ईवीएम खराबी, बूथ कब्जे जैसे आरोप लगाये, जिसे निर्वाचन आयोग ने जांच में निराधार बताया। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान 12 मई को होगा।

इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटें हैं। इसी चरण में आजमगढ़ भी है। आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं।

ये भी पढ़ें...सपा-बसपा के लोगों पर झूठे केस किए: अखिलेश यादव

Aditya Mishra

Aditya Mishra

Next Story