TRENDING TAGS :
Odisha: ओडिशा में एक और रूसी नागरिक की रहस्यमय मौत
Odisha: ओडिशा में एक और रूसी नागरिक मृत पाया गया है। एक पखवाड़े में इस तरह की यह तीसरी घटना है।
Mysterious death of another Russian in Odisha (Pic: Social Media)
Odisha: ओडिशा में एक और रूसी नागरिक मृत पाया गया है। एक पखवाड़े में इस तरह की यह तीसरी घटना है। पुलिस ने कहा है कि मिलाकोव सर्गेई नामक एक रूसी नागरिक को जगतसिंहपुर जिले के पारादीप बंदरगाह पर लंगर डाले जहाज में सुबह साढ़े चार बजे मृत पाया गया। 51 वर्षीय मिलाकोव सर्गेई जहाज एम.बी. अलदना के मुख्य अभियंता थे। यह जहाज पारादीप के रास्ते बांग्लादेश के चटगाँव बंदरगाह से मुंबई जा रहा था। सुबह करीब 4.30 बजे मिलाकोव सर्गेई को जहाज के चेंबर में मृत पाया गया। पुलिस फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं लगा सकी है। पारादीप पोर्ट ट्रस्ट के अध्यक्ष पी.एल. हरानंद ने बताया है कि रूसी इंजीनियर की मौत के मामले की जांच की जा रही है।
होटल में हुई थी दो मौतें
इसके पहले दिसंबर में दक्षिणी ओडिशा के रायगड़ा शहर में एक सांसद सहित दो रूसी पर्यटक रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। रूस के सांसद पावेल एंटोव (65) की 24 दिसंबर को कथित तौर पर एक होटल की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी, जबकि उनके दोस्त व्लादिमीर बिडेनोव (61) 22 दिसंबर को अपने कमरे में मृत पाए गए थे। दोनों मामलों की जांच ओडिशा पुलिस द्वारा की जा रही है।
हड्डियों की फोरेंसिक जांच
ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने रायगड़ा जिले के उस होटल के कर्मचारियों से पूछताछ की है जहां दो रूसी नागरिक मृत पाए गए थे। पुलिस ने मृतक व्लादिमीर बिडेनोव और पावेल एंटोव की हड्डियों को जब्त कर लिया है और उन्हें फोरेंसिक प्रयोगशाला में भेजा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट
एंटोव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उनकी मौत एक्सीडेंटल थी और शरीर में कई अंदरूनी चोटें थीं और ज्यादा खून बह जाने की वजह से उनकी मौत हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार बिडेनोव की मृत्यु कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई थी। क्राइम ब्रांच ने जांच पूरी होने तक एक संदिग्ध रूसी जोड़े - पैन सेनको और तुरवो - को नहीं छोड़ने का फैसला किया है। टूर गाइड जितेंद्र सिंह के साथ उनसे 5 दिनों तक पूछताछ की गई है।