×

पीसीसी अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेसियों का जेल भरो आन्दोलन, सैकड़ों कार्यकर्ता गिरफ्तार

Aditya Mishra
Published on: 25 Sep 2018 8:56 AM GMT
पीसीसी अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेसियों का जेल भरो आन्दोलन, सैकड़ों कार्यकर्ता गिरफ्तार
X

रायपुर: अश्लील सीडी कांड में फंसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के बाद से पूरे राज्य में हालात बिगड़ते ही जा रहे है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में जेल भरो आंदोलन शुरू कर दिया हैं। पूरे राज्य में सोमवार की रात से ही गिरफ्तारियों का दौर चल रहा है। राजधानी रायपुर से अब तक सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।

बिलासपुर में प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री अटल गिरफ्तार

सरगुजा से रायपुर आते समय कांग्रेस के विधायक वृहस्पति सिंह और डॉ. प्रीतम राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रदेश कांग्रेस की संयुक्त महासचिव मंजू सिंह अकलतरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर ली गई है। बिलासपुर में प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री अटल श्रीवास्तव और सैकड़ों कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मुंगेली, भाटापारा, बलोदा बाजार, चारामा, बालोद, पलारी, कसडोल, सिमगा, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, दुर्ग, पाटन से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की खबरें सामने आई है।

ट्रेनों और बसों की हो रही गहन तलाशी

रायपुर आने वाली ट्रेनों और बसों में पुलिस तलाशी अभियान चला रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार किया जा रहा है। भाटापारा में 500 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार किए गए। तिल्दा से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकताओं को गिरफ्तार किया गया है। जशपुर से रायपुर आने की कोशिश कर रहे पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामपुकार सिंह सहित अन्य कांग्रेसी पथलगांव में गिरफ्तार किए गए।

बस्तर से भी बड़ी संख्या में कांग्रेसी गिरफ्तार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में जेल भरो आंदोलन के तहत राजधानी रायपुर के लिए रवाना हुए कांग्रेसियों को बस्तर थाना में गिरफ्तार कर रखा गया है। यह सभी सुबह रवाना हुए थे। सात बजे के करीब वाहनों को रोक कर इन्हें हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार नेताओं में बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल,प्रदेश सचिव दीपक कर्मा, ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजमन बेंजाम, उमाशंकर शुक्ल, ईश्वर खम्बारी, शांति सलाम, प्रदेश सचिव कविता साहू, फते सिंह परिहार, नगर पंचायत अध्यक्ष शंकर बघेल, अंकित पारख एवं अन्य शामिल हैं।

प्रशासन ने गीदम में की नाकेबंदी

रायपुर जाने से कांग्रेसियों को रोकने के लिए प्रशासन ने गीदम में नाकेबंदी कर रखी है। सुबह जिला अध्यक्ष विमल सुराना को करीब आधे घण्टे तक गीदम में रोका गया था। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। नगर पालिका अध्यक्ष दीपक कर्मा को बस्तर थाने में रोका गया है। धमतरी से पीसीसी सचिव आनंद पवार, रेहान विरानी समेत अन्य कांग्रेसियों को भी पुलिस ने कस्टडी में लिया है।

ये भी पढ़ें...CD कांड: छत्तीसगढ़ पुलिस ने पत्रकार विनोद वर्मा को किया गिरफ्तार

Aditya Mishra

Aditya Mishra

Next Story