×

UP: कई जिलों में कहर बरपा रहीं नदियां, इलाहाबाद में घुसा गंगा का पानी

By
Published on: 17 Aug 2016 8:24 PM GMT
UP: कई जिलों में कहर बरपा रहीं नदियां, इलाहाबाद में घुसा गंगा का पानी
X

लखनऊः लगातार हो रही बारिश की वजह से यूपी के कई जिलों में नदियां कहर बरपा रही हैं। सोनभद्र के रिहंद बांध में पानी का स्तर खतरे के निशान से चार फीट कम 866.80 फीट पर पहुंच गया। इसकी वजह से सिंचाई विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के पास के इलाकों में कर्मचारियों को लगातार निगरानी करने के लिए कहा गया है। वहीं, इलाहाबाद शहर में गंगा का पानी घुसने लगा है। बाढ़ की वजह से तमाम गांवों को खतरा है।

इन जिलों में बाढ़ का खतरा

बारिश से उफनाई नदियों की वजह से बांध भी खोलने पड़ रहे हैं। नरौरा बांध से भी पानी छोड़ा गया है। इससे इलाहाबाद में गंगा का स्तर बढ़ गया है। बुधवार शाम फाफामऊ में गंगा का स्तर 83.32 मीटर था। यहां खतरे का निशान 84.73 मीटर पर है। उफनाई गंगा का पानी शहर के दारागंज इलाके के तमाम घरों में घुस गया। गंगा का पानी उन्नाव के शुक्लागंज और कानपुर के कटरी इलाके में भर रहा है। उधर, बहराइच और गोंडा में घाघरा खतरे के निशान से कहीं ऊपर तो कहीं उसके पास है। इसके अलावा यमुना और गर्रा नदियां भी उफान पर हैं।

बुंदेलखंड में भी खतरा

लखीमपुर में उफनाई घाघरा और शारदा नदियां कटान भी कर रही हैं। इससे सौ के करीब गांवों पर बाढ़ का खतरा है। वहीं, बुंदेलखंड में भी स्थानीय नदियां उफान पर हैं। बांदा में केन और चित्रकूट में मंदाकिनी में लगातार पानी का स्तर बढ़ता जा रहा है। चित्रकूट, बांदा और महोबा में बारिश ने भी लोगों को परेशान कर दिया है। इन इलाकों में कई जगह कच्चे घर गिरने की खबर है।

Next Story